लाइव टीवी

Richa Chadha Birthday: ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर' से मिली पहचान, 'भोली पंजाबन' बन ऋचा चड्ढा ने जीता दर्शकों का दिल

Updated Dec 18, 2020 | 06:20 IST

28 दिसंबर 1988 को पंजाब के अमृतसर में पैदा हुईं ऋचा चड्ढा का आज जन्‍मदिन है। पंजाबी पिता और बिहारी मां की बेटी ऋचा चड्ढा का जीवन दिल्‍ली में बीता है।

Loading ...
Richa Chadha
मुख्य बातें
  • ऋचा चड्ढा इन दिनों अपनी फ‍िल्‍म शकीला को लेकर चर्चा में हैं।
  • इस फ‍िल्‍म में ऋचा चड्ढा एडल्‍ट स्‍टार का रोल निभा रही हैं।
  • पंजाबी पिता और बिहारी मां की बेटी ऋचा चड्ढा का जीवन दिल्‍ली में बीता है।

Richa Chadha Birthday: बॉलीवुड अदाकारा ऋचा चड्ढा इन दिनों अपनी फ‍िल्‍म शकीला को लेकर चर्चा में हैं। इस फ‍िल्‍म में ऋचा चड्ढा एडल्‍ट स्‍टार का रोल निभा रही हैं। ऋचा ने बहुत ही काम समय में हिंदी सिनेमा में अपने बेहतरीन अभिनय से एक खास मुकाम हासिल किया है। 28 दिसंबर 1988 को पंजाब के अमृतसर में पैदा हुईं ऋचा चड्ढा का आज जन्‍मदिन है। पंजाबी पिता और बिहारी मां की बेटी ऋचा चड्ढा का जीवन दिल्‍ली में बीता है। उनके पिता की एक मैनेजमेंट फर्म है और मां टीचर हैं। 

ऋचा ने दिल्ली यूनिवर्सिटी के सेंट स्टेफन कॉलेज से इतिहास में ग्रेजुएशन किया है और सोशल मीडिया में पीजी डिप्लोमा करने के लिए वह मुंबई आई थीं। यहां आकर उनकी जिंदगी की एक नई राह तय हो गयी। मुंबई ने उन्‍हें मॉडलिंग और थिएटर की राह दिखाई। इसी के साथ उन्‍हें  फिल्म‘ओए लक्की! लक्की ओए' मिली। पहली ही फ‍िल्‍म में उन्‍होंने अपने अभिनय से फैंस को प्रभावित किया। 

इसके बाद वह निर्देशक अनुराग कश्यप की फिल्म ‘गैंग्स ऑफ वासेपुर' में नगमा खातून के रोल में नजर आईं। इस फिल्म के लिए उन्‍हें जमकर वाहवाही मिली। साल 2013 में उनकी तीन फ़िल्में बैक-टू-बैक रिलीज हुई। इन्‍हीं में से ए‍क थी‘फुकरे’, जिसमें उन्‍होंने भोली पंजाबन के रोल से दर्शकों का दिल जीत लिया। आज फैंस उन्‍हें 'भोली पंजाबन' के नाम से भी जानते हैं। 

रणवीर-दीपिका के साथ आईं नजर

इसी साल उनकी दो और फ‍िल्‍में रिलीज हुईं- ‘शॉर्ट्स’ और ‘राम-लीला'। फिल्म राम-लीला में दीपिका पादुकोण और रणवीर सिंह के साथ वह नजर आईं और दर्शकों पर प्रभाव जमाने में कामयाब रहीं। फुकरे रिटर्न्‍स, गैंग्स ऑफ वासेपुर2, मसान, सरबजीत, पंगा जैसी फ‍िल्‍मों में भी  ऋचा चड्ढा ने अपने अभिनय से समीक्षकों को हैरान कर दिया। 

गैंग्‍स ऑफ वासेपुर के लिए मिला फ‍िल्‍मफेयर 

ऋचा चड्ढा को उनके काम के लिए कई सम्‍मान भी मिल चुके हैं। गैंग्‍स ऑफ वासेपुर के ल‍िए उन्‍हें सर्वश्रेष्‍ठ अदाकारा (क्रिटिक्‍स) का फ‍िल्‍मफेयर पुरस्‍कार मिला था। फुकरे के लिए उन्‍हें स्‍क्रीन अवॉर्ड्स और मसान के लिए स्‍टारडस्‍ट अवॉर्ड मिला था। हाल ही में उन्‍हें भारत रत्‍न डॉ. भीमराव अंबेडकर सम्‍मान से भी नवाजा गया।

अली फजल को कर रही हैं डेट 

ऋचा चड्ढा एक्‍टर अली फजल को डेट कर रही हैं। फ‍िल्‍म फुकरे के दौरान दोनों एक दूसरे के करीब आए थे। इस साल अप्रैल में दोनों शादी के बंधन में भी बंधने वाले थे लेकिन कोरोना वायरस की वजह से यह संभव नहीं हो सका। अब दोनों अगले साल एक दूसरे को हमसफर के रूप में चुनने वाले हैं।

Times Now Navbharat पर पढ़ें Entertainment News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।