IPL 2022: कौन है आकाश मधवाल? मुंबई इंडियंस ने चोटिल सूर्यकुमार यादव के विकल्‍प के रूप में जोड़ा

Mumbai Indians sign Akash madhwal: मुंबई इंडियंस ने इस साल फरवरी में हुई आईपीएल 2022 मेगा नीलामी में अकाश मधवाल को उनकी बेस प्राइस 20 लाख रुपए में खरीदा था। सूर्यकुमार यादव को पिछले सप्‍ताह चोट लगी थी, जिसके कारण वो टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे।

Akash Madhwal
आकाश मधवाल 
मुख्य बातें
  • मुंबई इंडियंस ने आकाश मधवाल को चोटिल सूर्यकुमार यादव की जगह जोड़ा
  • मुंबई इंडियंस ने आकाश मधवाल को उनकी बेस प्राइस 20 लाख रुपए में खरीदा था
  • आकाश मधवाल घरेलू क्रिकेट में उत्‍तराखंड का प्रतिनिधित्‍व करते हैं

मुंबई: मुंबई इंडियंस ने चोटिल सूर्यकुमार यादव के विकल्‍प के रूप में आकाश मधवाल को अपने साथ जोड़ा है। सूर्यकुमार यादव को पिछले सप्‍ताह फॉरआर्म मांसपेशी में चोट लगी थी, जिसके बाद वह टूर्नामेंट से बाहर हो गए थे।  आकाश मधवाल घरेलू क्रिकेट में उत्‍तराखंड का प्रतिनिधित्‍व करते हैं। वह दाएं हाथ के मध्‍यम गति के गेंदबाज हैं, जिन्‍होंने 2019 में डेब्‍यू किया था। मधवाल न 15 टी20 में 26.60 की औसत से 15 विकेट चटकाए हैं।

मुंबई इंडियंस ने आईपीएल 2022 मेगा नीलामी में आकश मधवाल को उनकी बेस प्राइस 20 लाख रुपए में खरीदा था। फ्रेंचाइजी ने आधिकारिक बयान जारी करके कहा, 'आकाश मधवाल को मुंबई इंडियंस के प्री-सीजन कैंप के लिए चुना गया था ताकि वो सपोर्ट टीम से जुड़े। इन महीनों में उन्‍होंने गेंद के साथ अपनी क्षमता का प्रदर्शन किया और अब उन्‍हें सीजन स्‍क्‍वाड में मौका मिला है।'

बता दें कि रोहित शर्मा के नेतृत्‍व वाली मुंबई इंडियंस की टीम प्‍लेऑफ की रेस से सबसे पहले बाहर हुई थी। मुंबई इंडियंस ने अब तक 12 मैचों में केवल तीन जीत हासिल की है। मुंबई को लीग चरण के दो मैच खेलना है। पहले वो मंगलवार को सनराइजर्स हैदराबाद के खिलाफ मैच खेलेगी और इसके बाद शनिवार को उसका सामना दिल्‍ली कैपिटल्‍स से होगा। मुंबई इंडियंस की कोशिश इन दोनों टीमों को प्‍लेऑफ में जाने से रोकने की होगी।

पता हो कि मुंबई इंडियंस टीम के क्रिकेट निदेशक जहीर खान ने पुष्टि की कि उनके शीर्ष बल्लेबाज सूर्यकुमार यादव ऊंगली में चोट से उबरने के बाद टूर्नामेंट से बाहर हो गए हैं। सूर्यकुमार को लेकर जहीर ने कहा, "जैसा कि मैंने पहले कहा कि वह अभ्यास कर रहा है और हम इसका इंतजार कर रहे थे और वह शेष टूर्नामेंट से बाहर हो गया है।'

फरवरी में कोलकाता में वेस्टइंडीज के खिलाफ तीसरे और अंतिम टी20 अंतरराष्ट्रीय मैच में क्षेत्ररक्षण करते हुए उनकी ऊंगली में 'हेयरलाइन' फ्रेक्चर हो गया था और वह बेंगलुरू में राष्ट्रीय क्रिकेट अकादमी में इससे उबर रहे थे जिससे वह मुंबई इंडियंस के पहले मैच में नहीं खेल सके थे।

Times Now Navbharat पर पढ़ें IPL 2022 News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर