CPL: फॉफ डुप्लेसी ने जड़ा तूफानी शतक, लगाई चौकों छक्कों की झड़ी 

Faf du Plessis Century in CPL 2021: कन्कशन की वजह से तीन महीने क्रिकेट से दूर रहने के बाद फॉफ डुप्लेसी ने मैदान पर धमाकेदार वापसी की है।

Faf du Plessis
फॉफ डुप्लेसी( साभार CPL) 
मुख्य बातें
  • फॉफ डुप्लेसी ने खेली 60 गेंद में 120 रन की नाबाद पारी
  • पाकिस्तान सुपर लीग में कन्कशन का शिकार होने के बाद तीन महीने से थे मैदान से दूर
  • सीपीएल में उन्होंने शानदार शतक जड़कर अपनी वापसी का ऐलान कर दिया है

नई दिल्ली:  दक्षिण अफ्रीका के पूर्व कप्तान फॉफ डुप्लेसी ने तीन महीने कन्कशन की वजह से मैदान से दूर रहने के बाद बाद कैरेबियन प्रीमियर लीग 2021 में धमाकेदार वापसी की है। शनिवार को सेंट किट्स एंड नेविस पैट्रियोट्स के खिलाफ उन्होंने 60 गेंद में नाबाद 120 रन की तूफानी पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 13 चौके और 5 छक्के जड़े। 

विजय रथ पर सवार सेंट किट्स एंड नेविस पैट्रियोट्स के कप्तान ड्वेन ब्रावो ने टॉस जीतकर फॉफ डुप्लेसी की कप्तानी वाली सेंट लूसिया किंग्स को पहले बल्लेबाजी का न्यौता दिया। सेंट लूसिया के लिए पारी का आगाज करने आंद्रे फ्लेचर के साथ कप्तान डुप्लेसी उतरे। दोनों ने टीम को शानदार शुरुआत दी और 4.3 ओवर में ही स्कोर को  50 रन के पार पहुंचा दिया।

25 गेंद में जड़ा अर्धशतक, 51 में शतक
इसके बाद डुप्लेसी ने धमाकेदार अंदाज में बल्लेबाजी करते हुए 25 गेंद में 8 चौके और 1 छक्के की मदद से अपने अर्धशतक पूरा कर लिया। इसके बाद भी डुप्लेसी का बल्ला नहीं रुका और वो ताबड़तोड़ रन बनाते रहे। डुप्लेसी ने 51 गेंद में 11 चौके और 5 छक्के की मदद से अपना शतक पूरा कर लिया।  

सेंट किट्स एंड नेविस ने छह गेंदबाजों को आजमाया लेकिन कोई भी डुप्लेसी के बल्ले को नहीं रोक पाया। डुप्लेसी को पारी के अंत में रोस्टन चेज का साथ मिला जिन्होंने 31 गेंद में 64 रन की पारी खेली और इस दौरान उन्होंने 7 चौके और 3 छक्के जड़े। वहीं अंत में डुप्लेसी 60 गेंद में नाबाद 120 रन बनाकर नाबाद रहे। यह डुप्लेसी का टी20 क्रिकेट में सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन है। उनकी धमाकेदार पारी की बदौलत सेंट लूसिया किंग्स ने 20 ओवर में 2 विकेट पर 224 रन का स्कोर खड़ा किया। 

टी20 करियर का दूसरा शतक
फॉफ डुप्लेसी का यह टी20 क्रिकेट में दूसरा शतक है। डुप्लसी का शतक सीपीएल में सेंट लूसिया की ओर से किसी भी खिलाड़ी द्वारा जड़ा दूसरा शतक है। साल 2018 में किरोन पोलार्ड सेंट लूसिया के लिए सीपीएल में शतक जड़ने वाले पहले बल्लेबाज बने थे। इससे पहले डुप्लेसी ने वेस्टइंडीज के खिलाफ साल 2015 में जोहान्सबर्ग में खेले गए टी20 में 119 रन की पारी खेली थी। इस पारी से पहले वही उनका टी20 क्रिकेट में एकलौता शतक और सर्वाधिक स्कोर था। 

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल

अगली खबर