लाइव टीवी

Corona virus: चीन ने 6 भारतीयों को स्वदेश आने से रोका, अब महिला ने लगाई गुहार- हमें भारत ले जाओ

Updated Feb 03, 2020 | 13:32 IST

Corona virus update: कोरोना वायरस से प्रभावित चीन के वुहान में फंसे 6 भारतीयों को तेज बुखार के चलते एअर इंडिया की विशेष उड़ान में नहीं चढने दिया गया। एक महिला ने वापस ले जाने की अपील की है।

Loading ...
चीन ने 6 भारतीयों को रोका

नई दिल्ली: भारत ने कोरोना वायरस से प्रभावित चीन के वुहान शहर से 600 से ज्यादा लोगों को बाहर निकाल लिया है। एअर इंडिया की दो उड़ानों से 647 भारतीयों को वापस लाया गया है। लेकिन छह भारतीयों को चीनी अधिकारियों ने विशेष एअर इंडिया की उड़ान में सवार होने की अनुमति नहीं दी। 
चार छात्रों और एक चीनी इलेक्ट्रॉनिक्स कंपनी के दो प्रशिक्षुओं को नई दिल्ली जाने वाले विमान में चढ़ने से ठीक पहले उनकी मेडिकल स्क्रीनिंग के दौरान इमिग्रेशन पर रोक दिया गया था। उन सभी का तापमान स्क्रीनिंग के दौरान सामान्य से ऊपर या उतार-चढ़ाव वाला था। बुखार, खांसी और सांस की तकलीफ कोरोना वायरस के तीन प्रमुख लक्षण हैं।

इन 6 में से एक महिला ने एक वीडियो रिलीज कर सरकार से मदद मांगी है और वुहान सिटी से वापस भारत लाने की अपील की है। चेहरे को मास्क से ढकी हुई महिला वीडियो में कहती है कि उसे और उसके सहकर्मी को कोरोना वायरस का कोई लक्षण नहीं है। रिपोर्ट में कहा गया है कि वह आंध्र प्रदेश के कुरनूल जिले की रहने वाली है।

वह कहती हैं कि उन्हें बताया गया था कि वे भारत के लिए अगली उड़ान ले सकते हैं लेकिन रविवार दोपहर को उन्हें सूचित किया गया कि उन्हें उस पर भी सवार होने की अनुमति नहीं दी जाएगी। हम फंस गए हैं। हम यह साबित करने के लिए तैयार हैं कि हमें कोई वायरस नहीं है क्योंकि ऐसे कोई लक्षण नहीं हैं। बस हमारे शरीर के तापमान में वृद्धि हुई। यह इतना ज्यादा नहीं था। यह सिर्फ 37.5 डिग्री था जो उस समय तनाव के तहत कुछ शारीरिक गतिविधियों के कारण था। हम थोड़े भयभीत थे।

उसने कहा कि हम अपनी सरकार से अनुरोध करते हैं कि वह हमें भारत वापस ले जाए। हम सुरक्षित और स्वस्थ हैं।। वुहान में इस बीमारी से अब तक 300 से अधिक लोगों की जान चा चुकी है।