BBL में फिर आया ग्लेन मैक्सवेल के बल्ले का तूफान, केवल चौकों छक्कों से जड़ दिए 112 रन

Glenn Maxwell's Record Century: ग्लेन मैक्सवेल ने बुधवार को बिग बैश लीग में होबार्ट हरिकेन्स के खिलाफ अपनी तूफानी बल्लेबाजी से कोहराम मचा दिया। 

Glenn-Maxwell-154-runs
ग्लेन मैक्सवेल 
मुख्य बातें
  • ग्लेन मैक्सवेल ने खेली 64 गेंद में 164 रन की तूफानी पारी
  • पारी के दौरान जड़े 22 चौके और 4 छक्के, 241 के स्ट्राइक रेट से बनाए रन
  • मेलबर्न स्टार्स ने उनकी पारी की बदौलत खड़े किए पारी में रिकॉर्ड रन

मेलबर्न: बिग बैश लीग में मेलबर्न स्टार्स की कप्तानी संभाल रहे ग्लेन मैक्सवेल की आतिशी बल्लेबाजी का दौर बुधवार को भी जारी रहा। मैक्सवेल ने होबार्ट हरिकेन्स के खिलाफ पारी की शुरुआत करते हुए 64 गेंद में नाबाद 154 रन की नाबाद आतिशी पारी खेली और अपनी टीम को 20 ओवर में 2 विकेट पर 273 रन का विशाल स्कोर खड़ा करने में अहम भूमिका अदा की। 

41 गेंद में मैक्सवेल ने जड़ दिया शतक
मैक्सवेल ने अपनी पारी में 22 चौके और 4 छक्के जड़े। यानी 154 में से 112 रन उन्होंने 26 गेंद में केवल चौकों-छक्कों की मदद से जड़ दिए। पारी का आगाज करने आए मैक्सवेल अंत तक नाबाद रहे। मैक्सवेल बीबीएल इतिहास में 150 रन से ज्यादा की पारी खेलने वाले पहले बल्लेबाज भी बन गए हैं। उन्होंने ये कारनाम 100वां बिग बैश लीग मैच खेलते हुए कर दिखाया। उन्होंने 41 गेंद में अपना शतक पूरा किया। यह बीबीएल इतिहास का दूसरा सबसे तेज शतक है। इसके बाद उन्होंने 62 गेंद में 150 रन के आंकड़े को पार किया। 

बीबीएल इतिहास में टीम ने बनाए सबसे ज्यादा रन 

उनकी टीम ने बीबीएल इतिहास का एक पारी में सबसे बड़ा स्कोर खड़ा कर दिया। हालांकि टी20 क्रिकेट में एक पारी में सबसे ज्यादा रन बनाने के टीम रिकॉर्ड को तोड़ने से मेलबर्न स्टार्स की टीम 5 रन के अंतर से चूक गई। ये रिकॉर्ड अफगानिस्तान की टीम के नाम दर्ज है जो उन्होंने साल 2019 में आयरलैंड के खिलाफ बनाया था। 

टी20 में एक टीम द्वारा बनाया सबसे बड़ा स्कोर
278: अफगानिस्तान बनाम आयरलैंड(2019)
278: चेक रिपब्लिक बनाम टर्की (2019)
273: मेलबर्न स्टार्स बनाम होबार्ट हरिकेन्स(2022)*
267: त्रिनबागो नाइट राइडर्स बनाम जमैका तलावाहस(2019)
263: आरसीबी बनाम पुणे वॉरियर्स इंडिया (2013)
263: ऑस्ट्रेलिया बनाम श्रीलंका (2016)

मैक्सवेल-क्लार्क ने दिलाई मेलबर्न को धमाकेदार शुरुआत
मैक्सवेल और जो क्लार्क की जोड़ी ने मेलबर्न को आतिशी शुरुआत दिलाई। दोनों ने 6.5 ओवर में 97 की साझेदारी कर ली थी लेकिन सातवें ओवर की आखिरी गेंद पर क्लार्क 18 गेंद में 35 रन बनाकर कान की गेंद पर लपके गए। इसके बाद बल्लेबाजी करने आए निक लारकिन भी 7 गेंद में 3 रन बनाकर थॉमसन की गेंद पर बोल्ड हो गए। लेकिन जब वो आउट हुए तब तक मेलबर्न स्टार्स का स्कोर 11 ओवर में 141 रन तक पहुंच गया था।

मैक्सवेल और स्टोइनिस के बीच हुई आतिशी साझेदारी
दो विकेट गंवाने के बाद मैक्सवेल का साथ देने मार्कस स्टोइनिस आए। दोनों बल्लेबाजों ने दोनों छोर से चौकों छक्कों की झड़ी लगा दी। स्टोइनिस ने 31 गेंद में 75 रन की पारी खेली। इस दौरान उन्होंने 4 चौके और 6 छक्के जड़े। दोनों के बीच 54 गेंद में 132 रन की नाबाद साझेदारी करके अपनी टीम को रिकॉर्ड स्कोर तक पहुंचा दिया। स्टोइनिस की बल्लेबाजी का स्ट्राइक रेट भी 242 का रहा। 
 

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल

अगली खबर