6 गेंदों में चाहिए थे 16 रन, 'सुपर ओवर' से हुआ फैसलाः जानिए सबसे रोमांचक 18 गेंदों का पूरा हाल

Delhi Capitals vs Sunrisers Hyderabad, IPL 2021: सनराइजर्स हैदराबाद और दिल्ली कैपिटल्स के बीच आईपीएल 2021 में अब तक का सबसे रोमांचक मैच खेला गया। मैच का नतीजा कैसे सुपर ओवर से शानदार अंदाज में निकला।

Delhi Capitals vs Sunrisers Hyderabad IPL 2021 Super Over
दिल्ली कैपिटल्स बनाम सनराइजर्स हैदराबाद सुपर-ओवर (BCCI/IPL) 
मुख्य बातें
  • आईपीएल 2021- सनराइजर्स हैदराबाद बनाम दिल्ली कैपिटल्स
  • दिल्ली कैपिटल्स ने सुपर ओवर में जीता मुकाबला
  • रोमांचक रही अंतिम 18 गेंदें, केन विलियमसन का अर्धशतक भी काम नहीं आया

चेन्नई के एमए चिदंबरम स्टेडियम में आईपीएल 2021 का सबसे रोमांचक मुकाबला खेला गया। अब तक इस सीजन में कई मैच अंतिम गेंद तक पहुंचे लेकिन रविवार रात दिल्ली कैपिटल्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच खेला गया मुकाबला धमाकेदार रहा। मैच में इतने रन तो नहीं बने जितना सोचा था लेकिन दोनों टीमों ने अपना पूरा जोर लगाया और निर्धारित 20-20 ओवरों में के बाद मैच टाई हो गया। स्कोर बराबर होने की स्थिति में सुपर-ओवर कराया गया और यहां भी दिलचस्प जंग हुई जिसमें दिल्ली कैपिटल्स ने अंत में बाजी मार ली।

मैच की स्थिति ऐसी थीः दिल्ली कैपिटल्स ने इस मैच में टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करने का फैसला किया था। पहले बल्लेबाजी करते हुए दिल्ली की टीम ने पृथ्वी शॉ (53) के दम पर 4 विकेट पर 159 रनों का स्कोर खड़ा किया। चेपक की कठिन पिच पर जवाब सनराइजर्स हैदराबाद की टीम जवाब देने उतरी तो उनके 6 खिलाड़ी दहाई का आंकड़ा भी नहीं पार कर पाए, लेकिन अपना इस सीजन में अपना पहला मैच खेलने उतरे न्यूजीलैंड के केन विलियमसन ने शानदार पारी खेली। उन्होंने 51 गेंदों पर  नाबाद 66 रनों की पारी खेली और मैच अंतिम ओवर तक जा पहुंचा।

20वें ओवर का हाल (SRH को जीत के लिए 16 रन चाहिए, 3 विकेट बाकी, पिच पर विलियमसन और सुचित, गेंदबाज- रबाडा)

  • 19.1 - वाइड गेंद, 1 रन आया। अब 6 गेंदों में 15 रन चाहिए।
  • 19.1 - इस गेंद पर विलियमसन ने चौका जड़ दिया। अब 5 गेंदों में 11 रन चाहिए।
  • 19.2 - इस गेंद पर शॉट नहीं लगा लेकिन बाय का एक रन दौड़ लिया गया। अब 4 गेंदों में 10 रन चाहिए।
  • 19.3 - रबाडा ने धीमी गेंद का प्रयोग किया लेकिन केन विलियमसन ने मिडविकेट की दिशा में जानदार छक्का जड़ दिया। हैदराबाद को अब 3 गेंदों में कुल 4 रन चाहिए।
  • 19.4 - अब रबाडा ने अच्छी गेंद फेंकी, सुचित ने बाय का एक रन दौड़ा। अब 2 गेंदों में 3 रनों की जरूरत।
  • 19.5 - इस बार भी केन विलियमसन बड़ा शॉट नहीं खेल सके। गेंद पीछे कीपर के पास गई और दौड़कर एक रन ही ले पाए। अब आखिरी गेंद पर 2 रनों की जरूरत। स्कोर बराबर करने के लिए 1 रन चाहिए।
  • 19.6 - रबाडा ने एक और शानदार गेंद फेंकी जिस पर सुचित को शॉट खेलने का मौका ही नहीं मिला। किसी तरह बाय का एक रन दौड़कर पूरा किया और इसी के साथ स्कोर बराबर हो गए, मैच टाई। अब सुपर ओवर से होगा जीत का फैसला।

सुपर-ओवर का पूरा हाल (हैदराबाद पहले करेगा बल्लेबाजी, वॉर्नर-विलियमसन पिच पर, गेंदबाज- अक्षर पटेल)

  • पहली गेंद - इस गेंद पर वॉर्नर कोई रन नहीं ले पाए।
  • दूसरी गेंद - ऑफ साइड के बाहर की गेंद पर डीप मिडविकेट पर शॉट खेला। सिर्फ दौड़कर 1 रन ले सके।
  • तीसरी गेंद - अक्षर की इस गेंद पर विलियमसन ने थोड़ा पीछे हटकर जगह बनाई, शानदार पुल शॉट खेला और चौका लगाया।
  • चौथी गेंद - शानदार बॉल, फिरकी पर चूक गए विलियमसन, कोई रन नहीं बना।
  • पांचवीं गेंद - इस बार भी बल्ले से संपर्क नहीं हो सका, बाय का एक रन लिया। अब वॉर्नर स्ट्राइक पर आए।
  • छठी गेंद - अक्षर पटेल ने शानदार स्पिन यॉर्कर डाल दी। डीप मिडविकेट में शॉट खेला लेकिन एक ही रन ले पाए। अपना पहला मैच खेल रहे अक्षर का शानदार ओवर पूरा हुआ। सिर्फ 7 रन दिए। सुपर ओवर में अब दिल्ली को जीत के लिए 8 रन चाहिए। 

सुपर ओवर में दिल्ली कैपिटल्स की बारी (8 रन का लक्ष्य, पंत और धवन पिच पर, गेंदबाज- राशिद खान)

  • पहली गेंद - मिडिल स्टंप पर बॉल, कप्तान पंत ने डीप स्क्वायर लेग में शॉट खेलकर 1 रन दौड़ा। अब 5 गेंदों में 7 रन चाहिए।
  • दूसरी गेंद - शिखर धवन ने पुल शॉट का प्रयास किया लेकिन गेंद थाई पैड से लगी, गेंद शॉर्ट फाइन लेग में गई और बाय का एक रन लिया। अब दिल्ली को जीत के लिए 4 गेंदों में 6 रन चाहिए।
  • तीसरी गेंद - रिवर्स स्वीप जड़कर रिषभ पंत ने सबको चौंकाया और शॉर्ट थर्ड मैन दिशा में चौका निकाला। अब 3 गेंदों में 2 रनों की जरूरत।
  • चौथी गेंद - शानदार लेग ब्रेक बॉल, रिषभ पंत कोई शॉट नहीं खेल सके। कोई रन नहीं आया। अब 2 गेंदों में 2 रन चाहिए।
  • पांचवीं गेंद - राशिद खान की एक और शानदार गेंद, LBW की अपील की लेकिन कोई फायदा नहीं हुआ, पंत ने दौड़कर लेग बाय का 1 रन ले लिया। स्कोर फिर बराबर, अब दिल्ली को जीत के लिए 1 गेंद पर 1 रन चाहिए।
  • छठी गेंद - धवन ने इस गेंद पर स्वीप का प्रयास किया लेकिन गेंद पैड से जाकर लगी, बल्लेबाजों ने जोरदार दौड़ लगाकर 1 रन ले लिया और दिल्ली कैपिटल्स ने सुपर ओवर में मुकाबला जीत लिया।

इसके साथ ही दिल्ली कैपिटल्स ने आईपीएल 2021 का पहला सुपर-ओवर जीत लिया। सनराइजर्स हैदराबाद को मिली एक और हार और केन विलियमसन की शानदार पारी गई बेकार।

इसी के साथ दिल्ली की टीम ने 5 मैचों में चौथा मुकाबला जीतकर 8 अंक पूरे किए और वे अंक तालिका में दूसरे स्थान पर जाकर जम गए हैं। जबकि सनराइजर्स हैदराबाद का खराब फॉर्म जारी है। ये टूर्नामेंट के 5 मैचों में उनकी चौथी हार साबित हुई है और वे मात्र एक जीत से मिले 2 अंकों के साथ सातवें पायदान पर हैं।

Times Now Navbharat पर पढ़ें IPL 2022 News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर