लाइव टीवी

Ranchi News: रांची में खूनी संघर्ष में बदली दो पक्षों की रंजिश, जमकर हुई चाकूबाजी में 14 लोग हो गए लहूलुहान

Updated Jul 16, 2022 | 21:41 IST

Ranchi Police: रांची के एक इलाके में जमीन विवाद के चलते हुआ मामूली विवाद खूनी संघर्ष में बदल गया। इस दौरान हुई चाकूबाजी में 14 लोगों को गंभीर चोटें आई हैं। पुलिस ने शिकायत मिलने के बाद जांच शुरू कर दी है। घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspRepresentative Image
रांची में मामूली झगड़े में चले चाकू, कई जख्मी (प्रतीकात्मक)
मुख्य बातें
  • रांची के धुर्वा थाना इलाके का मामला
  • मामूली बात पर शुरू हुई बहसबाजी के दौरान चले चाकू
  • जख्मी 14 लोगों का अस्पताल में चल रहा इलाज, पुलिस जांच में जुटी

Ranchi News: राजधानी रांची के धुर्वा थाना क्षेत्र स्थित सीठियो बस्ती में आपसी विवाद को लेकर दो पक्षों में मारपीट और चाकूबाजी की घटना हुई है। जिसमें एक दर्जन से अधिक लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं। बताया जा रहा है कि बात दो लोगों के बीच शुरू हुई। धीरे—धीरे विवाद बढ़कर खूनी संघर्ष में बदल गया। दोनों पक्षों ने आमने-सामने होकर एक दूसरे पर हमला कर दिया। धुर्वा थाना में शिकायत के बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है।

बताया जा रहा है घटना के बाद गांव में दो पक्षों में भारी तनाव हो गया है। हालांकि पुलिस का कहना है कि स्थिति नियंत्रण में है। पुलिस ने बताया की किसी भी तरह की अराजकता को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। मामले की जांच की जा रही है। दोषियों के खिलाफ सख्त कदम उठाए जाएंगे।

मामूली विवाद में शुरू हो गई चाकूबाजी

मिली जानकारी के अनुसार धुर्वा थाना के सीठियो बस्ती में शनिवार सुबह दो पक्षों में जोरदार बहस शुरू हो गई। उसके बाद दोनों पक्षों में आमने-सामने से मारपीट शुरू हो गई। इस मारपीट होने के दौरान एक पक्ष के लोगों ने दूसरे गुट के लोगों पर चाकू से ताबड़तोड़ हमला कर दिया। इस अप्रत्याशित हमले से करीब एक दर्जन से ज्यादा लोग गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। बता दें कि चाकूबाजी की इस घटना में कुल 14 व्यक्ति घायल हुए हैं। फिलहाल पुलिस हर बिंदु पर जांच-पड़ताल कर रही है। पुलिस अन्य लोगों से पूछताछ कर बयान भी दर्ज कर रही है।

दो लोगों के विवाद में शामिल हो गया पूरा परिवार

बताया जा रहा है कि जमीन विवाद को लेकर इसराइल और शाहिद के बीच में विवाद हुआ था। जिसमें विवाद बढ़ने के बाद धीरे-धीरे दोनों परिवार के कई लोग शामिल हो गए। बहस और मारपीट के बाद चाकू से भी हमला शुरू हो गया। जिसमें कुल 14 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को बेहतर इलाज के लिए धुर्वा के एक अस्पताल में भर्ती कराया गया है। फिलहाल इमरजेंसी वार्ड में सभी घायलों का इलाज चल रहा है।