लाइव टीवी

VIDEO: क्या ग्लव्स पहनने के बावजूद फैल सकता है कोरोना? नर्स ने पेंट का इस्तेमाल कर आसानी से समझाया

Updated Apr 07, 2020 | 16:01 IST

Nurse explain cross-contamination: एक नर्स ने पेंट का इस्तेमाल कर आसानी से समझाया है कि क्या ग्लव्स पहनने के बावजूद कोरोना वायरस फैल सकता है।

Loading ...
तस्वीर साभार:&nbspTwitter
मॉली लिक्से

नई दिल्ली: कोरोना वायरस से पूरी दुनिया में दहशत में है। इस खतरनाक वायरस के संक्रमण से बचने के लिए लोग कई तरह की सावधानियां बरत रहे हैं। संक्रमण से सुरक्षित रहने के लिए लोग ग्लव्स यानी दस्ताने भी पहन रहे हैं। हालांकि, अमेरिका के मिशीगन की एक नर्स मॉली लिक्से ने दावा किया है कि ग्लव्स पहनने के बावजूद वायरस फैल सकता है। उन्होंने पेंट का इस्तेमाल कर अपनी बात को समझाने की कोशिश की है। उनका यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा है। मॉली का कहना है कि वह इन दिनों देख रही हैं कि लोग दस्ताने पहन रहे हैं, यह अच्छी बात है लेकिन कोरोना वायरस को रोकने के लिए दस्ताने पर्याप्त नहीं हैं।

'मैं आपको क्रॉस-कंटेमनेशन की याद दिलाना चाहती हूं'

मॉली ने वीडियो में कहा, 'मैं बहुत सारे लोगों को दस्ताने पहने हुए देख रही हूं। यह बहुत अच्छा है। अगर आप दस्ताने पहनना चाहते हैं तो यह ठीक है। आप बिल्कुल कर सकते हैं। लेकिन मैं आपको क्रॉस-कंटेमनेशन (बैक्टीरिया का एक चीज से दूसरी चीज में ट्रांसफर होना) नामक एक छोटी सी बात याद दिलाना चाहती हूं।' इसके बाद क्रॉस-कंटेमनेशन को बताने के लिए मॉली ने पेंट का उपयोग किया और एक किराने की दुकान पर कीटाणु फैलने के अंदेशे को समझाया। पेंट कीटाणुओं का प्रतिनिधित्व करता है जो संभवतः सुपरमार्केट में बेची जाने वाली वस्तुओं पर हो सकता है। 

उन्होंने बताया कि स्टोर में वस्तुओं की खरीदारी करते समय ग्लव्स पर कीटाणु स्पष्ट रूप से  ट्रांसफर हो सकते हैं। फिर ये कीटाणु आपके फोन या किसी और चीज भी ट्रांसफर हो सकते हैं। मॉली ने कहा कि ग्लव्स पहनते हुए एहतियात बरतें और इस्तेमाल करने के बाद कूड़ेदान में डिसपॉज कर दें। उन्होंने ने इस बात पर भी जोर दिया कि ऐसा करने के तुरंत बाद अपने हाथ साबुन से जरूर धोएं। 

'अपने गंदे फोन को न छुएं'

मौली ने कहा, 'दस्ताने पहनने का कोई मतलब नहीं है अगर आप कोई किसी चीज छूने के बाद हर बार हाथ नहीं धोते हैं। कोई मतलब नहीं है दोस्तों। इसलिए, जो कुछ भी आपको सुरक्षित होने का एहसास कराता है उसे करें, लेकिन याद रखें विज्ञान भी है। दस्ताने पहनें लेकिन आपको हर समय अपने हाथों को साफ करने की आवश्यकता है। अपने चेहरे को न छुएं। अपने गंदे फोन को न छुएं। इस्तेमाल के बाद अपने दस्ताने को कचरे में फेंक दें।' बता दें कि डॉक्टरों, वैज्ञानिकों और साथ ही विश्व स्वास्थ्य संगठन (डब्ल्यूएचओ) ने लोगों को कोरोना वायरस को फैलने से रोकने के लिए 40-60 सेकंड के लिए साबुन से हाथ धोने की सलाह दी है। चेहरे को छूने से बचें और छींकते या खांसते समय अपना मुंह भी ढकें।