लाइव टीवी

तलाक के बाद इन 10 बॉलीवुड एक्टर्स को मिला 'प्यार', किसी ने की दूसरी शादी तो कोई कर रहा है डेट

Updated Feb 17, 2021 | 07:34 IST

बॉलीवुड में ऐसे एक्टर्स हैं जिनकी पहली शादी टूट गई और तलाक के बाद उन्हें प्यार मिला। इस लिस्ट में कई नामी सेलेब्स का नाम शामिल है। जानें इनके बारे में।

Loading ...
Bollywood Couple Who Found Love After Divorce
मुख्य बातें
  • कई बॉलीवुड एक्टर्स को तलाक के बाद मिला अपना 'प्यार'।
  • कई बॉलीवुड एक्टर्स ने की हैं दो शादियां तो कुछ हैं रिलेशनशिप में।
  • जानें इस लिस्ट में कौन से सेलेब्स हैं शामिल।

बॉलीवुड सेलेब्स अपनी प्रोफेशनल लाइफ के साथ- साथ अपनी पर्सनल लाइफ को लेकर भी अक्सर चर्चा में रहते हैं। हाल ही में एक्ट्रेस दीया मिर्जा भी अपनी शादी को लेकर खबरों में बनी रहीं। दरअसल यह दीया की दूसरी शादी है और वो उन सेलेब्स में शामिल हैं जिन्हें तलाक के बाद अपना प्यार मिला।

दीया के अलावा बॉलीवुड में ऐसे कई सेलेब्स हैं जो इस लिस्ट में शामिल हैं। देखें बी- टाउन के वो सेलेब्स जिन्हें पहली शादी के तलाक के बाद फिर से हुआ प्यार। 

दीया मिर्जा

दीया मिर्जा ने 18 अक्टूबर 2014 दिल्ली के छतरपुर में अपने बॉयफ्रेंड और बिजनेस पार्टनर साहिल सांघा से शादी की थी। लेकिन शादी के करीब पांच साल बाद अगस्त 2019 में दोनों अलग हो गए। दीया मिर्जा ने सोशल मीडिया पर यह जानकारी दी थी कि 11 साल साथ रहने के बाद दोनों सहमति से अलग हो रहे हैं। साहिल से अलग होने के बाद 15 फरवरी 2021 को उन्होंने मुंबई के एक बिजनेसमैन वैभव रेखी से शादी कर ली।

मलाइका अरोड़ा

मलाइका अरोड़ा ने साल 1998 में एक्टर अरबाज खान से शादी की थी और 9 नवंबर 2002 को उनके बेटे अरहान खान का जन्म हुआ। लेकिन 28 मार्च 2016 को उन्होंने यह घोषणा की कि वो दोनों अलग हो रहे हैं और 11 मई 2017 को दोनों का तलाक हो गया। अरबाज से अलग होने के बाद से मलाइका एक्टर अर्जुन कपूर को डेट कर रही हैं। साल 2019 में दोनों ने अपने रिश्ते को ऑफिशियल किया था।

 

फरहान अख्तर

फरहान अख्तर ने करीब तीन साल तक डेट करने के बाद साल 2000 में अधुना भवानी से शादी की थी। दोनों की दो बेटियां हैं शाक्या और अकीरा। शादी के 16 साल बाद 21 जनवरी 2016 में अपने अलग होने की जानकारी दी। अधुना से अलग होने के बाद फरहान को वीजे शिबानी दांडेकर से प्यार हो गया और साल 2018 से दोनों रिलेशनशिप में हैं। 

सैफ अली खान

सैफ अली खान ने अक्टूबर 1991 में एक्ट्रेस अमृता सिंह से शादी की थी। इसके बाद दोनों के दो बच्चे भी हुए बेटी सारा अली खान और बेटा इब्राहिम अली खान। लेकिन शादी के 13 साल बाद साल 2004 में दोनों अलग हो गए। अमृता से अलग होने के बाद सैफ को एक्ट्रेस करीना कपूर से प्यार हो गया और 5 साल तक डेट करने के बाद दोनों ने 16 अक्टूबर 2012 को शादी कर ली। 

आमिर खान

आमिर खान ने 18 अप्रैल 1986 को रीना दत्ता से शादी की थी और दोनों के दो बच्चे भी हुए। बेटा जुनैद और बेटी ईरा। लेकिन साल 2002 में दोनों अलग हो गए। रीना से अलह होने के बाद 28 दिसंबर 2005 को उन्होंने किरण राव से शादी कर ली। 

अरबाज खान

अरबाज खान ने साल 1998 में एक्ट्रेस मलाइका अरोड़ा से शादी की थी और दोनों का एक बेटा अरहान खान भी है। लेकिन उनकी शादी लंबे समय तक नहीं टिक सकी और 11 मई 2017 को दोनों का तलाक हो गया। मलाइका से अलग होने के बाद अरबाज को जॉर्जिया एंड्रियानी में प्यार मिला और वो उनके साथ रिलेशनशिप में हैं। 

कल्कि कोचलिन

एक्ट्रेस कल्कि कोचलिन ने साल 2011 में अनुराग कश्यप से शादी की थी लेकिन 13 नवंबर 2013 को ही दोनों ने अपने अलग होने की घोषणा कर दी। अनुराग से अलग होने के बाद कल्कि को प्यार मिला और 30 सितंबर 2019 को उन्होंने यह कंफर्म किया कि वो और उनके बॉयफ्रेंड गाय हर्षबर्ग जल्द ही पेरेंट्स बनने वाले हैं। इसके बाद 7 फरवरी 2020 को कल्कि ने अपनी बेटी सैफो (Sappho) को जन्म दिया। 

अर्जुन रामपाल 

एक्टर अर्जुन रामपाल ने 1998 में मेहर जेसिया से शादी की थी और दोनों की दो बेटियां माहिका और मायरा भी हैं। शादी के 20 साल बाद 28 मई 2018 को दोनों ने अपने अलग होने की घोषणा की। इसके बाद अप्रैल 2019 को अर्जुन ने यह जानकारी दी कि उनकी गर्लफ्रेंड गैब्रिएला डेमेरिट्स प्रेग्नेंट हैं, जिन्होंने जुलाई 2019 में बेटे को जन्म दिया।

 करण सिंह ग्रोवर

एक्टर करण सिंह ग्रोवर ने दो नहीं बल्कि तीन शादियां की हैं। उन्होंने 2 दिसंबर 2008 को एक्ट्रेस श्रद्धा निगम से शादी की लेकिन केवल 10 महीने में ही दोनों का रिश्ता खत्म हो गया। इसके बाद 9 अप्रैल 2012 को उन्होंने एक्ट्रेस जेनिफर विंगेट से शादी की लेकिन 2014 में दोनों अलग हो गए। इसके बाद करण को प्यार हुआ एक्ट्रेस बिपाशा बसु से और 30 अप्रैल 2016 को दोनों शादी के बंधन में बंध गए। 

पुलकित सम्राट

एक्टर पुलकित सम्राट ने 3 नवंबर 2014 को श्वेता रोहिरा से शादी की थी लेकिन नवंबर 2015 में ही दोनों अलग हो गए। श्वेता से अलग होने के बाद पुलकित को एक्ट्रेस कृति खरबंदा में अपना प्यार मिला और साल 2019 से उन्हें डेट कर रहे हैं। 

Times Now Navbharat पर पढ़ें Entertainment News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।