लाइव टीवी

Bhopal: वैलेंटाइन डे के दिन हुक्का लाउंज, रेस्तरां में तोड़फोड़, 17 लोग गिरफ्तार

Updated Feb 15, 2021 | 21:46 IST | भाषा

श्यामला पुलिस थाने के प्रभारी इंस्पेक्टर तरूण भाटी ने बताया, 'थाना क्षेत्र के एक हुक्का लाउंज में तोड़फोड़ करने के मामले में सुरेन्द्रनाथ सिंह एवं छह अन्य लोगों को गिरफ्तार किया गया है।'

Loading ...
तोड़-फोड़ करने वालों ने नारेबाजी भी की

भोपाल: मध्य प्रदेश की राजधानी भोपाल में रविवार को ‘वैलेंटाइन डे’ के विरोध में कुछ संगठनों ने शहर के एक हुक्का लाउंज एवं एक रेस्तरां में तोड़फोड़ की। इस मामले में भोपाल मध्य विधानसभा सीट से भाजपा के विधायक रह चुके सुरेन्द्रनाथ सिंह सहित 17 लोगों को गिरफ्तार किया गया है। यह जानकारी पुलिस ने दी है। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि भगवा झंडा लिए हुए ये लोग भगवा गमछा पहने हुए थे और ‘जय श्रीराम’ के नारे लगा रहे थे।

श्यामला पुलिस थाने के प्रभारी इंस्पेक्टर तरूण भाटी ने बताया, 'थाना क्षेत्र के एक हुक्का लाउंज में तोड़फोड़ करने के मामले में सुरेन्द्रनाथ सिंह एवं छह अन्य लोगों को गिरफ्तार किया गया है।' वहीं, हबीबगंज पुलिस थाना प्रभारी राकेश श्रीवास्तव ने बताया, 'शिव सैनिकों ने शहर के हबीबगंज पुलिस थाना इलाके के एक रेस्टोरेंट में तोड़फोड़ की और इस मामले में 10 लोगों को गिरफ्तार किया गया है।'

‘संस्कृति बचाओ मंच’ का नेतृत्व कर रहे पूर्व भाजपा विधायक सुरेन्द्रनाथ सिंह ने गिरफ्तारी से पहले संवाददाताओं से कहा, 'हुक्का लाउंज में नौजवानों को नशे का आदी बनाया जा रहा है और उन्हें ब्लैकमेल किया जा रहा है। इसके अलावा, इन हुक्का लाउंज के कारण युवा लव जिहाद का शिकार भी हो रहे हैं। इसलिए हम अपने समाज की रक्षा करेंगे और आज ‘वैलेंटाइन डे’ से ही इन हुक्का लाउंज को बंद करने की मांग को लेकर प्रदर्शन कर रहे हैं। सिंह ने कहा कि हम भोपाल में हुक्का लाउंज नहीं चलने देंगे।

वहीं, ‘संस्कृति बचाओ मंच के अध्यक्ष चंद्रशेखर तिवारी ने कहा, 'हम ‘वैलेंटाइन डे’ का विरोध करते हैं और किसी भी होटल, रेस्टोरेंट या हुक्का लाउंज में अगर अश्लीलता फैलाई गई तो संस्कृति बचाओ मंच उसे कतई बर्दाश्त नहीं करेगा।'

Bhopal News in Hindi (भोपाल समाचार), Times now के हिंदी न्यूज़ वेबसाइट -Times Now Navbharatपर। साथ ही और भी Hindi News (हिंदी समाचार) से अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें।