लाइव टीवी

Arvind Kejriwal : आज से 'मिशन पंजाब' पर अरविंद केजरीवाल, मोगा में कर सकते हैं बड़ी घोषणाएं 

Updated Nov 22, 2021 | 06:58 IST

Punjab Assembly Elections 2022 : दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सोमवार से दो दिन के दौरे पर पंजाब में रहेंग। पंजाब में उनके कई कार्यक्रम है। इस दौरान वह कई बड़ी घोषणाएं कर सकते हैं। केजरीवाल आज मोगा में कार्यक्रम करेंगे।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspANI
पंजाब में बड़ी घोषणाएं कर सकते हैं अरविंद केजरीवाल।
मुख्य बातें
  • पंजाब में अगले साल की शुरुआत में होंगे विधानसभा चुनाव, मुख्य विपक्षी पार्टी है AAP
  • इस बार बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद कर रही है AAP, बड़ी घोषणाएं कर सकते हैं केजरीवाल
  • पंजाब में इस बार, कांग्रेस, AAP, शिअद, भाजपा के बीच देखने को मिलेगा चुनावी मुकाबला

चंडीगढ़ : विधानसभा चुनावों का समय नजदीक आता देख आम आदमी पार्टी (AAP) ने अपने 'मिशन पंजाब' को आगे बढ़ाना शुरू कर दिया है। दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल सोमवार से दो दिनों के दौरे पर राज्य में रहेंगे। अपनी यात्रा के पहले दिन वह मोगा में रहेंगे। इसके अगले दिन वह अमृतसर जाएंगे। समझा जाता है कि केजरीवाल चुनावों में लोगों को अपनी तरफ रिझाने के लिए कुछ बड़ी घोषणाएं कर सकते हैं। अगले महीने दिसंबर में राज्य में दिल्ली के सीएम के कई कार्यक्रम होने हैं। 

राजनीतिक रूप से अहम है मोगा

आप के पंजाब अध्यक्ष एवं लोकसभा सांसद भगवंत मान ने रविवार को बताया कि अपने दो दिनों के दौरे के दौरान केजरीवाल मोगा में सोमवार को पार्टी के कार्यक्रम के दौरान कुछ बड़ी घोषणाएं करेंगे। चुनाव के लिहाज से मोगा को महत्वपूर्ण माना जाता है। पिछले विधानसभा चुनाव के दौरान केजरीवाल ने मोगा में एक राजनीतिक रैली की और अपने घोषणापत्र को जारी किया। चुनावों के दौरान शिअद, कांग्रेस ने यहां पर बड़ी रैली की। कांग्रेस के हरजोत कमल सिंह मोगा से विधायक हैं। 

लुधियाना बैठक में शरीक हो सकते हैं केजरीवाल

आम आदमी पार्टी लुधियान में बैठक करने वाली है। केजरीवाल के इस बैठक में शामिल होने की संभावना है। यहां मंगलवार को कांग्रेस भी बैठक करने वाली है। यहां कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष नवजोत सिंह सिद्धू और मुख्यमंत्री चरणजीत सिंह चन्नी पार्टी कार्यकर्ताओं को संबोधित करेंगे। पंजाब में आप मुख्य विपक्षी पार्टी है। इस बार के चुनाव में वह पिछली बार से ज्यादा बेहतर प्रदर्शन की उम्मीद कर रही है।

मोगा सीट से चुनाव लड़ेंगी सोनू सूद की बहन

इससे पहले रविवार को पंजाब के पूर्व मुख्यमंत्री कैप्टन अमरिंदर सिंह ने कहा कि वह पटियाला विधानसभा सीट से चुनाव लड़ेंगे। कैप्टन ने अपने फेसबुक पोस्ट में कहा, 'मैं पटियाला से चुनाव लड़ूंगा पटियाला हमारे साथ 400 वर्षों से है। मैं सिद्धू के लिए इस सीट को नहीं छोड़ने जा रहा।' अभिनेता सोनू सूद ने हाल ही में कहा है कि उनकी बहन मालविका सूद मोगा सीट से चुनाव लड़ेंगी। हालांकि, उन्होंने यह नहीं बताया कि वह किस पार्टी से चुनाव लड़ेंगी। हालांकि, सोनू सूद की करीबी आप से है। वह दिल्ली सरकार के कार्यक्रम 'देश के मेंटर्स' के ब्रांड एंबेसडर भी हैं।