साक्षी ने धोनी के संन्‍यास की अफवाह फैलाने वालों को जमकर झाड़ लगाई, फिर डिलीट किया ट्वीट

#DhoniRetires ट्विटर पर सबसे ज्‍यादा ट्रेंड कर रहा था। एमएस धोनी की पत्‍नी साक्षी ने संन्‍यास की खबरों को बकवास करार देते हुए अफवाह फैलाने वालों को जमकर लताड़ लगाई। उन्‍होंने फिर अपना ट्वीट डिलीट किया।

ms dhoni and sakshi dhoni
एमएस धोनी और साक्षी धोनी 
मुख्य बातें
  • #DhoniRetires बुधवार को ट्विटर पर सबसे ज्‍यादा ट्रेंड किया
  • साक्षी धोनी ने इस अफवाह को फैला रहे लोगों को कहा- मानिसक अस्थिर
  • पूर्व भारतीय कप्‍तान की पत्‍नी ने हालांकि बाद में अपना ट्वीट डिलीट कर दिया

रांची: #DhoniRetires बुधवार को ट्विटर पर सबसे ज्‍यादा ट्रेंड किया। फैंस ने सोशल मीडिया पर गलत जानकारी फैला दी कि टीम इंडिया के पूर्व कप्‍तान महेंद्र सिंह धोनी ने संन्‍यास ले लिया है। सोशल मीडिया पर खबर फैलने का असर माही की पत्‍नी साक्षी धोनी पर हुआ, जिन्‍होंने सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों को जमकर लताड़ लगाई। ट्वीट पोस्‍ट करने के कुछ समय के बाद ही साक्षी ने हालांकि अपना ट्वीट डिलीट कर दिया था।

आईसीसी 2019 विश्‍व कप के बाद से धोनी के भविष्‍य पर कोई स्‍पष्‍टता नहीं मिली है। रांची में जन्‍में विकेटकीपर बल्‍लेबाज ने आखिरी बार पिछले साल विश्‍व कप में न्‍यूजीलैंड के खिलाफ सेमीफाइनल मैच खेला था। इसके बाद से वह ब्रेक पर हैं, जो 2020 इंडियन प्रीमियर लीग (आईपीएल) को समाप्‍त होता था।

आईपीएल-13 कोरोना वायरस महामारी के कारण अनिश्चितकालीन समय के लिए स्‍थगित कर दिया गया है। फैंस को इस बात की जानकारी नहीं है कि वह अपने चहेते क्रिकेटर धोनी को पिच पर कब और कैसे देखेंगे। इस बीच कुछ फैंस ने सोशल मीडिया पर हैशटैग धोनी रिटायर्स पर पूर्व भारतीय कप्‍तान के संन्‍यास की खबर फैला दी। हालांकि, कैप्‍टन कूल के फैंस ने इस बात को बरकरार रखने की कोशिश की है कि अफवाहें फैलाई जा रही हैं। इनमें से एक साक्षी धोनी भी रहीं।

साक्षी सिंह ने ट्विटर पर लिखा था- यह सिर्फ अफवाह है! मैं समझ सकती हूं कि लॉकडाउन ने लोगों को मानसिक अस्थिर बना दिया है! #DhoniRetires... जिंदगी पाइए।

धोनी का भविष्‍य

देशव्‍यापी लॉकडाउन 24 मार्च को शुरू हुआ, जो बढ़ते जा रहा है। इसकी वजह से एमएस धोनी के भविष्‍य पर न सिर्फ फैंस बल्कि क्रिकेट विशेषज्ञ भी चर्चा कर रहे हैं। भारतीय क्रिकेटर हरभजन सिंह ने भी धोनी की योजना पर सवाल खड़े किए और स्‍वीकार किया कि उन्‍हें नहीं पता कि माही अब राष्‍ट्रीय टीम के लिए खेलेंगे या नहीं। 

भज्‍जी ने कहा, 'एमएस धोनी 100 प्रतिशत आईपीएल खेलना चाहते हैं। मगर एक को इस बात को समझना जरूरी है कि वह भारत के लिए और खेलना चाहते हैं या नहीं। मेरे ख्‍याल से अब वह भारत के लिए दोबारा कभी नहीं खेल पाएंगे। उन्‍होंने भारत के लिए काफी क्रिकेट खेली है। जहां तक मैं उन्‍हें जानता हूं, वो दोबारा नीली जर्सी नहीं पहनना चाहेंगे। उन्‍होंने फैसला कर लिया होगा कि विश्‍व कप में भारत का आखिरी मैच उनका आखिरी मुकाबला होगा। कुछ लोगों ने मुझे कहा भी कि ऐसी बात हो सकती है।'

कुछ लोगों का मानना है कि एमएस धोनी ने भारतीय टीम के लिए अपना आखिरी मैच खेल लिया है जबकि कुछ लोगों को लगता है कि धोनी को भारतीय टीम में वापसी के लिए आईपीएल की भी जरूरत नहीं है। धोनी का भविष्‍य क्‍या है, यह तो समय ही बताएगा। मगर एक बात तय थी कि आईपीएल से धोनी की वापसी का तार जुड़ा रहता। बहरहाल, सोशल मीडिया पर धोनी को लेकर और ज्‍यादा अफवाहों की उम्‍मीद की जा सकती है।
 

Times Now Navbharat पर पढ़ें IPL 2022 News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर