MS Dhoni B'day Special: टीम इंडिया के पूर्व कप्‍तान ने ब्रेक के बाद से अब तक क्‍या किया?

MS Dhoni birthday special: पूर्व भारतीय कप्‍तान एमएस धोनी मंगलवार को 39वां जन्‍मदिन मनाएंगे। टीम इंडिया को नई ऊंचाइयों पर पहुंचाने वाले धोनी ने पिछले साल ब्रेक के बाद अब तक क्‍या किया। जानिए यहां।

ms dhoni wife wife sakshi and daughter ziva
एमएस धोनी अपनी पत्‍नी साक्षी और बेटी जीवा के साथ 
मुख्य बातें
  • एमएस धोनी मंगलवार को अपना 39वां जन्‍मदिन मनाएंगे
  • टीम इंडिया के पूर्व कप्‍तान एमएस धोनी पिछले साल से प्रतिस्‍पर्धी क्रिकेट से दूर हैं
  • इस साल आईपीएल में वह सीएसके की तरफ से वापसी करने वाले थे

नई दिल्‍ली: 2019 विश्‍व कप से कुछ समय पहले ही खबरों का बाजार गर्म होने लगा था कि टीम इंडिया के पूर्व कप्‍तान एमएस धोनी प्रतिष्ठित टूर्नामेंट के बाद क्रिकेट से संन्‍यास ले लेंगे। ऐसी उम्‍मीद भी थी कि विराट कोहली के नेतृत्‍व वाली भारतीय टीम काफी मजबूत है और वो विश्‍व कप खिताब जीतकर धोनी को यादगार विदाई देंगे। ऐसी भावनाएं फैली हुई थी कि उस समय 37 साल के धोनी इमरान खान के समान उच्‍च स्‍तर पर अपने क्रिकेट करियर पर पर्दा डालेंगे। दुर्भाग्‍यवश, सभी उम्‍मीदों पर पानी फिर गया। टीम इंडिया को 2019 विश्‍व कप के सांस थाम देने वाले सेमीफाइनल मैच में न्‍यूजीलैंड के हाथों शिकस्‍त का सामना करना पड़ा।

टूर्नामेंट के दौरान कई बार देखने में आया कि एमएस धोनी ने काफी धीमी गति से अपनी पारी आगे बढ़ाई और इसे लेकर उनकी कड़ी आलोचना भी हुई। कुछ विशेषज्ञों ने कहा कि अब समय आ गया है कि धोनी को युवाओं को मौका देने के बारे में सोचते हुए संन्‍यास लेना चाहिए। उस समय युवा रिषभ पंत को धोनी के उत्‍तराधिकारी के रूप में देखा जा रहा था। संन्‍यास की बातों के बीच भारतीय टीम ने वेस्‍टइंडीज का छोटा दौरा किया, जिससे धोनी ने किनारा किया। इसके बाद कई बार धोनी की वापसी पर खबरें बनी, लेकिन धोनी का ब्रेक अब तक जारी है।

एमएस धोनी ने खुद कहा था कि जनवरी 2020 तक संन्‍यास के बारे में कोई सवाल नहीं किया जाए। तो चलिए हम आपको बताते हैं कि प्रतिस्‍पर्धी क्रिकेट से लंबे समय तक दूर रहे धोनी ने अब तक क्‍या-क्‍या खास किया:

भारतीय आर्मी में दी सेवाएं

एमएस धोनी को आर्मी में मानद रैंक हासिल हैं। उन्‍होंने जम्‍मू-कश्‍मीर में करीब दो सप्‍ताह तक ट्रेनिंग की। अपने जूते खुद पॉलिश करने से लेकर सोल्‍जर्स के लिए गाने गाना और टेनिस बॉल क्रिकेट व वॉलीबॉल खेलने तक धोनी ने सबकुछ किया व पट्रोलिंग ड्यूटी भी की। यह पिछले साल अगस्‍त की बात है, जिसकी फोटोज व वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हुए। इस दौरान धोनी ने दक्षिण अफ्रीका और बांग्‍लादेश के खिलाफ सीरीज में हिस्‍सा नहीं लिया।

परिवार के साथ बर्फ के का उठाया लुत्‍फ

यह नए साल के समय की बात है। धोनी ने अपने परिवार के साथ मसूरी में समय बिताया था। उन्‍होंने बेटी जीवा के साथ बर्फ के बीच खूब मस्‍ती की। 3 डिग्री के तापमान के बीच उनका वीडियो सामने आया, जिसमें दिखा कि धोनी अपने परिवार के साथ खूब मस्‍ती कर रहे हैं।

अचानक नेट्स पर किया अभ्‍यास

बड़ी खबर आई कि टीम इंडिया ने केंद्रीय अनुबंध में एमएस धोनी को जगह नहीं दी। क्रिकेट फैंस के सामने संकेत आ गया कि धोनी अब संन्‍यास की घोषणा करेंगे, लेकिन इससे उलट पूर्व कप्‍तान अपने गृहनगर रांची में रणजी टीम के साथ अभ्‍यास करते हुए नजर आए। धोनी के संन्‍यास की अटकलों के बीच अभ्‍यास करने वाली बात ने एक बार फिर क्रिकेट विशेषज्ञों को हैरानी में डाल दिया।

टी20 विश्‍व कप में खेलने की बातें

रिषभ पंत तो इंटरनेशनल क्रिकेट में फ्लॉप होने लगे। समझ आ गया कि धोनी जैसा बनने में उन्‍हें काफी समय लगेगा। भारतीय टीम को ऑस्‍ट्रेलिया की मेजबानी में अक्‍टूबर में टी20 विश्‍व कप खेलना था। ऐसे में खबर उठी कि धोनी की राष्‍ट्रीय टीम में वापसी का जरिया क्‍या होगा। टीम इंडिया के हेड कोच रवि शास्‍त्री ने कहा कि अगर धोनी आईपीएल में बेहतर प्रदर्शन करते हैं, तो उनकी वापसी के बारे में विचार किया जा सकता है। धोनी के फैंस में खुशी की लहर फैल गई।

ट्रेनिंग कैंप में स्‍वेग से स्‍वागत

एमएस धोनी लंबे समय बाद क्रिकेट मैदान पर नजर आए। उन्‍होंने 2 मार्च को सीएसके के कैंप में एंट्री की। आईपीएल-13 में पक्‍का था कि धोनी अपनी फ्रेंचाइजी का नेतृत्‍व करते दिखेंगे। ट्रेनिंग में थाला धोनी का जोरदार स्‍वागत हुआ। मगर वह ज्‍यादा समय तक ट्रेनिंग नहीं कर पाए। 14 मार्च को सीएसके ने अपना ट्रेनिंग कैंप रद्द कर दिया। कोरोना वायरस महामारी के कारण ऐसा फैसला लिया गया। धोनी अपने गृहनगर रांची लौट आए। अब तक स्‍पष्‍ट नहीं हुआ है कि इस साल आईपीएल खेला जाएगा या नहीं।

बेटी को कराई बाइक राइड

 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
 
A post shared by ZIVA SINGH DHONI (@ziva_singh_dhoni) on

एमएस धोनी और उनकी बेटी के कई वीडियो लॉकडाउन के दौरान सामने आए। कई बार देखने को मिला कि धोनी अपनी बेटी जीवा को बाइक पर बैठाकर सैर करा रहे हैं। वो वीडियो तो वायरल हो गया, जिसमें धोनी अपनी बेटी को बाइक चलाना सिखा रहे थे।

नया लुक

2011 विश्‍व कप में लंबे बालों को मुंडवाकर नया ट्रेंड सेट करने वाले धोनी हमेशा अपने लुक के साथ प्रयोग करने के लिए जाने जाते हैं। कोरोना वायरस के कारण लॉकडाउन के दौरान धोनी ने भले ही ऑनलाइन मीडियम से दूरी बनाई हो, लेकिन उनके नए लुक की जानकारी फैंस को पत्‍नी साक्षी धोनी द्वारा मिल ही गई। एक फोटो सोशल मीडिया पर वायरल हुई, जिसमें एमएस धोनी का दाढ़ी वाला अलग लुक फैंस के सामने आया।

अब एमएस धोनी 39 साल के होने जा रहे हैं तो ऐसे चैंपियन क्रिकेटर को हम भी हमेशा सफल होने की शुभकामनाएं देते हैं। भारतीय क्रिकेट को नई बुलंदियों पर पहुंचाने वाले धोनी को जन्‍मदिन की हार्दिक शुभकामनाएं।

Times Now Navbharat पर पढ़ें IPL 2022 News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर