LIVE BLOG
More UpdatesMore Updates

IND vs PAK T20 Highlights: भारत ने किया पाकिस्तान से हिसाब चुकता, रोहित ब्रिगेड का एशिया कप में रोमांचक आगाज

Asia Cup 2022, India vs Pakistan T20 Match Highlights: भारत ने रविवार को चिर प्रतिद्वंद्वी पाकिस्तान के खिलाफ रोमांचक जीत दर्ज की। भारत को 148 रन का लक्ष्य मिला था।

India vs Pakistan T20 Match Highlights
India vs Pakistan T20 Match Highlights

भारत ने एशिया कप 2022 में रोमांचक आगाज किया है। भारत ने रविवार को पाकिस्तान के खिलाफ 5 विकेट से जीत हासिल की। पाकिस्तान ने दुबई इंटरनेशनल स्टेडियम में खेले गए मुकाबले में 148 रन का लक्ष्य रखा, जिसे भारत ने 19.4 ओवर में 5 विकेट गंवाकर हासिल कर लिया। इस जीत के साथ भारत ने पाकिस्तान से पिछले साल टी20 विश्व कप में मिली हार का हिसाब चुकता कर लिया है। भारत को तब दुबई के मैदान पर पाकिस्तान ने 10 विकेट से हराया था। 

ऐसा रहा भारतीय पार पारी का हाल

लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत की शुरुआत अच्छी नहीं रही। सलामी बल्लेबाज केएल राहुल बिना खाता खोले पहले ओवर में विकेट गंवा बैठे। उन्हें डेब्यूटेंट नसीम शाह ने बोल्ड किया। कप्तान रोहित शर्मा और विराट कोहली ने दूसरे विकेट के लिए 49 रन की अहम  साझेदारी की। हालांकि, रोहित लय में नजर नहीं आए और 18 गेंदों में 12 रन बनाकर आउट हो गए। उन्होंने एक छक्का लगाया। रोहित को आठवें ओवर में मोहम्मद नवाज ने इफ्तिखार अहमद के हाथों लपकवाया।

भारत का तीसरा विकेट विराट कोहली के तौर पर गिरा, जो 10वें ओवर में पवेलियन लौटे। उन्हें भी नवाजा ने इफ्तिखार के हाथों कैच कराया। कोहली ने 34 गेंदों में 35 रन जुटाए। उन्होंने 3 चौके और 1 सिक्स जड़ा। रवींद्र जडेजा और सूर्यकुमार यादव ने चौथे विकेट के लिए 36 रन की पार्टनरशिप की। यह साझेदारी नसीम ने 15वें ओवर में सूर्यकुमार को बोल्ड कर तोड़ी। उन्होंने 18 गेंदों में 18 रन बनाए। उन्होंने एक चौका मारा।

हार्दिक पांड्या ने लगाया विजयी छक्का

वहीं, भारत को पांचवां झटका जडेजा के रूप में 20वें ओवर की पहली गेंद पर लगा, जिन्हें नवाज ने बोल्ड किया। उन्होंने 29 गेंदों में 2 चौकों और 2 छक्कों की बदौलत 35 रन की पारी खेली। जडेजा ने हार्दिक पांड्या के साथ पांचवें विकेट के लिए 52 रन की दमदार साझेदारी की। जडेजा के जाने के बाद पांड्या ने भारत की जीत की नैया पार लगाई। भारत को आखिरी ओवर में जीत के लिए 7 रन की जरूरत थी। पांड्या ने छक्का लगाकर विजय दिलाई। पांड्या ने 17 गेंदों में नाबाद 33 रन जुटाए। उन्होंने 4 चौके और 1 सिक्स ठोका। दिनेश कार्तिक 1 रन बनाकर नाबाद रहे।

पाकिस्तान टीम 19.5 ओवर में हुई ढेर

इससे पहले, टॉस हारकर पहले बल्लेबाजी करने उतरी पाकिस्तान टीम 19.5 ओवर में 147 रन पर ढेर हो गई। भारत के लिए भुवनेश्वर कुमार ने सर्वाधिक चार विकेट चटकाए। हार्दिश पांड्या ने तीन और अर्शदीप सिंह दो विकेट झटके। आवेश खान को एक सफलता मिली। पाकिस्तान ने निराशाजनक आगाज किया और 15 के कुल स्कोर पर पहला विकेट खो दिया। कप्तान बाबर आजम तीसरे ओवर में भुवनेश्वर कुमार का शिकार बने। उन्होंने अर्शदीप सिंह को कैच थमाया। बाबर ने 9 गेंदों में 10 रन बनाए। उन्होंने 2 चौके लगाए। पाकिस्तान को दूसरा झटका फखर जमान के रूप में लगा, जिन्हें आवेश खान ने छठे ओवर में पवेलियन भेजा। उन्होंने विकेटकीपर कार्तिक कैच थमाने से पहले 6 गेंदों में 2 चौकों के जरिए 10 रन जुटाए। उन्होंने ओपनर मोहम्मद रिजवान के साथ दूसरे विकेट के लिए 27 रन जोड़े।

रिजवान और इफ्तिखार ने 45 रन जोड़े

यहां से रिजवान और इफ्तिखार अहमद ने पाकिस्तान की पारी को आगे बढ़ाया। दोनों ने तीसरे विकेट के लिए 45 रन की साझेदारी की। यह पार्टनरशिप इफ्तिखार के 13वें ओवर में आउट होने पर टूटी। उन्होंने हार्दिक पांड्या की गेंद पर कार्तिक को कैच थमाया। इफ्तिखार ने 22 गेंदों में 2 चौकों और 1 छक्के की मदद से 28 रन की पारी खेली। इसके बाद हार्दिक ने 15वें ओवर में दो विकेट झटके दिए। उन्होंने पहली गेंद पर रिजवान को आवेश के हाथों लपकवाया। रिजवान ने 42 गेंदों में 4 चौकों और 1 छक्के के दम पर 43 रन जुटाए। हार्दिक ने ओवर की चौथी गेंद पर खुशदिल शाह (2) को रवींद्र जडेजा के हाथों कैच कराया।

भुवनेश्वर ने एक ओवर में किए दो शिकार 

पाकिस्तान का छठा विकेट आसिफ अली के तौर पर गिरा। उन्हें भुवनेश्वर ने 17वें ओवर में अपने जाल में फंसाया। वह सिक्स मारने के चक्कर में सूर्यकुमार यादव को कैच दे बैठे। अर्शदीप ने 18वें ओवर में मोहम्मद नवाज को अपना शिकार बनाया। नवाज ने कट शॉट खेलने की फिराक में कार्तिक को कैच थमाया। उन्होंने 3 गेंदों में 1 रन बनाया। भुवनेश्वर ने 19वें ओवर में दो शिकार किए। उन्होंने दूसरी गेंद पर शादाब खान (10) और तीसरी गेंद पर नसीम शाह (0) को एलबीडब्ल्यू किया। अर्शदीप ने 20वें ओवर की पांचवीं गेंद पर शाहनवाज दहानी को बोल्ड कर पाकिस्तान की पारी को समेट दिया। दहानी ने 6 गेंदों में 2 छक्कों के जरिए 16 रन जुटाए। हारिस रऊफ 7 गेंदों में 13 रन बनाकर नाबाद रहे।

टी20 में आपसी मुकाबलों में ऐसा है रिकॉर्ड
भारत और पाकिस्तान के बीच अब तक कुल 10 अंतरराष्ट्रीय टी20 मुकाबले खेले गए हैं, जिसमें से 8 में भारत और 2 में पाकिस्तान विजयी रहा है। अगर एशिया कप में दोनों के बीच हुए मुकाबलों पर नजर डालें तो वहां भी भारत का पलड़ा भारी रहा है। एशिया कप में दोनों के बीच अभी तक कुल 15 मैच खेले गए हैं। इस दौरान 9 में भारत और 5 में पाकिस्तान को जीत मिली। साल 1997 में दोनों के बीच खेला मुकाबला बराबरी पर समाप्त हुआ था। 

India vs Pakistan Playing 11

भारत की प्लेइंग इलेवन: रोहित शर्मा (कप्तान), केएल राहुल, विराट कोहली, सूर्यकुमार यादव, दिनेश कार्तिक (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, रवींद्र जडेजा, भुवनेश्वर कुमार, आवेश खान, युजवेंद्र चहल, अर्शदीप सिंह।

पाकिस्तान की प्लेइंग इलेवन: बाबर आजम (कप्तान), फखर जमान, मोहम्मद रिजवान (विकेटकीपर), इफ्तिखार अहमद, खुशदिल शाह, आसिफ अली, शादाब खान, मोहम्मद नवाज, नसीम शाह, हारिस रऊफ, शाहनवाज दहानी।

Aug 28, 2022  |  11:51 PM (IST)
भारत ने पाकिस्तान को दी मात

भारत ने पाकिस्तान को 5 विकेट से मात दी है। हार्दिक पांड्या ने मोहम्मद नवाज के खिलाफ विजयी छक्का लगाया। हार्दिक ने 17 गेंदों में नाबाद 33 रन बनाए। वहीं, दिनेश कार्तिक 1 रन बनाकर नाबाद रहे। बता दें कि नवाज ने रवींद्र जडेजा (29 गेंदों में 35) को आखिरी ओवर की पहली गेंद बोल्ड कर भारतीय फैंस की धड़कनें बढ़ा दी थीं। हालांकि, हार्दिक ने संयम बरता और मौका मिलता ही सिक्स ठोक दिया।

19.4 ओवर के बाद भारत का स्कोर 148/5, वाइड-9, लेग बाई-5 रन। 
 

Aug 28, 2022  |  11:38 PM (IST)
भारत को 7 रन की जरूरत

IND vs PAK T20 Live Score: हारिस रऊफ ने 19वें ओवर में 14 रन दिए। हार्दिक ने तीसरी, चौथी और छठी गेंद पर चौका ठोका। भारत को आखिरी ओवर में जीत के लिए 7 रन की जरूरत है।

19 ओवर के बाद भारत का स्कोर 141/4, वाइड-9, लेग बाई-5 रन। रवींद्र जडेजा 35* और हार्दिक पांड्या 27* रन बनाकर खेल रहे हैं।

Aug 28, 2022  |  11:31 PM (IST)
भारतीय टीम को 21 रन चाहिए

IND vs PAK T20 Live Score: नसीम शाह ने 18वें ओवर में 11 रन दिए। जडेजा ने दो शानदार शॉट लगाए। उन्होंने पहली गेंद पर चौका और पांचवीं गेंद पर सिक्स जमाया। भारत को अब जीत के लिए 12 गेंदों में 21 रन की दरकार है।

18 ओवर के बाद भारत का स्कोर 127/4, वाइड-9, लेग बाई-5 रन। रवींद्र जडेजा 34* और हार्दिक पांड्या 14* रन बनाकर खेल रहे हैं।
 

Aug 28, 2022  |  11:20 PM (IST)
भारत को 32 रन की दरकार

IND vs PAK T20 Live Score: रऊफ ने 17वें ओवर में 9 रन दिए। उन्होंने तीन वाइड और एक लेग बाई दिया। पांड्या ने तीन और जडेजा ने 2 रन जुटाए। भारत को अब जीत के लिए 18 गेंदों में 32 रन चाहिए।

17 ओवर के बाद भारत का स्कोर 116/4, वाइड-8, लेग बाई-5 रन। रवींद्र जडेजा 24* और हार्दिक पांड्या 14* रन बनाकर खेल रहे हैं।

Aug 28, 2022  |  11:12 PM (IST)
भारत को 41 रन की जरूरत

IND vs PAK T20 Live Score: दहानी ने 16वें ओवर में 10 रन दिए, जिसमें 3 वाइड के रन आए। वहीं, पांड्या ने चार और जडेजा ने तीन रन बनाए। भारत को अब जीत के लिए 24 गेंदों में 41 रन की जरूरत है।

16 ओवर के बाद भारत का स्कोर 107/4, वाइड-5, लेग बाई-4 रन। रवींद्र जडेजा 22* और हार्दिक पांड्या 11* रन बनाकर खेल रहे हैं।

Aug 28, 2022  |  11:03 PM (IST)
सूर्यकुमार यादव हुए बोल्ड

IND vs PAK T20 Live Score: भारत को चौथा झटका सूर्यकुमार यादव के रूप में लगा है। कोहली के जाने के बाद बैटिंग के लिए आए सूर्यकुमार ने 18 गेंदों में 1 चौके की मदद से 18 रन की पारी खेली। उन्हें नसीम शाह ने 15वें ओवर की दूसरी गेंद पर बोल्ड किया। वह ऑफ स्टंप के पर आई गेंद पर जोरदार शॉट मारने की कोशिश में थे मगर उनका स्टंप उखड़ गया। उन्होंने चौथे विकेट के लिए जडेजा के संग 36 रन की साझेदारी की।

15 ओवर के बाद भारत का स्कोर 97/4, वाइड-2, लेग बाई-4 रन। रवींद्र जडेजा 19* और हार्दिक पांड्या 7* रन बनाकर खेल रहे हैं।

Aug 28, 2022  |  10:58 PM (IST)
दहानी ने खर्च किए 6 रन

IND vs PAK T20 Live Score: दहानी ने 14वें ओवर में नपी-तुली गेंदबाजी की और 6 रन खर्च किए, जिसमें एक वाइड शामिल है। वहीं, सूर्यकुमार ने तीन और जडेजा ने 2 रन जुटाए।

14 ओवर के बाद भारत का स्कोर 89/3, वाइड-2, लेग बाई-4 रन। रवींद्र जडेजा 18* और सूर्यकुमार यादव 18* रन बनाकर खेल रहे हैं।

Aug 28, 2022  |  10:50 PM (IST)
शादाब खान का स्पेल हुआ खत्म

IND vs PAK T20 Live Score: स्पिनर शादाप खान का चार ओवर का स्पेल खत्म हो गया है। उन्होंने इस दौरान 19 रन दिए और कोई विकेट नहीं चटकाया। उन्होंने 13वें ओवर में 6 रन खर्च किए। सूर्यकुमार ने 5 और जडेदा ने एक रन बनाया।
13 ओवर के बाद भारत का स्कोर 83/3, वाइड-1, लेग बाई-4 रन। रवींद्र जडेजा 16* और सूर्यकुमार यादव 15* रन बनाकर खेल रहे हैं।

Aug 28, 2022  |  10:48 PM (IST)
रवींद्र जडेजा ने ठोका फॉर

IND vs PAK T20 Live Score: मोहम्मद नवाज ने 12वें ओवर में 8 रन खर्च किए। जडेजा ने तीसरी गेंद पर गेंद को बाउंड्री के पार पहुंचाया। उन्होंने फुलर गेंद पर चहलकदमी करते हुए सामने की दिशा में चौका मारा।
12 ओवर के बाद भारत का स्कोर 77/3, वाइड-1, लेग बाई-4 रन। रवींद्र जडेजा 15* और सूर्यकुमार यादव 10* रन बनाकर खेल रहे हैं।
 

Aug 28, 2022  |  10:43 PM (IST)
सूर्यकुमार यादव ने लगाया चौका

IND vs PAK T20 Live Score: शादाब खान ने 11वें ओवर में 7 रन खर्च किए। सूर्यकुमार ने चौथी गेंद पर शानदार चौका लगाया। उन्होंने स्वीप शॉट खेलकर बाउंड्री हासिल की। 
11 ओवर के बाद भारत का स्कोर 69/3, वाइड-1, लेग बाई-4 रन। रवींद्र जडेजा 8* और सूर्यकुमार यादव 8* रन बनाकर खेल रहे हैं।
 

Aug 28, 2022  |  10:37 PM (IST)
विराट कोहली भी लौटे पवेलियन

IND vs PAK T20 Live Score: भारत को एक और बड़ा झटका  लगा है। टिककर बल्लेबाजी कर रहे विराट कोहली पवेलियन लौट गए हैं। उन्हें नवाज ने 10वें ओवर की पहली गेंद पर अपने जाल में फंसाया। कोहली कदमों का इस्तेमाल करते हुए सिक्स लगाने की फिराक में थे और लॉन्ग ऑफ पर इफ्तिखार को कैच थमा बैठे। उन्होंने 34 गेंदों में 3 चौकों और 1 छक्के के जरिए 35 रन की पारी खेली।

10 ओवर के बाद भारत का स्कोर 62/3, वाइड-1, लेग बाई-4 रन। रवींद्र जडेजा 8* और सूर्यकुमार यादव 2* रन बनाकर खेल रहे हैं।
 

Aug 28, 2022  |  10:28 PM (IST)
शाबाद खान ने दिए 3 रन

IND vs PAK T20 Live Score: रोहित के विकेट गिरने का असर शादाब द्वारा डाले गए नौवें ओवर में नजर आया। भारत को सिर्फ 3 रन मिले। कोहली ने दो और जडेजा ने एक रन बनाया।
9 ओवर के बाद भारत का स्कोर 53/2, वाइड-1, लेग बाई-4 रन। विराट कोहली 34* और रवींद्र जडेजा 1* रन बनाकर खेल रहे हैं।
 

Aug 28, 2022  |  10:26 PM (IST)
रोहित शर्मा बने नवाज का शिकार

IND vs PAK T20 Live Score: भारत को दूसरा झटका रोहित शर्मा के तौर पर लगा है। रोहित 18 गेंदों में 12 रन बनाने के बाद आठवें में मोहम्मद नवाज का शिकार बन गए। वह चौथी गेंद पर सिक्स जड़ने के बाद छठी गेंद पर भी बड़ा शॉट लगाना चाहते थे और  लांग ऑफ पर इफ्तिखार अहमद के हाथों लपके गए। उन्होंने दूसरे विकेट के लिए कोहली के साथ 49 रन की पार्टनरशिप की।

8 ओवर के बाद भारत का स्कोर 50/2, वाइड-1, लेग बाई-4 रन। विराट कोहली 33* और रवींद्र जडेजा 0* क्रीज पर हैं।
 

Aug 28, 2022  |  10:20 PM (IST)
‏शादाब ने किफायती ओवर डाला

IND vs PAK T20 Live Score: कप्तान बाबर ने सातवें ओवर में स्पिनर शादाब खान को गेंद थमाई, जिसमें उन्होंने किफायती गेंदबाजी की। शादाब ने केवल 3 रन दिए। कोहली ने दो और रोहित ने एक सिंगल निकाला।

7 ओवर के बाद भारत का स्कोर 41/1, वाइड-1, लेग बाई-4 रन। रोहित शर्मा 5* और विराट कोहली 30* क्रीज पर हैं।
 

Aug 28, 2022  |  10:16 PM (IST)
पहला पावर प्ले हुआ समाप्त

IND vs PAK T20 Live Score: पहला पावर प्ले समाप्त हो गया है और भारत शुरुआती झटके से काफी हद तक उबर चुका है। छठा ओवर रऊफ ने किया और 9 रन खर्च किए। कोहली ने दूसरी गेंद पर चौका लगाया जबकि चौथी गेंद पर लेग बाई के चार रन आए।

