लाइव टीवी

ऋषि कपूर के अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो सके दामाद भारत साहनी, भावुक होकर लिखा- आप बहुत याद आओगे पापा

Updated May 01, 2020 | 09:00 IST

एक्टर ऋषि कपूर (Rishi Kapoor) का 30 अप्रैल को निधन हो गया और उनके अंतिम संस्कार (Funeral) में केवल परिवार के 20 लोग शामिल हुए। ऐसे में उनके दामाद भारत साहनी ने ऋषि कपूर को याद कर भावुक पोस्ट लिखा।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspInstagram
Rishi Kapoor with Family
मुख्य बातें
  • ऋषि कपूर के दामाद भारत साहनी ने भावुक होकर लिखा पोस्ट
  • भारत ने लिखा कि आप बहुत याद आओगे
  • मालूम हो कि 30 अप्रैल की सुबह ऋषि कपूर का निधन हो गया था

बॉलीवुड के दिग्गज कलाकार ऋषि कपूर का गुरुवार (30 अप्रैल) को निधन हो गया, वो पिछले दो साल से कैंसर से जूझ रहे थे। बुधवार रात ऋषि कपूर की तबीयत बिगड़ने के बाद उन्हें सर एचएन रिलायंस फाउंडेशन हॉस्पिटल में भर्ती करवाया गया जहां गुरुवार सुबह उनका निधन हो गया। इसके बाद शाम को मरीन लाइन्स के चंदनवाड़ी श्मशान घाट में उनका अंतिम संस्कार कर दिया गया। 

अंतिम संस्कार में शामिल नहीं हो सकी बेटी 

देश में लॉकडाउन के चलते ऋषि कपूर के अंतिम संस्कार में केवल परिवार के 20 लोग ही शामिल हुए लेकिन इस समय उनकी बेटी रिद्धिमा कपूर साहनी और दामाद भारत साहनी शामिल नहीं हो सके। ऋषि कपूर की बेटी दिल्ली में रहती हैं और लॉकडाउन के चलते अंतिम समय में अपने पिता के साथ नहीं रह सकीं। ऐसे में भारत ने सोशल मीडिया पर पोस्ट कर उन्हें श्रद्धांजलि दी। भारत ने ऋषि कपूर के साथ फोटो शेयर कर लिखा, 'जो प्यार आपने मुझे दिया वो मैं कभी नहीं भूलूंगा। जो थोड़ा समय मैंने आपके साथ बिताया उसमें आपने मुझे बहुत कुछ सिखाया। मैं आज टूट गया हूं। मेरे पास शब्द नहीं हैं। लव यू और आप बहुत याद आओगे। भगवान आपकी आत्मा को शांति दे पापा।' मालूम हो कि ऋषि कपूर इलाज के लिए करीब एक साल तक न्यूयॉर्क में थे इस दौरान भी भारत उनसे मिलने पहुंचे थे। 

लॉकडाउन में ली सफर करने की इजाजत

रिद्धिमा पिता के अंतिम समय में उनके साथ रहना चाहती थीं लेकिन लॉकडाउन के चलते ऐसा नहीं हो सका, लेकिन दुख की इस घड़ी में उन्होंने अपने परिवार के साथ रहने का फैसला किया और लॉकडाउन के बीच दिल्ली से सफर कर मुंबई जाने की इजाजत ली। गृह मंत्रालय ने रिद्धिमा को सफर करने की इजाजत दे दी। उन्होंने बुधवार को गृह मंत्रालय से सफर करने के लिए निवेदन किया था जिसके बाद उन्हें इजाजत दी गई और उन्हें पांच मूविंग पास इशू कर दिए गए। जिसके बाद वो सड़क के रास्ते करीब 1400 किलोमीटर का सफर कर मुंबई पहुंचेंगी।

बता दें कि साल 2018 में ऋषि कपूर को कैंसर हुआ था जिसके बाद वो इलाज के लिए न्यूयॉर्क चले गए थे। ऋषि कपूर करीब एक साल तक इलाज के लिए न्यूयॉर्क में थे।इसके बाद पिछले साल सितंबर में वो देश वापस लौट आए थे। ऋषि कपूर ने अपनी फिल्मों की शूटिंग भी शुरू कर दी थी लेकिन बुधवार रात उनकी तबीयत बिगड़ गई और उन्हें अस्पताल में भर्ती करवाया गया, जहां गुरुवार सुबह उनका निधन हो गया।

Times Now Navbharat पर पढ़ें Entertainment News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।