

- केरल के मुख्यमंत्री ने सुशांत सिंह राजपूत की मौत पर दुख जताया
- मुख्यमंत्री ने बाढ़ के दौरान सुशांत की मदद को याद किया
- सुशांत ने साल 2018 में बाढ़ के वक्त बड़ा दिल दिखाया था
बॉलीवुड एक्टर सुशांत सिंह राजपूत की मौत से हर किसी कोई हैरान है। उन्होंने रविवार को मुंबई में अपने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। उनके निधन के बाद फिल्म इंडस्ट्री से लेकर अलग-अलग क्षेत्रों के लोग शोक मना रहे हैं। सोशल मीडिया पर लोग उनसे जुड़ी यादें शेयर के रहे हैं। केरल के मुख्यमंत्री पिनराई विजयन ने भी सुशांत की मौत पर दुख का इजहार किया है। मुख्यमंत्री ने साथ ही राज्य में साल 2018 में आई बाढ़ के दौरान सुशांत द्वारा की गई मदद को भी याद किया। केरल में तब भयंकर बाढ़ आई थी जिसमें भारी जान-माल का नुकसान हुआ था। बता दें कि सुशांत ने बाढ़ के वक्त बड़ा दिल दिखाते हुए एक करोड़ रुपए दान किए थे।
विजयन ने फेसबुक पोस्ट में लिखा, 'सुशांत सिंह राजपूत की मौत की खबर सुनकर हमें बहुत दुख हुआ। उनकी अकाल मौत भारतीय फिल्म उद्योग के लिए बड़ा नुकसान है। उनके परिवार, दोस्तों और प्रशसंकों के प्रति हमारी संवेदनाएं।' उन्होंने कहा, 'केरल में बाढ़ के दौरान उनके द्वारा की गई मदद को याद करते हुए हम उन्हें अपनी श्रृद्धांजलि देते हैं।' सुशांत ने बाढ़ पीड़ितों की मदद एक फैन के सोशल मीडिया पर कमेंट करने के बाद की थी। एक फैन ने इच्छा जताई थी कि वो बाढ़ प्रभावित लोगों को जरूरी चीजे दान करना चाहता है लेकिन उसके पास पैसे नहीं हैं। इसके बाद सुशांत आगे आए और वादे के मुताबिक दान कर दिया।
केरल में 2018, अगस्त में आई बाढ़ के दौरान एक फैन ने इंस्टाग्राम पर सुशांत को एक कमेंट (टिप्पणी) में टैग किया और कहा कि उसके पास पैसा नहीं है लेकिन वह खाद्य पदार्थ मदद के रूप में देना चाहता है। एक्टर ने यह कमेंट देखा और इसका जवाब देते हुए कहा कि वह उनके नाम पर एक करोड़ रुपए की राशि दान में देंगे। सुशांत ने मुख्यमंत्री आपदा राहत कोष में अपने फैन के नाम पर एक करोड़ रुपए दिया और उसका स्क्रीनशॉट जारी करते हुए ‘ माय केरल’ लिखा था।
केरल के अलावा सुशांत ने नागालैंड में बाढ़ प्रभावित लोगों की मदद की थी। उन्होंने नागालैंड के लिए मुख्यमत्री फंड में 1 करोड़ 25 लाख रुपए की आर्थिक मदद भेजी थी।।