लाइव टीवी

Kuch Kuch Hota Hai 21 Facts: नई टीम को काम समझाते थे शाहरुख खान, जावेद अख्‍तर ने टाइटल को बताया था अश्‍लील

मेधा चावला | SENIOR ASSOCIATE EDITOR
Updated Oct 16, 2019 | 11:23 IST

21 years of Kuch Kuch Hota Hai : 90 के दशक की सुपरह‍िट फ‍िल्‍मों में से एक कुछ कुछ होता है अपनी रिलीज के साथ बॉलीवुड में कई बदलाव भी लेकर आई। 2019 में इसे र‍िलीज हुए 21 साल हो चुके हैं।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspInstagram
21 years of Kuch Kuch Hota Hai

बॉलीवुड में र‍िलीज होने वाली कई फ‍िल्‍में ऐसी हैं जो किसी को याद नहीं रहतीं। लेक‍िन कुछ की चर्चा दशकों बाद भी होती है। करण जौहर के डायरेक्‍शन में बनी फ‍िल्‍म कुछ कुछ होता है के साथ भी ऐसा ही है। शाहरुख खान, काजोल और रानी मुखर्जी के लीड रोल वाली इस फ‍िल्‍म ने कई मायनों में बॉलीवुड का चेहरा बदला। 
 
एक ओर जहां फ‍िल्‍म ने स्‍टाइल वाली फ‍िल्‍मों से दर्शकों को रूबरू करवाया, वहीं लव स्‍टोरीज को भी एक नई द‍िशा दी। 90 के दशक की इस ब्‍लॉकबस्‍टर फ‍िल्‍म को र‍िलीज हुए 16 अक्‍टूबर 2019 को 21 साल हो गए हैं और उस समय के टीनएजर्स और युवा आज भी इसके बारे में सोचकर रोमांच‍ित हो जाते हैं। 

यहां जानें कुछ कुछ होता है के बारे में 21 द‍िलचस्‍प बातें : 

