लाइव टीवी

Ajay Devgn Birthday: पहली मुलाकात के समय अलग-अलग लोगों को डेट कर रहे थे अजय-काजोल, ऐसी है लव स्‍टोरी

Updated Apr 02, 2021 | 07:44 IST

Ajay Devgn Birthday: बॉलीवुड सुपरस्‍टार अजय देवगन का आज (2 अप्रैल) जन्‍मदिन है। अजय देवगन का जन्म 2 अप्रैल, 1969 को दिल्ली में हुआ था। वह आज 52 साल के हो गए हैं।

Loading ...
Ajay Devgn and Kajol
मुख्य बातें
  • बॉलीवुड सुपरस्‍टार अजय देवगन का आज (2 अप्रैल) जन्‍मदिन है।
  • अजय देवगन का जन्म 2 अप्रैल, 1969 को दिल्ली में हुआ था।

Ajay Devgn Birthday: बॉलीवुड सुपरस्‍टार अजय देवगन का आज (2 अप्रैल) जन्‍मदिन है। अजय देवगन का जन्म 2 अप्रैल, 1969 को दिल्ली में हुआ था। वह आज 52 साल के हो गए हैं। उनके पिता वीरू देवगन बॉलीवुड के स्टंटमैन थे। 22 नवंबर 1991 को रिलीज की गई फिल्‍म ‘फूल और कांटे’ से अजय ने अपने करियर की शुरुआत की थी। उनकी पहली ही फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट साबित हुई थी। फ‍िल्‍म में उन्‍होंने जबरदस्‍त स्‍टंट किए थे और एक स्‍टंट स्टंट उन्होंने दो मोटरसाइकिलों पर पैर रखकर किया था। इसके बाद वह छा गए थे।

अजय देवगन हर रोल में अपने अभिनय से जान डाल देते हैं। उन्हें अपनी एक्टिंग के लिए अब तक दो बार राष्ट्रीय फिल्म पुरस्कार दिया जा चुका है। कहा जाता है कि अजय देवगन एक्टर नहीं डायरेक्टर बनना चाहते थे। अजय ने डायरेक्टर शेखर कपूर के साथ सहायक निर्देशक के रूप में काम किया है। तभी कुक्कु कोहली ने उन्हें अपनी फिल्म में लीड एक्टर बनने का ऑफर दिया था। बस इसके बाद उनका एक्टिंग सफर शुरू हो गया।

22 नवंबर को अजय देवगन के फिल्म इंडस्ट्री में 30 साल पूरे हो जाएंगे। 1999 में अजय देवगन ने काजोल से शादी कर ली थी। दोनों बॉलीवुड के आदर्श कपल है। दोनों की लवस्‍टोरी के चर्चे खूब होते हैं। दोनों की कहानी वाकई फ‍िल्‍मी है।

अजय-काजोल ने 4 साल तक डेट करने के बाद शादी के बंधन में बंधने का फैसला किया था। हालांकि दोनों ने कभी उस तरह एक दूसरे को प्रपोज नहीं किया। आपको यह जानकर हैरानी होगी कि दोनों के बीच आकर्षण पहली मुलाकात से ही शुरू नहीं हुआ था। जब दोनों पहली बार अपनी फिल्म हलचल के सेट पर मिले तो अजय और काजोल अलग-अलग लोगों को डेट कर रहे थे। वास्तव में, काजोल फिल्म के लिए पहली पसंद भी नहीं थीं। दिव्या भारती के दुखद निधन के बाद ही उन्हें सेट पर अंतिम समय में एंट्री मिली थी! और फिर जो हुआ वह तो सब जानते ही हैं।

ससुर थे नाराज

दोनों को एक-दूसरे से प्यार हुआ और उन्होंने 1999 में शादी करने का फैसला किया। काजोल के शानदार करियर के दौरान शादी करने के फैसले को कई लोगों ने गलत बताया लेकिन एक्ट्रेस ने इसकी परवाह नहीं की। काजोल ने बताया था पिता ने 4 दिनों तक उनसे बात नहीं की थी क्योंकि वह चाहते थे कि वह अपने करियर पर ध्यान दे।  काजोल और अजय के दो बच्चे बेटी निसा देवगन और बेटे युग देवगन हैं।

अपकमिंग फ‍िल्‍म

साल 2020 में 'तानाजी- द अनसंग वॉरियर' की जबरदस्त कामयाबी के बाद से अजय देवगन की अपकमिंग फिल्मों का फैंस को बेसब्री से इंतजार है। अजय की कई फिल्में रिलीज के लिए तैयार हैं और वह कई प्रोजेक्ट की शूटिंग आने वाले महीनों में शुरू करेंगे। अजय देवगन भुज: द प्राइड ऑफ इंडिया, मैदान, मेडे, रेड 2, कैथी और गोलमाल 5 में नजर आएंगे।

Times Now Navbharat पर पढ़ें Entertainment News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।