लाइव टीवी

60 की उम्र में सुहासिनी मुले को मिला था प्यार, शादी के बाद कहा था- सपने पूरे करने की कोई उम्र नहीं होती 

Updated Apr 27, 2021 | 15:46 IST

अदाकारा सुहासिनी मुले ना ही सिर्फ अपने एक्टिंग करियर में सफल रही हैं बल्कि दुनिया को एक नई दिशा देने में भी वह सफल रही हैं। सुहासिनी मुले ने 60 की उम्र में शादी की थी।

Loading ...
Suhasini Mulay
मुख्य बातें
  • एक उम्दा बॉलीवुड और मराठी एक्ट्रेस हैं सुहासिनी मुले, कई फिल्मों में कर चुकी हैं काम।
  • 60 की उम्र में सुहासिनी मुले को मिला उनका साथी, 2011 में दोनों ने कर ली थी शादी।

Suhasini Mulay Love Story: हम कभी अपने सपने पूरे करने के लिए, नई आशा के पीछे भागने के लिए या शादी करने के लिए बूढ़े नहीं होते हैं। अपना जीवनसाथी ढूंढने कि कोई सही उम्र या समय नहीं होता है। यह बात सुहासिनी मुले ने पूरी दुनिया को बता दी है। बॉलीवुड और महाराष्ट्र की जानी मानी और हसीन अदाकारा सुहासिनी मुले ने समाज की सभी रूढ़िवादी सोच को पैरों तले दबाकर 60 की उम्र में अपने सच्चे प्यार को ढूंढ लिया है।

70 की उम्र की सुहासिनी अपने जीवन साथी को 60 की उम्र में फेसबुक पर मिली थीं। सुहासिनी और उनके पति अतुल गुर्टू की यह प्रेम कहानी सबको प्रेरित करती है। सुहासिनी मुले को हु तू तू के लिए नेशनल अवार्ड से नवाजा भी गया था। वह दिल चाहता है और जोधा अकबर जैसे बड़ी और ब्लॉकबस्टर फिल्मों में काम कर चुकी हैं। 

सुहासिनी मुले का पहला रिलेशनशिप

कहा जाता है कि सुहासिनी मुले 90 के दशक में रिलेशनशिप में थीं, मगर उनका यह रिश्ता ज्यादा अच्छा नहीं रहा जिसके बाद वह अलग हो गई थीं। अपने पति से मिलने से पहले करीब दो दशक तक सुहासिनी मुले सिंगल थीं और अपने काम पर ध्यान दे रही थीं। सुहासिनी मुले अपने करियर में इतनी व्यस्त थीं कि उन्होंने कभी दूसरे रिलेशनशिप के बारे में सोचा नहीं था। 

कैसे हुई सुहासिनी मुले और अतुल गुर्टू की मुलाकात?

सुहासिनी मुले के जीवन में एक हसीन मोड़ तब आया जब उनके एक सहकर्मी ने उन्हें किसी काम के लिए फेसबुक पर अकाउंट बनाने के लिए प्रेरित किया था। फेसबुक पर साइन इन करने के बाद ही सुहासिनी मुले की मुलाकात अतुल गुर्टू से हुई। ‌60 की उम्र की सुहासिनी मुले के लिए ऑनलाइन दुनिया बहुत काम आई। 

कैसे हुआ दोनों को प्यार?

बिना उम्र और समाज की परवाह किए सुहासिनी मुले और अतुल गुर्टू ने एक दूसरे से अपने नंबर एक्सचेंज किए। एक दिन अतुल ने सुहासिनी को यह लिखा था कि "रिलेशनशिप बनाना पड़ता है वह आसमान से नहीं टपकता है।" यह बात पढ़कर सुहासिनी मुले बेहद प्रसन्न हुई थीं और अपनी चॉइस पर उन्हें गर्व महसूस हो रहा था। लेकिन, सुहासिनी मुले तब और ज्यादा कॉन्फिडेंट हो गईं जब उन्होंने अतुल गुर्टू का एक लेख पढ़ा था जो उनकी पहली पत्नी को समर्पित था। इस लेख में अतुल ने लिखा था कि कैसे उनकी पत्नी कैंसर से जूझ रही थीं और अपनी पत्नी को खुश रखने के लिए उन दोनों ने वह सब किया जो उनकी पहली पत्नी मरने से पहले करना चाहती थीं। यह पढ़कर सुहासिनी मुले बहुत खुश हुई थीं। अपनी पत्नी को खोने के 6 साल बाद अतुल ने सुहासिनी से 2011 में शादी कर ली थी। 

Times Now Navbharat पर पढ़ें Entertainment News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।