बॉडी-बिल्डर लुक में नजर आए धोनी, कार्तिक ने पूछा- आप इतना 'बड़े' कैसे हो गए? मिला ये जवाब

MS Dhoni new body builder look: चेन्नई सुपर किंग्स के दिग्गज कप्तान महेंद्र सिंह धोनी आईपीएल 2020 में नए लुक में मैदान पर उतरे तो उनसे इसके पीछे का राज पूछा गया और धोनी ने दिलचस्प जवाब दिया।

MS Dhoni IPL 2020
MS Dhoni and Murali Karthik (BCCI/IPL)  |  तस्वीर साभार: Twitter

नई दिल्लीः भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान और चेन्नई सुपर किंग्स (CSK) के कप्तान महेंद्र सिंह धोनी इस बार आईपीएल 2020 में नए लुक में नजर आ रहे हैं। शनिवार को जब आईपीएल 2020 के पहले मैच में अबु धाबी के मैदान पर धोनी उतरे तो वो बेहद फिट और बॉडी-बिल्डर लुक में नजर आ रहे थे। उनका फिजीक साफ दिखा रहा था कि उन्होंने जिम में काफी समय बिताया है।

टाइट पीली जर्सी, अलग स्टाइल की दाढ़ी-मूछें, छोटे बाल और सुपर फिट धोनी जब अबु धाबी के मैदान पर आईपीएल 2020 का पहला मैच खेलने उतरे तो सोशल मीडिया पर जबरदस्त हलचल देखने को मिली। फैंस के लिए ये खास मौका था क्योंकि तकरीबन 437 दिन बाद उन्हें अपने पसंदीदा खिलाड़ी को मैदान पर देखने का मौका मिला था।

जब टॉस की बारी आई तो प्रेजेंटर मुरली कार्तिक ने धोनी को देखा और वो भी सवाल पूछे बिना नहीं रह सके। कार्तिक ने धोनी से कहा, 'मैंने आपको इतना बड़ा कभी नहीं देखा, क्या है इसके पीछे का राज?' इस पर धोनी ने अपने खास अंदाज में जवाब देते हुए कहा, 'लॉकडाउन के दौरान आपके पास ज्यादा कुछ करने को था नहीं इसलिए खुद पर ध्यान देने का खूब समय मिला।' धोनी ने लॉकडाउन के दौरान जिम में काफी समय बिताया, वो अपने परिवार के साथ रांची में अपने फार्महाउस में थे।

खिलाड़ियों ने कोविड वॉरियर्स को किया सलाम

आईपीएल 2020 के पहले मुकाबले से पहले दोनों टीमों के खिलाड़ियों व सभी अधिकारियों ने कोविड फ्रंटलाइन वॉरियर्स को सलाम किया और सभी खिलाड़ियों ने एक पंक्ति में खड़े होकर तालियां बजाईं।

एमएस धोनी ने कुछ ही समय पहले अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कहा। उन्होंने सिर्फ एक सोशल मीडिया पोस्ट के जरिए अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट को अलविदा कह दिया था। आईसीसी क्रिकेट विश्व कप 2019 के सेमीफाइनल में न्यूजीलैंड के खिलाफ रन आउट होने और टीम इंडिया की हार के बाद से वो मैदान पर नहीं उतरे थे।

Times Now Navbharat पर पढ़ें IPL 2022 News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर