जब ग्वालियर की धरती पर सचिन के बल्ले से निकली रनों की 'आंधी', 10 साल पहले आज ही के दिन बनाया था पहला दोहरा शतक

Cricket Throwback, Sachin Tendulkar ODI double hundred: आज का दिन वनडे क्रिकेट के इतिहास में बेहद खास माना जाता है। इसी दिन पहली बार दोहरा वनडे शतक जड़ा गया था।

Sachin
सचिन तेंदुलकर  |  तस्वीर साभार: Twitter

नई दिल्ली: हमारे देश में क्रिकेट महज एक खेल नहीं है। यह जुनून से बढ़कर है जिसके चाहने वाले आम और खास दोनों हैं। फैन की नजरों में क्रिकेटर्स का अलग दर्ज होता है। लेकिन एक क्रिकेटर ऐसा है जिसे लोग 'क्रिकेट का भगवान' मानते हैं। यह और कोई नहीं बल्कि महान क्रिकेटर सचिन तेंदुलकर हैं। सचिन ने क्रिकेटर को साल साल पहले अलविदा कह दिया था लेकिन उनकी चर्चा में कोई कमी नहीं आई है। उनके नाम कई ऐसी उपलब्धियां हैं जिनका जिक्र समय-समय पर होता ही रहता है। ऐसी ही एक खास उपलब्धि उन्होंने 2010 में हासिल की थी जिसे आज पूरे 10 साल हो गए हैं। सचिन 24 फरवरी 2010 को वनडे क्रिकेट में दोहरा शतक लगाने वाले पहले पुरुष बल्लेबाज बने थे। वद 200 रन बनाकर नाबाद रहे थे। उन्होंने यह कीर्तिमान दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ ग्वालियर में रचा था। 

सचिन ने जमाए  25 चौके और 3 छक्‍के

सचिन ने 147 गेंदों पर 25 चौके और 3 छक्‍कों की मदद से नाबाद 200 रन बनाए। उन्होंने अपना पचासा 37 गेंदों में 9 चौकों जरिए पूरा किया था। वहीं, उन्होंने अपना शतक 90 गेंदों में 13 चौकों की मदद से पूरा किया था। सचिन ने अपने 150 रन 118 गेंदों में 22 चौकों और एक छक्के की बदौलत पूरा किए थे। उनकी इस शानदार पारी के दम पर टीम इंडिया ने पहले बल्लेबाजी करते हुए निर्धारित 50 ओवर में तीन विकेट गंवाकर 401 रन का विशाल स्‍कोर बनाया था। इसके जवाब में उतरी दक्षिण अफ्रीकी टीम के नियमित अंतराल पर विकेट गिरते रहे थे। मेहमान टीम दबाव में आकर 42.5 ओवर में 242 रन पर सिमट गई थी। 

अब तक सात दोहरे शतक लगे 

साल 2010 से अब तक 6 पुरुष खिलाड़ी 8 वनडे दोहरे शतक बना चुके हैं। सचिन के अलावा वनडे में भारत के रोहित शर्मा, वीरेंद्र सहवाग, वेस्‍टइंडीज के क्रिस गेल, न्‍यूजीलैंड के मार्टिन गप्टिल, पाकिस्तान के फखर जमान ने दोहरे शतक लगाए हैं। पूरी क्रिकेट दुनिया में सबसे ज्यादा दोहरे शतक बनाने का रिकॉर्ड भारतीय खिलाड़ियों के नाम पर है। भारत के तीन खिलाड़ी अभी तक यह आंकड़ा छूने में कामयाब रहे हैं। वहीं, बतौर खिलाड़ी वनडे में सर्वाधिक दोहरा शतक बनाने का कारनामा रोहित शर्मा ने अंजाम दिया है। उन्होंने अब तक 264, 209 और 208* की धमाकेदार पारियां खेली हैं। 264 वनडे में किसी बल्लेबाज द्वारा बनाया गया सर्वाधिक व्यक्तिगत स्कोर भी है। 

सचिन के कुछ बड़े रिकॉर्ड

सचिन तेंदुलकर ने वनडे और टेस्ट में सबसे अधिक रन बनाए हैं। वनडे में उनके नाम 18,426 और टेस्ट मैचों 15,921 रन दर्ज हैं। वह अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में सर्वाधिक 34,347 रन बनाने में सफल रहे हैं। सबसे अधिक शतक लगाने का रिकॉर्ड भी सचिन ने ही बनाया है। उन्होंने टेस्ट में 51 और वनडे में 49 शतक जमाए। वह 100 अंतरराष्ट्रीय शतक बनाने वाले एकमात्र क्रिकेटर हैं। इतना ही नहीं वह सबसे ज्यादा वनडे (463) और टेस्ट (200) खेलने वाले खिलाड़ी भी हैं। सचिन के नाम सबसे ज्यादा मैन ऑफ द मैच अवॉर्ड (76)  जीतने का भी रिकॉर्ड है। उन्होंने वनडे में 62 और टेस्ट में 14 अवॉर्ड जीते।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल

अगली खबर