लाइव टीवी

जानिए उस महिला के बारे में, जिसने पति के हत्यारे से की शादी; फिर लिया खतरनाक अंदाज में बदला

Updated Jul 24, 2021 | 14:21 IST

आपने हत्या के बदले के बहुत सारे मामलों के बारे में सुना होगा, लेकिन यहां जो रियल वाकया आपको बता रहे हैं उसे जानकर आपको भी हैरानी होगी। यह एक महिला की स्टोरी है।

Loading ...
महिला ने पति के हत्यारे से की शादी; फिर लिया इस तरह बदला
मुख्य बातें
  • एक महिला ने अपने पति की हत्या का बदला लेने के लिए रची अनोखी साजिश
  • महिला ने पति के कथित हत्यारे को प्रेम जाल में फंसाकर की शादी
  • एक दिन मौका पाकर पति को पिस्तौल की गोलियों से उड़ाया

इस्लामाबाद: एक महिला ने अपने पति के हत्यारे से बदला लेने के लिए ऐसी प्लानिंग की जिससे हर कोई हैरान है। बदला लेने के लिए महिला ने जो जाल बुना उसकी किसी ने भी कल्पना नहीं की होगी। घटना पाकिस्तान के कबायली इलाके बाजौर जिले की है। जहां एक महिला पिछले तीन सालों से अपने पति के हत्यारे से बदला लेने की कोशिश में जुटी थी और फिल्मी अंदाज में उसने पति के हत्यारे को पहले अपने प्रेम जाल में इस कदर फंसाया कि दोनों ने शादी कर ली और बाद में महिला ने वो किया जिसका वह सालों से इंतजार कर रही थी। महिला ने शख्स की हत्या कर दी।

तीन साल पहले हुई महिला के पति की हत्या

हत्या के बाद महिला को पुलिस ने गिरफ्तार कर जेल भेज दिया है।  बीबीसी की खबर के मुताबिक, महिला के पति की तीन साल पहले मौत हो गई थी। हालांकि यह स्पष्ट नहीं हो सका कि उसकी प्राकृतिक मौत हुई थी या हत्या की गई थी। महिला का कहना है उसके पति की हत्या उनके दोस्त गुलिस्तान ने जहर का इंजेक्शन देकर की। पुलिस ने हत्या या मौत का कोई केस दर्ज नहीं किया है। 

क्यों दर्ज नहीं हुआ केस
पुलिस का कहना है कि हत्या तीन साल पहले हुई थी और इस बात के कोई साक्ष्य मौजूद नहीं है कि महिला के पति की हत्या की गई थी।  पुलिस के मुताबिक कुछ दिन पहले गुलिस्तान नाम के शख्स की गोली मारकर जब हत्या की गई तो पुलिस ने जांच शुरू की। पुलिस ने देखा की गुलिस्तान का शव खून से लथपथ बिस्तर पर पड़ा है और सिर पर गोली लगी है। पुलिस को महिला ने जो बताया उससे जानकर पुलिस भी हैरान थी।

क्या बताया महिला ने
महिला ने बताया कि उसके पति पेशावर में काम करते थे और उनकी हंसती खेलती जिंदगी शानदार तरीके से चल रही थी। बेटी होने के बाद दोनों की जिंदंगी में और खुशियां आ गईं। महिला ने बताया, 'मेरे पति की गुलिस्तान नाम के शख्स से गहरी दोस्ती थी। वह पेशावर में जो भी पैसा कमाते थे सब गुलिस्तान को यह कहकर दे देते थे कि उसे जरूरत है और वह जल्द वापस दे देगा। कुछ समय बाद जब मेरे पति ने अपनी बीमारी का हवाला देते हुए पैसे वापस मांगे तो गुलिस्तान ने लौटाने से इंकार करते हुए कहा कि अभी पैसे नहीं है।'

दिया जहर का इंजेक्शन

महिला के मुताबिक, इसके बाद आरोपी ने महिला के पति को अपनी तरफ से दवा लाने की पेशकश की और वह कुछ दवाइयां और इंजेक्शन ले आया। गुलिस्तान ने महिला के पति को एक इंजेक्शन लगा दिया और कहा कि बाकि दवा घर जाकर खा लेना। इंजेक्शन लेने के बाद महिला के पति की हालत बिगड़ती गई और अस्पताल पहुंचकर मौत हो गई। महिला को पता चला कि गुलिस्तान ने उसके पति को जहर का इंजेक्शन दिया था जिसके बाद उसकी मौत हो गई।

इस तरह लिया बदला

इसके बाद महिला ने बदला लेने का प्लान तैयार किया और उसे अपने प्रेम जाल में फंसाया। गुलिस्तान पहले से शादीशुदा था लेकिन महिला ने इस कदर उसे अपने हुस्न के जाल में फंसाया कि वह शादी करने के लिए तैयार हो गया। इसके बाद जब गुलिस्तान और महिला एक जगह किराए पर रहने लगे। अकेले किराये के घर में रहने के दौरान गुलिस्तान ने सुरक्षा के लिए एक पिस्तौल खरीदी तो महिला को मानो मनचाही मुराद मिल गई। एक रात सोते समय महिला ने आरोपी को दो गोलियां मार दी। फिलहाल महिला जेल की सलाखों के पीछे है।