बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान की जोड़ी ने बनाया नया वर्ल्ड रिकॉर्ड 

पाकिस्तान की बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान की सलामी जोड़ी ने इंग्लैंड के खिलाफ सीरीज के दूसरी टी20 में टीम को रिकॉर्डतोड़ जीत दिला दी।

Babar-Azam-Mohammad-Rizwan-
बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान( साभार Pakistan Cricket)  |  तस्वीर साभार: Twitter
मुख्य बातें
  • बाबर और रिजवान की जोड़ी ने इंग्लैंड के खिलाफ की अंतरराष्ट्रीय टी20 में लक्ष्य का पीछा करते हुए सबसे बड़ी साझेदारी
  • दोनों ने पहले विकेट के लिए 117 गेंद में जोड़े नाबाद 203 रन
  • अंतरराष्ट्रीय टी20 की पहली दो हजारी जोड़ी बनने से महज 71 रन दूर हैं बाबर-रिजवान

कराची: अंतरराष्ट्रीय टी20 में दुनिया की सर्वश्रेष्ठ सलामी जोड़ियों में शुमार बाबर आजम और मोहम्मद रिजवान की जोड़ी ने इंग्लैंड के खिलाफ 7 मैच की सीरीज के दूसरे मुकाबले में धमाकेदार बल्लेबाजी की। दोनों ने मिलकर जीत के लिए मिले 200 रन के लक्ष्य को 19.3 ओवर में बगैर किसी नुकसान के हासिल कर टीम को 10 विकेट से जीत दिलाई और सीरीज में 1-1 की बराबरी करा दी।

लक्ष्य का पीछा करते हुए सबसे बड़ी साझेदारी 
बाबर-रिजवान की जोड़ी ने इस मुकाबले में पाकिस्तान की टीम को 3 गेंद और 10 विकेट रहते धमाकेदार जीत दिलाई। अंतरराष्ट्रीय टी20 में दूसरा शतक जड़ने वाले बाबर ने 66 गेंद में नाबाद 110 और मोहम्मद रिजवान ने 51 गेंद में नाबाद 88 रन की पारी खेली। दोनों के बीच पहले विकेट के लिए 117 गेंद में 203 रन की नाबाद साझेदारी हुई। दोनों ने अंतरराष्ट्रीय टी20 में लक्ष्य का पीछा करते हुए किसी भी विकेट के लिए हुई सबसे बड़ी साझेदारी का नया रिकॉर्ड कायम कर दिया। इससे पहले भी यह रिकॉर्ड इसी जोड़ी के नाम दर्ज था जो उन्होंने द. अफ्रीका के खिलाफ पिछले साल बनाया था। तब दोनों के बीच 197 रन की साझेदारी हुई थी। 

पाकिस्तान के लिए साझेदारियों का बढ़ रहा है हिसाब 
पाकिस्तान के लिए अंतरराष्ट्रीय टी20 में पांच सबसे बड़ी साझेदारी का रिकॉर्ड बाबर और रिजवान की जोड़ी के ही नाम दर्ज है। गुरुवार की 203 रन की साझेदारी के अलावा दोनों दक्षिण अफ्रीका के खिलाफ 197 रन की, वेस्टइंडीज के खिलाफ 158 रन की, भारत के खिलाफ टी20 विश्व कप में नाबाद 152* रन की और इंग्लैंड के खिलाफ 150 रन की साझेदारी कर चुके हैं। ये सभी साझेदारियां पिछले साल यानी साल 2021 में हुई थीं। 

दो हजारी जोड़ी बनने के करीब
मोहम्मद रिजवान और बाबर आजम की जोड़ी अंतरराष्ट्रीय टी20 में 2 हजार रन बनाने वाली जोड़ी बनने से अबकुल 71 रन दूर है। अंतरराष्ट्रीय टी20 में इस मुकाम पर पहुंचने वाली यह दुनिया की पहली जोड़ी होगी। दोनों ने 36 पारियों में एक साथ बल्लेबाजी करते हुए 56.73 के शानदार औसत के साथ कुल 1929 रन जोड़ चुके हैं। जिसमें 7 शतकीय और 6 अर्धशतकीय साझेदारियां शामिल हैं। बाबर रिजवान की जोड़ी पहले ही अंतरराष्ट्रीय टी20 की नंबर वन जोड़ी रन बनाने के मामले में है। इस जोड़ी के बाद रोहित शर्मा और शिखर धवन की जोड़ी ने 1743 रन 33.51 के औसत से बनाए हैं।
 

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल

अगली खबर