आज के दिन: रोहित शर्मा ने जड़ी थी तीसरी डबल सेंचुरी, पत्‍नी रितिका के नहीं रुक पा रहे थे आंसू

Rohit Sharma: 13 दिसंबर 2017 को टीम इंडिया के बल्‍लेबाज रोहित शर्मा ने बतौर कप्‍तान के रूप में दोहरा शतक जमाया था। यह उनका तीसरा दोहरा शतक रहा। चलिए आपको इस पारी से जुड़ी कुछ खास बातें बतातें हैं।

ritika sajdeh and rohit sharma
रितिका सजदेह और रोहित शर्मा 
मुख्य बातें
  • 13 दिसंबर 2017 को रोहित शर्मा ने श्रीलंका के खिलाफ मोहाली में नाबाद 208 रन बनाए थे
  • रोहित शर्मा के करियर का तीसरा जबकि श्रीलंका के खिलाफ दूसरा दोहरा शतक था
  • वीरेंद्र सहवाग के बाद रोहित कप्‍तान के रूप में दोहरा शतक जमाने वाले दूसरे बल्‍लेबाज बने थे

नई दिल्‍ली: रोहित शर्मा की ओपनर के रूप में विरासत का ब्रह्मांड और समय में निर्विरोध है। जब से उन्‍हें मिडिल ऑर्डर से ओपनिंग पर लाया गया है, रोहित सफेद गेंद क्रिकेट के दिग्‍गज खिलाड़ी बन गए हैं। कलाईयों का सही उपयोग, दमदार शॉट्स और बेहतरीन टाइमिंग ने रोहित शर्मा को आधुनिक युग के सर्वश्रेष्‍ठ बल्‍लेबाज में से एक बनाया है। वनडे क्रिकेट में डबल सेंचुरी हमेशा ही बड़ी उपलब्धि माना जाता है। जब 2010 में सचिन तेंदुलकर ने यह उपलब्धि अपने खाते में जोड़ी तो कई लोगों ने कल्‍पना भी नहीं की थी कि कोई और यह कमाल दोहरा पाएगा।

उल्‍लेखनीय है कि अपने अब तक के करियर में रोहित शर्मा ने वनडे क्रिकेट में यह कमाल तीन बार किया है। मुंबई के बल्‍लेबाज ने श्रीलंका के खिलाफ दो जबकि ऑस्‍ट्रेलिया के खिलाफ एक दोहरा शतक जड़ा है। 2017 में हिटमैन ने अपना तीसरा व आखिरी दोहरा शतक आज ही के दिन जमाया था। 13 दिसंबर 2017 को भारतीय टीम मोहाली में श्रीलंका के खिलाफ तीन मैचों की सीरीज का दूसरा वनडे खेल रही थी। श्रीलंका के पास सीरीज जीतने का मौका था। मेहमान टीम ने धर्मशाला में खेले गए पहले वनडे में भारत को केवल 113 रन पर ऑलआउट करके मुकाबला जीत लिया था।

दक्षिण अफ्रीका दौरे को देखते हुए भारतीय टीम श्रीलंका के हाथों सीरीज हार झेल नहीं सकती थी। टीम इंडिया का टॉप-ऑर्डर प्रदर्शन करने के लिए दबाव में था। रोहित शर्मा पर अतिरिक्‍त दबाव था क्‍येंकि वह सीरीज में कप्‍तान की भूमिका भी निभा रहे थे। विराट कोही तब लंबे ब्रेक पर थे। विराट कोहली को जोर देकर शामिल करने की मांग उठ रही थी, लेकिन मोहाली में जो हुआ, उसने सभी आलोचनाओं को खामोश कर दिया।

नहीं लगा कि हो पाएगा दोहरा शतक

रोहित और शिखर धवन ने एक अंदाज में शुरूआत की, जिसमें धवन ने आक्रमकता दिखाई। रोहित शर्मा शुरूआत में संभलकर खेल रहे थे, लेकिन धवन के आउट होने के बाद श्रेयस अय्यर आए और उन्‍होंने रोहित के साथ मिलकर पारी आगे बढ़ाई। रोहित शर्मा क्रीज पर जम चुके थे और शॉट्स की प्रदर्शनी शुरू हो चुकी थी। 40वें ओवर में रोहित शर्मा ने 16वां वनडे शतक पूरा किया और लगातार तेजी से रन बना रहे थे।

200 का आंकड़ा किसी के दिमाग में नहीं था। 44वां ओवर सुरंगा लकमल डालने आए। रोहित शर्मा ने उस ओवर में चार छक्‍के जमा दिए और फिर यहां से कोई रुकावट नहीं आई। नुवान प्रदीप ने 47वां ओवर डाला, जिसमें 18 रन जमाए गए। 49वें ओवर में रोहित शर्मा 191 रन बनाकर खेल रहे थे। तब सुगबुगाहट हुई कि वो दोहरा शतक पूरा कर लेंगे। थिसारा परेरा ने रोहित शर्मा को दोहरा शतक पूरा करने में मदद की। उन्‍होंने फुलटॉस गेंद डालकर रोहित को दोहरा शतक पूरा करने में मदद की। हिटमैन ने 12 छक्‍के और 13 चौके की मदद से नाबाद 208 रन बनाए। भारत ने 50 ओवर में चार विकेट पर 392 रन बनाए।

रितिका सजदेह नहीं रोक पाईं आंसू

रोहित शर्मा के तीसरा दोहरा शतक पूरा करते ही उनकी पत्‍नी रितिका सजदेह स्‍टैंड्स में बैठे अपने आंसुओं पर काबू नहीं कर पाईं। सबको लगा कि रोहित शर्मा की पत्‍नी के आंसू इसलिए निकले क्‍योंकि उनके पति ने तीसरा दोहरा शतक पूरा किया। मगर बात यह थी कि आखिरी ओवर में रोहित ने डाईव लगाई थी, जिस पर रितिका चिंतित थीं। इस वजह से उनके आंसू नहीं थम रहे थे। रोहित ने अंगूठी को चूमकर अपने तीसरे दोहरे शतक का जश्‍न मनाया था। यह विशेष इसलिए था क्‍योंकि रोहित शर्मा ने शादी की सालगिरह पर पत्‍नी रितिका सजदेह को दोहरा शतक जमाकर शानदार उपहार दिया था। 

याद हो कि वीरेंद्र सहवाग के बाद रोहित शर्मा दूसरे कप्‍तान बने, जिन्‍होंने दोहरा शतक जमाया हो। बता दें कि टीम इंडिया ने पहले बल्‍लेबाजी की और निर्धारित 50 ओवर में 4 विकेट खोकर 392 रन बनाए। जवाब में श्रीलंकाई टीम 50 ओवर में 8 विकेट पर 251 रन ही बना सकी। भारतीय टीम ने 141 रन से मुकाबला अपने नाम किया।

देश और दुनिया की ताजा ख़बरें (Hindi News) अब हिंदी में पढ़ें | क्रिकेट (Cricket News) की खबरों के लिए जुड़े रहे Timesnowhindi.com से | आज की ताजा खबरों (Latest Hindi News) के लिए Subscribe करें टाइम्स नाउ नवभारत YouTube चैनल

अगली खबर