India vs Bangladesh: चार बार के चैंपियन भारत को बांग्लादेश ने दी मात, पहली बार जीता अंडर-19 विश्व कप का खिताब

India vs Bangladesh Under 19 World Cup Final: बांग्लादेश आईसीसी अंडर-19 विश्व कप के फाइनल में रविवार को भारत को हरा दिया। बांग्लादेश पहली बार विश्व चैंपियन बना है।

India U19 vs Bangladesh U19 Live Score
भारत बनाम बांग्लादेश  |  तस्वीर साभार: Twitter

पोचेफस्ट्रम (दक्षिण अफ्रीका): बांग्लादेश ने पहली बार आईसीसी अंडर-19 विश्व कप का खिताब अपने नाम कर लिया है। बांग्लादेश फाइनल में चार बार के विजेता भारत को तीन विकेट से हराकर विश्व चैंपियन बना। भारत ने पोचेफस्ट्रम के सेनवेस पार्क स्टेडियम में पहले बल्लेबाजी करते हुए 177 रन बनाए। बांग्लादेश को बारिश से प्रभावित मैच में जीत के लिए 46 ओवर में 170 रन का लक्ष्य मिला जिसे उसने 42.1 ओवर में सात विकेट के नुकसान पर हासिल कर लिया। बांग्लादेश के लिए अकबर अली ने शानदार कप्तान पारी खेली। वह 77 गेंदों में 43 रन बनाकर नाबाद रहे। उन्होंने अपनी पारी में 4 चौके और 1 छक्का जमाया। वहीं, राकिबुल हसन 25 गेंदों में 9 रन बनाकर नाबाद रहे। भारत के लिए रवि बिश्नोई ने चार, सुशांत मिश्रा ने दो और यश्सीव जायसवाल ने एक विकेट चटकाया। 

लक्ष्य का पीछा करने उतरी बांग्लादेश टीम ने अच्छी शुरुआत की। परवेज हुसैन और तंजीद हसन (17) ने पहले विकेटे के लिए 50 रन जोड़े। भारत को पहली सफलता तंजीद के रूप में 9वें ओवर में मिली। उन्हें रवि बिश्वोई ने कार्तित त्यागी के हाथों कैच आउट करवाया। उन्होंने 25 गेंदों की अपनी पारी में 2 चौके और 1 छक्का लगाया। बांग्लादेश को दूसरा झटका भी बिश्वोई ने ही दिया। उन्होंने महमुदुल हसन जॉय को 13वें ओवर में बोल्ड कर पवेलियन भेजा। महमुदुल ने 12 गेंदों में 2 चौकों के जरिए 9 रन बनाए।

महमुदुल के आउट होने के बाद परवेज की मांसपेशियों में खिंचाव आ गया और वह 25 रन के निजी स्कोर पर रिटायर्ड हर्ट होकर पवेलियन लौट गए। उनके स्थान पर बल्लेबाजी करने आए तौहीत हृदॉय बिना खाता खोले ही 15वें ओवर में बिश्नोई का शिकार बन गए। वह बिश्नोई की गेंद को पिच पर पड़ने के बाद भांप नहीं पाए और एलबीडब्ल्यू आउट हो गए। इसके बाद बिश्नोई ने शहादत हुसैन को 17वें ओवर में अपना शिकार बनाया। हुसैन आगे बढ़कर शॉट खेलने की कोशिश में थे लेकिन विकेटकीपर ध्रुव जुरेल ने फुर्ती दिखाते हुए उन्हें स्टंप आउट कर दिया। उन्होंने 10 गेंदों में 1 रन बनाया। उनका विकेट 65 के कुल स्कोर पर गिरा।

अकबर अली ने खेली कप्तानी पारी

बांग्लादेश का पांचवां विकेट शमीम हुसैन के रूप में गिरा। शमीम ने कप्तान अकबर अली का कुछ देर साथ निभाया लेकिन ज्यादा देर नहीं टिक सके। दोनों ने छठे विकेट के लिए 20 रन की साझेदारी की। शमीम को सुशांत मिश्रा ने 21वें ओवर में आउट किया। वह सुशांत की गेंद पर बड़ा शॉट मारने की फिराक में थे। उन्होंने उठाकर शॉट मारा मगर यशस्वी जायसवाल ने दौड़कर  शानदार कैच लपक लिया। उन्होंने 18 गेंदों में 7 रन बनाए। उनका विकेट 85 के कुल स्कोर पर गिरा। इसके बाद सुशांत ने 23वें ओवर में अभिषेक दास​ को आउट किया। अभिषेक 7 गेंदों में 5 रन बनाकर अपना विकेट गंवा बैठे।

बांग्लादेश का छठा विकेट गिरने के बाद परवेज हुसैन दोबारा क्रीज पर आए। उन्होंने अकबर अली के साथ पारी को आगे बढ़ाया। दोनों ने लगातार गिरतने विकेटों के सिलसिले को थामा। दोनों ने सातवें विकेट के लिए 41 रन की साझेदारी की। लगा रहा था कि यह जोड़ी बांग्लादेश का बेड़ा पार कर देगी लेकिन 32वें ओवर में परवेज के आउट होती ही भारतीय खेमे में खुशी की लहर दौड़ गई। उन्हें यशस्वी ने आकाश सिंह के हाथों लपकवाया। परवेज ने 79 गेंदों में 7 चौकों के दम पर 47 रन बनाए। उनका विकेट 143 के कुल स्कोर पर गिरा। यहां से अकबर और राकिबुल ने मोर्चा संभाला और बांग्लादेश की जिताकर लौटे। दोनों ने आठवें विकेट के लिए 27 रन की अविजित साझेदारी की। 

भारत की खराब शुरुआत

इससे पहले भारतीय टीम टॉस हारकर बल्लेबाजी करते हुए 47.2 ओवर में 177 रन बनाकर ऑल आउट हो गई। भारत के लिए सर्वाधिक रन यशस्वी जायसवाल (88) ने बनाए। भारतीय टीम की शुरुआत बेहद खराब रही। सलामी बल्लेबाज बांग्लादेशी यशस्वी जायसवाल और दिव्यांश सक्सेना रन बनाने के लिए बांग्लादेशी गेंदबाजों के आगे जूझते नजर आए। दोनों ने 6.4 ओवर में पहले विकेट के लिए महज 9 ही रन जोड़े। दिव्यांश के रूप में भारत को पहला झटका लगा। उन्हें अभिषेक दास ने पवेलियन की राह दिखाई। वह अभिषेक की गेंद पर गलत शॉट खेल बैठे और महमुदुल हसन के हाथों लपके गए। उन्होंने 17 गेंदों में सिर्फ 2 रन बनाए।

उनके बाद यशस्वी का साथ तिलक वर्मा ने निभाया। दोनों ने दूसरे विकेट के लिए 94 रन की साझेदारी की। यशस्वी और तिलक ने भले ही काफी देर तक भारत को झटका नहीं लगने दिया, लेकिन रनों की रफ्तार उम्मीदों के मुताबिक नहीं रही। तिलक 29वें ओवर की आखिरी गेंद पर पवेलयन लौटे। उन्हें तंजीम हसन साकिब ने शेरीफुल इस्लाम के हाथों कैच आउट कराया। उन्होंने 65 गेंदों में 3 चौकों की मदद से 38 रन की पारी खेली। उनका विकेट 103 के कुल स्कोर पर गिरा। 

नहीं चला कप्तान प्रियम का बल्ला

भारत का तीसरा विकेट कप्तान प्रियम गर्ग के रूप में गिरा। तिलक के आउट होने के बाद क्रीज पर आए प्रियम से उम्मीदें थीं कि वह टिककर रन बनाएंगे लेकिन ऐसा हो नहीं सका। भारतीय कप्तान सस्ते में अपना विकेट गंवा बैठे। उन्होंने 9 गेंदें खेलकर महज 7 रन बनाए। उन्हें राकिबुल हसन ने 32वें ओवर की तीसरी गेंद पर पवेलियन भेजा। उन्होंने राकिबुल की गेंद पर शॉट मारने की फिराक में तंजीम हसन को कैच थमा दिया। उनका विकेट 114 के कुल स्कोर पर गिरा।  

शतक से चूके यशस्वी जायसवाल

भारत को चौथा झटका यशस्वी जायसवाल के तौर पर लगा। शानदार फॉर्म में चल रहे यशस्वी ने एक बार फिर टिककर बल्लेबाजी की। सेमीफाइनल में शतकीया पारी खेलने वाले यशस्वी हालांकि शतक जड़ने से चूक गए। उन्होंने 121 गेंदों में 8 चौकों और 1 छक्के की बदौलत 88 रन बनाए। उन्हें शेरीफुल इस्लाम ने 39वें ओवर की पांचवीं गेंद पर आउट किया। वह बड़ा शॉट जमाने के प्रयास में तंजीद हसन के हाथों कैच आउट हो गए। उनका विकेट 156 के कुल स्कोर पर गिरा। इसके बाद शेरीफुल ने ओवर की आखिरी गेंद पर सिद्देश वीर को एलबीडब्ल्यू आउट कर भारत को पांचवां झटका दिया। वीर अपना खाता भी नहीं खोल सके।

पांच विकेट गिरने के बाद भारतीय टीम कुछ खास नहीं कर पाई और 177 रन तक ही पहुंच सकी। भारतीय टीम 13 पारियों में पहली बार ऑलआउट हुई है। ध्रुव जुरेल ने 22, अथर्व अंकोलेकर ने 3, रवि बिश्नोई ने 2, सुशांत मिश्रा ने 3, कार्तिक त्यागी शून्य और आकाश सिंह ने नाबाद 1 रन बनाया। बांग्लादेश की ओर से अभिषेक दास ने तीन, शारिफुल इस्लाम और तंजीम हसन शाकिब ने दो-दो जबकि राकिबुल हसन ने एक विकेट झटका। इसके अलावा बांग्लादेश ने भारत के दो बल्लेबाजों को रन आउट कर पवेलियन भेजा।

 

 

भारत की 2018 की विजेता टीम में पृथ्वी शॉ और शुभमान गिल थे जो सीनियर टीम में जगह बनाने में कामयाब रहे तो मौजूदा टीम में यशस्वी जायसवाल, स्पिनर रवि बिश्नोई और तेज गेंदबाज कार्तिक त्यागी है जो इस टूर्नामेंट के बाद स्टार बन गए। फाइनल का नतीजा भले भारत के पक्ष में नहीं रहा लेकिन उसने अंडर 19 स्तर पर अपना दबदबा स्थापित कर दिया। 

प्लेइंग इलेवन:

भारत: प्रियम गर्ग (कप्तान), यशस्वी जायसवाल, दिव्यांश सक्सेना, तिलक वर्मा, ध्रुव जुरेल (विकेटकीपर), सिद्धेश वीर, अथर्व अंकोलेकर, रवि बिश्नोई, सुशांत मिश्रा, कार्तिक त्यागी और आकाश सिंह।

बांग्लादेश: अकबर अली (कप्तान/ विकेटकीपर), परवेज हुसैन, तंजीद हसन, महमुदुल हसन जॉय, तौहित हृदॉय, शहादत हुसैन, अभिषेक दास, शमीम हुसैन, राकिबुल हसन, शेरीफुल इस्लाम और तंजीम हसन साकिब।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल

अगली खबर