लाइव टीवी

Rishi Kapoor biography:18 साल की उम्र में ऋषि कपूर ने पर्दे पर रखा कदम, पहली फ‍िल्‍म के ल‍िए मिला नेशनल अवॉर्ड

Updated Apr 30, 2020 | 10:00 IST

Rishi Kapoor biography : बॉलीवुड के द‍िग्‍गज अभिनेता और राज कपूर के बेटे ऋष‍ि कपूर का 67 साल की उम्र में न‍िधन हो गया। लंबे समय से वह बीमारी से जूझ रहे थे।

Loading ...
Rishi Kapoor death

Rishi Kapoor Profile: बॉलीवुड के द‍िग्‍गज अभिनेता और राज कपूर के बेटे ऋष‍ि कपूर का 67 साल की उम्र में न‍िधन हो गया। लंबे समय से वह बीमारी से जूझ रहे थे। उन्‍हें मुंबई के एनएच रिलायंस अस्‍पताल में भर्ती कराया गया था। जहां 30 अप्रैल की सुबह उन्‍होंने आखिरी सांस ली। सदी के महानायक अमिताभ बच्‍चन ने उनके न‍िधन की जानकारी दी। 

ऋष‍ि कपूर का जन्म पंजाब के हिंदू परिवार में मुंबई के चेम्बूर में हुआ था। उन्होंने कैंपियन स्कूल, मुंबई और मेयो कॉलेज, अजमेर में अपने भाइयों के साथ स्कूली शिक्षा की। उनके भाई रणधीर कपूर और राजीव कपूर, चाचा प्रेम नाथ और राजेंद्र नाथ, शशि कपूर और शम्मी कपूर सभी अभिनेता रहे। उनकी दो बहनें हैं रितु नंदा और रिमा जैन। उन्‍होंने अपने दादा और पिता के नक्‍शे कदम पर चलते हुए फिल्‍मों में अभिनय किया और वे एक सफल अभिनेता के रूप में उभर आए। 

मेरा नाम जोकर उनकी पहली फिल्‍म थी जिसमें उन्‍होंने अपने पिता के बचपन का रोल किया था। बॉबी फिल्‍म में वे बतौर अभिनेता के रूप में दिखायी दिए। ऋषि कपूर ने अदाकारा नीतू सिंह से 22 जनवरी 1980 को शादी की। इनके दो बच्चे हैं रणबीर कपूर और रिदीमा कपूर। करिश्मा कपूर और करीना कपूर इनकी भतीजियां हैं। 

अनगिनत सदाबहार फ‍िल्‍में
उन्‍होंने 18 साल की उम्र में ही सिनेमा में कदम रख दिया था। 1970 में उनकी पहली फ‍िल्‍म मेरा नाम जोकर आई थी। उसके बाद उन्‍होंने यादों की बारात, बॉबी, राजा, रफू चक्‍कर, लैला मंजनूं, अमर अकबर एन्‍थॉनी जैसी सदाबहार फ‍िल्‍में कीं। अपने 50 साल लंबे कर‍ियर में उन्‍होंने 100 से ज्‍यादा फ‍िल्‍में कीं।

पुरस्‍कारों की फेहरिस्‍त
सिनेमा में विशेष योगदान और उनके अभिनय के लिए उन्‍हें तमाम पुरस्‍कारों से नवाजा गया। 1974 में उन्‍हें बॉबी फ‍िल्‍म के लिए फ़िल्मफ़ेयर सर्वश्रेष्ठ अभिनेता का पुरस्‍कार मिला था। तो 1970 में उन्‍हें मेरा नाम जोकर के लिए बंगाल फ़िल्म जर्नलिस्ट्स एसोसिएशन अवार्ड्स, स्पेशल अवार्ड और नेशनल फ़िल्म अवार्ड से नवाजा गया। 2008 में उन्‍हें फ‍िल्‍मफेयर का लाइफटाइम अचीवमेंट अवार्ड मिला। 

Times Now Navbharat पर पढ़ें Entertainment News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।