  1. कुछ कुछ होता है बतौर निर्देशक करण जौहर की पहली फ‍िल्‍म थी। 
  2. फ‍िल्‍म की शूट‍िंग भारत के अलावा मॉर‍िशस और स्‍कॉटलैंड में भी हुई थी। 
  3. कुछ कुछ होता है को उस साल का सबसे ज्‍यादा मनोरंजन देने वाली फ‍िल्‍म का नेशनल अवॉर्ड मिला था। 
  4. बेस्‍ट एक्‍टर, बेस्‍ट एक्‍ट्रेस, बेस्‍ट सपोर्ट‍िंग एक्‍टर और बेस्‍ट सपोर्ट‍िंग एक्‍ट्रेस समेत कुछ कुछ होता है को उस साल कुछ 8 फ‍िल्‍म फेयर अवॉर्ड मिले थे। 
  5. करण जौहर को निर्देशन के फील्‍ड में उतरने की प्रेरणा आद‍ित्‍य चोपड़ा की द‍िलवाले दुलहन‍िया ले जाएंगे से मिली थी। उन्‍होंने इसी फ‍िल्‍म की लीड जोड़ी को र‍िपीट क‍िया। 
  6. शाहरुख खान ने सबसे पहले करण जौहर को डायरेक्‍टर बनने के लिए प्रोत्‍साह‍ित क‍िया था। उन्‍होंने कहा था क‍ि अगर ऐसा होगा, तो वह खुद उसमें लीड रोल करेंगे। 
  7. सबसे ज्‍यादा समय फ‍िल्‍म में टीना के रोल के लिए एक्‍ट्रेस चुनने में लगा था। ट्व‍िंकल खन्‍ना के लिए ल‍िखे गए इस रोल को उनके अलावा उर्म‍िला, तबू, ऐश्‍वर्या राय, रवीना टंडन, श‍िल्‍पा शेट्टी, कर‍िश्‍मा कपूर जैसी तमाम ह‍िरोइनों ने ठुकरा द‍िया था। 
  8. राजा की आएगी बारात में रानी मुखर्जी का काम देखने के बाद शाहरुख और करण, दोनों ने ही उनको अप्रूव क‍िया था। 
  9. फ‍िल्‍म में अमन के किरदार के लिए सलमान खान से पहले सैफ अली खान, अजय देवगन, चंद्रचूड़ स‍िंह जैसे एक्‍टर्स को अप्रूव क‍िया गया था। 
  10. फ‍िल्‍म की शूट‍िंग 21 अक्‍टूबर 1997 को शुरू हुई थी। इसे करीब दस महीने के शेड्यूल में न‍िपटाया गया था। 
  11. फ‍िल्‍म की टेक्‍निकल टीम नई थी। लिहाजा शाहरुख खान खुद छोटी-छोटी बातों में सभी को गाइड क‍िया करते थे। इस बात का खुलासा बाद में खुद सुपरस्‍टार ने किया था। 
  12. करण जौहर ने जब फ‍िल्‍म की तैयारी की थी तो वे पहले ही ये तय कर चुके थे क‍ि वो जबरदस्‍त स्‍टाइल वाली फ‍िल्‍म बनाएंगे जो बॉलीवुड में एक बड़ा बदलाव लेकर आएगी। 
  13. कुछ कुछ होता है की कहानी की कहानी भी द‍िलचस्‍प है। करण ने पहले एक लव-ट्राइएंगल की कहानी ल‍िखी थी और बाद में एक ब‍िन मां की बच्‍ची और उसके पापा के बीच के र‍िश्‍ते की। बाद में उन्‍होंने दोनों कहान‍ियों को जोड़ द‍िया। 
  14. करण जौहर ने खुद माना था क‍ि कुछ कुछ होता है की इंस्‍प‍िरेशन उन्‍होंने आर्ची से ली थी। आर्ची के किरदार में शाहरुख खान थे, बेट्टी का रोल काजोल का था और वेरोन‍िका का किरदार रानी मुखर्जी ने किया था। 
  15. करण ने ये भी बताया था क‍ि कॉलेज का लुक और फील उन्‍होंने काफी हद तक अमेर‍िकी टीन टीवी सीरीज बेवरली ह‍िल्‍स 90210 से उठाया था। उन्‍होंने ह‍िंग्‍ल‍िश को कॉमन क‍िया और साथ ही ट्रड‍िशनल इमेज को भी बदला। 
  16. फ‍िल्‍म में जो श‍िमला के समर कैंप के सीन द‍िखाए गए हैं, वो दरअसल ऊटी में शूट क‍िए गए हैं। 
  17. फ‍िल्‍म का टाइटल ट्रैक - कुछ कुछ होता है - दस द‍िन में शूट क‍िया गया था। इसे स्‍कॉटलैंड की अलग-अलग लोकेशंस पर फ‍िल्‍माया गया था। 
  18. जब फ‍िल्‍म में राहुल और अंजल‍ि का 8 साल बाद फ‍िर सामना होता है, तो उस समय के सीन करण जौहर ने चुपके से शूट क‍िए थे। शाहरुख और काजोल को इस बात को बाद में बताया गया। 
  19. ये लड़का है दीवाना गाने की शूट‍िंग के दौरान काजोल साइकिल से औंधे मुंह ग‍िरी थीं और बेहोश हो गईं। बाद में उन्‍होंने बताया था क‍ि उनको उस पल की कोई भी बात याद नहीं है। 
  20. फ‍िल्‍म 16 अक्‍टूबर 1998 को 240 स्‍क्रीन पर र‍िलीज हुई थी। इसके टक्‍कर में अमिताभ बच्‍चन और गोव‍िंदा की बड़े मियां छोटे मियां र‍िलीज हुई थी। कुछ कुछ होता है ने पहले द‍िन 87 लाख की कमाई की थी। फ‍िल्‍म का कुछ कलेक्‍शन 47 करोड़ के करीब था। 
  21. फ‍िल्‍म का शीर्षक तय होने से जावेद अख्‍तर इसके गाने लिखने वाले थे। लेकिन बाद में उन्‍होंने फ‍िल्‍म के टाइटल को अश्‍लील कह कर फ‍िल्‍म छोड़ दी। हालांकि बाद में उन्‍होंने माना क‍ि उनकी सोच गलत थी और टाइटल को अश्‍लील उनके अलावा किसी और ने नहीं माना। 

बेशक कुछ कुछ होता है अपने समय की शानदार पैकेज‍िंग वाली फ‍िल्‍म थी ज‍िसे आज भी दर्शक देखना पसंद करते हैं। वैसे रीमेक के दौर में उम्‍मीद की जा सकती है क‍ि करण जौहर अपनी इस ह‍िट फ‍िल्‍म का नया अंदाज नए स्‍टार्स के साथ लेकर आएं। 

Times Now Navbharat पर पढ़ें Entertainment News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।