लाइव टीवी

अब इस दुनिया में नहीं हैं 'श्रीकृष्णा' के 'कंस मामा' विलास राज, कभी देखने के लिए मच जाती थी भगदड़

Updated May 02, 2020 | 22:30 IST

Shree Krishna Throwback: रामायण के बाद रामानंद सागर का शो श्रीकृष्णा दूरदर्शन पर वापसी कर रहा है। श्रीकृष्णा में कंस का किरदार विलास राज ने निभाया था। जानिए विलास राज के बारे में कुछ बातें...

Loading ...
Vilas Raj
मुख्य बातें
  • रामानंद सागर का शो श्री कृष्णा दूरदर्शन पर वापसी कर रहा है।
  • श्रीकृष्णा सीरियल में मामा कंस का किरदार विलास राज ने निभाया था।
  • विलास राज अब इस दुनिया में नहीं हैं।

मुंबई.  रामायण सीरियल के बाद अब रामानंद सागर का शो श्री कृष्णा दूरदर्शन पर वापसी कर रहा है। साल 1993 से लेकर 1996 तक टेलिकास्ट हुआ ये शो रामायण की तरह हिट था। इस सीरियल में मामा कंस का किरदार विलास राज ने निभाया था।

विलास राज अब इस दुनिया में नहीं हैं। इसका खुलासा श्री कृष्णा में छोटे कृष्ण का किरदार निभा चुके एक्टर स्वपनिल जोशी ने एक इंटरव्यू में किया था।  विलास राज मराठी फिल्मों के एक्टर और थिएटर आर्टिस्ट भी थे। 

रामानंद सागर के प्रोडक्शन हाउस सागर वर्ल्ड की वेबसाइट  के मुताबिक विलास राज मुंबई के दादर स्थित शिवाजी मंदिर के बाहर एक नाटक कर रहे थे। इस नाटक में वह एक ट्रक ड्राइवर का रोल निभा रहे थे। इस दौरान प्रेम सागर की नजर उन पर पड़ी और विक्रम बेताल के लिए साइन कर लिया।

रामायण में निभाया था ये किरदार 
विलास राज ने उत्तर रामायण में लवणासुर का किरदार निभाया था। स्वपनिल जोशी के मुताबिक- 'एक बार विलास राज गिरगांव स्थित लक्ष्मीबाई चॉल में किसी से मिलने पहुंचे थे। लोगों को जब इसकी खबर लगी तो उनसे मिलने के लिए भगदड़ मच गई।' 

बकौल स्वपनिल जोशी- 'उस बस्ती के बच्चे चिल्लाने लग गए थे लवणासुर राक्षस आ गया।' श्री कृष्णा, उत्तर रामायण के अलावा विलास राज ने रामानंद सागर के सीरियल अलिफ लैला में भी निगेटिव रोल किए थे। वह आखिरी बार 2015 में एक मराठी नाटक में नजर आए थे।

तीन मई से होगा प्रसारण 
सूचना और प्रसारण मंत्री प्रकाश जावड़ेकर ने ट्वीट कर श्री कृष्णा की टाइमिंग की जानकारी दी है। प्रकाश जावड़ेकर ने ल‍िखा- कल, रविवार 3 मई, से रोज रात 9 बजे देखें - भगवान श्री कृष्ण के महिमा की कथा - "श्री कृष्णा", केवल DDNational चैनल  पर!


आपको बता दें कि रामानंद सागर के इस शो में  भगवान श्री कृष्ण का किरदार सर्वदमन डी. बनर्जी ने न‍िभाया था। नीतिश भारद्वाज के बाद सर्वदमन बनर्जी  को भी लोग भगवान कृष्‍ण ही समझते थे और उनकी पूजा करते थे।  
 

Times Now Navbharat पर पढ़ें Entertainment News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।