6 ओवर के बाद भारत का स्कोर 38/1, वाइड-1, लेग बाई-4 रन। रोहित शर्मा 4* और विराट कोहली 29* क्रीज पर हैं।
 

Aug 28, 2022  |  10:11 PM (IST)
कोहली ने दहानी पर जड़ा फॉर

IND vs PAK T20 Live Score: कोहली ने पांचवां ओवर करने आए दहानी के विरुद्ध फिर अपने हाथ खोले। उन्होंने पांचवें स्‍टंप पर आई गुड लेंथ पर पैर निकलकर ड्राइव मारा और  डीप प्‍वाइंट की दिशा में चौका हासिल किया।

5 ओवर के बाद भारत का स्कोर 29/1, वाइड-1 रन। रोहित शर्मा 4* और विराट कोहली 24* क्रीज पर हैं।
 

Aug 28, 2022  |  10:07 PM (IST)
कोहली को मिला किस्मत का सिक्स

IND vs PAK T20 Live Score: पाकिस्तान के लिए चौथा ओवर हारिस रऊफ ने किया। उन्होंने 8 रन दिए। कोहली को पांचवीं गेंद पर किस्मत का सिक्स मिला। दरअसल, कोहली बाउंसर पर पुल करना चाहते थे लेकिन गेंद उनके बल्‍ले का किनारा लेकर विकेटकीपर रिजवान के सिर के ऊपर से बाउंड्री के पार चली गई।

4 ओवर के बाद भारत का स्कोर 23/1, वाइड-1 रन। रोहित शर्मा 3* और विराट कोहली 19* क्रीज पर हैं।

Aug 28, 2022  |  10:02 PM (IST)
नसीम शाह ने खर्च किए 5 रन

IND vs PAK T20 Live Score: पहले ओवर में तीन रन देने वाले नसीम शाह ने तीसरे ओवर में 5 रन खर्च किए। कोहली ने डबल के अलावा दो सिंगल निकाले। रोहित ने एक रन जुटाया।

3 ओवर के बाद भारत का स्कोर 15/1, वाइड-1 रन। रोहित शर्मा 2* और विराट कोहली 12* क्रीज पर हैं।

Aug 28, 2022  |  09:57 PM (IST)
विराट कोहली ने खोले अपने हाथ

IND vs PAK T20 Live Score: कोहली ने दूसरा ओवर करने आए शाहनवाज दहानी के खिलाफ अपने हाथ खोले। उन्होंने शुरुआत तीन गेंदों पर कोई रन नहीं बनाया और चौथी गेंद पर डबल लिया। इसके बाद कोहली ने पांचवीं गेंद पर शानदार पुल शॉट खेलकर चौका बटोरा।

2 ओवर के बाद भारत का स्कोर 10/1, वाइड-1 रन। रोहित शर्मा 1* और विराट कोहली 8* क्रीज पर हैं।

Aug 28, 2022  |  09:50 PM (IST)
भारती की खराब शुरुआत, राहुल बोल्ड

IND vs PAK T20 Live Score: लक्ष्य का पीछा करते हुए भारत ने शुरुआत खराब की है। सलामी बल्लेबाज केएल राहुल पहले ओवर की दूसरी गेंद पर डेब्यूटेंट नसीम शाह का शिकार बन गए। राहुल सही से कनेक्ट नहीं कर पाए और गेंद उनके बल्ले काअंदरूनी किनारा लेकर विकेटों में घुस गई। उनका खाता भी नहीं खुला।

1 ओवर के बाद भारत का स्कोर 3/1, वाइड-1 रन। रोहित शर्मा 1* और विराट कोहली 1* क्रीज पर हैं।