लाइव टीवी

Chandigarh News: चंडीगढ़ वालों पर 'डबल अटैक', बाहर गर्मी झुलसा रही, घर में बिजली रुला रही

Updated Apr 29, 2022 | 15:13 IST

Chandigarh News: चंडीगढ़ के लोगों को इस समय डबल अटैक का सामना करना पड़ रहा है। बाहर जहां भीषण गर्मी पड़ रही है। वहीं घर से बिजली गुल है। शहर का तापमान लगातार बढ़ रहा है। मौसम विभाग के अनुसार आने वाले दिनों में गर्मी के कई नए रिकार्ड बन सकते हैं।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspBCCL
चंडीगढ़ में भीषण गर्मी और बिजली कटौती से परेशान लोग
मुख्य बातें
  • चंडीगढ़ में आसमान से इस समय बरस रही है आग
  • 43 डिग्री तापमान के साथ चल रही 35 किमी के रफ्तार से गर्म हवा
  • शहर के कई एरिया में लग रहे 8 से 10 घंटे लंबी बिजली कट

Chandigarh News:  चंडीगढ़ वासियों पर इन दिनों गर्मी का डबल अटैक हो रहा है। घर के बाहर जहां 43 डिग्री तापमान के साथ चल रही लू झुलसा रही है, वहीं घर के अंदर बिजली के लंबे कट रुला रहे हैं। लोग इस समय भगवान और प्रशासन दोनों से हाथ खड़े कर राहत देने की गुहार लगा रहे हैं। अगर हालात नहीं सुधरे तो आने वाले मई-जून तक भीषण गर्मी में इसके और भी बुरे नतीजे भुगतने पड़ सकते हैं।

इस समय शहर का तापमान लगातार बढ़ रहा है, जिसके साथ बिजली की डिमांड भी। इस समस्‍या से छुटकारा पाने के लिए बिजली महकमा लगातार अघोषित शटडाउन ले रहा है। शहर के कई एरिया में लगातार तीन से चार घंटे के लंबे कट लग रहे हैं। कई इलाकों में तो यह 8 से 10 घंटे तक ये कटौती हो रही है। जिसकी वजह से लोगों के घर में पॉवर बैकअप के लिए लगे इन्वर्टर भी ठप पड़ जा रहे।  

जानें, शहर का मौसम

चंडीगढ़ में इस समय आसमान से आग बरस रही है। वीरवार को यहां पर अधिकतम तापमान 42.2 डिग्री दर्ज किया गया। अप्रैल माह के दौरान यह पिछले दस साल में तीसरी बार सबसे अधिक तापमान रहा। वहीं शुक्रवार को सुबह से ही मौसम ने तीखे तेवर दिखाने शुरू कर दिए। सुबह 11 बजे ही तापमान 40 डिग्री के पार गया। दिन चढ़ने के साथ अभी तापमान और बढ़ेगा। मौसम विभाग की मानें तो शुक्रवार को शहर के तापमान में और भी बढ़ोतरी होगी और 35 किलोमीटर की रफ्तार से चलने वाली गर्म हवाएं लोगों को झुलसाएंगी। शहर में गर्मी के प्रकोप का अंदाजा इस बात से लगाया जा सकता है कि दोपहर होते ही सड़कें सूनी हो जाती हैं।

बिजली कटौती ने किया जीना दुश्वार

शहर में बिजली कटौती ने अब लोगों का जीना दुश्वार कर दिया है। लोग बिजली कटौती का विरोध करने लगे हैं। वीरवार को लाइट न होने के कारण लोगों ने पॉवर हाउस पर विरोध भी किया, लेकिन तब भी हालात में कोई सुधार नहीं हुआ। बिजली विभाग का कहना है कि कोयले की कमी व गर्मी में लोड अधिक होने की वजह से सप्लाई देने में दिक्कत आ रही है। लोगों को अभी इसी तरह की समस्‍या का सामना करना पड़ेगा।