'इसलिए धोनी होना आसान नहीं': हार के बाद फैंस ने इन अलग-अलग तरीकों से अपने माही को किया सलाम

MS Dhoni Memes flood social media: आईपीएल 2020 में शुक्रवार को दो ऐसे नजारे दिखे जिसको भारतीय क्रिकेट फैंस ने कम ही देखा है। आलम ये रहा कि देर रात एम एस धोनी का नाम टॉप ट्रेंड बना और मीम्स की बौछार आ गई।

MS Dhoni memes
धोनी को फैंस ने अलग-अलग तरह से समर्थन दिया (Dhoni- BCCI/IPL)  |  तस्वीर साभार: Twitter
मुख्य बातें
  • चेन्नई सुपर किंग्स की लगातार तीसरी हार
  • अपने 'थाला' धोनी की हालत देख फैंस ने सोशल मीडिया पर जमकर की हौसलाअफजाई
  • धोनी फैंस ने अलग-अलग तरह से धोनी को किया सलाम

MS Dhoni memes: शुक्रवार रात आईपीएल 2020 में चेन्नई सुपर किंग्स और सनराइजर्स हैदराबाद के बीच दिलचस्प भिड़ंत हुई। इस मैच में दो ऐसी चीजें देखने को मिलीं जिसके भारतीय क्रिकेट फैंस आदी नहीं हैं। एक है चेन्नई सुपर किंग्स की लगातार तीसरी हार (जो पहली बार हुआ), और दूसरी चीज थी अपनी फिटनेस के लिए मशहूर भारतीय क्रिकेट के दिग्गज महेंद्र सिंह धोनी को थकते व हांफते देखना। कुछ अंतरराष्ट्रीय मुकाबलों में धोनी के साथ पहले भी ऐसा हुआ था लेकिन शुक्रवार रात का नजारा इसलिए दिलचस्प था क्योंकि सब देख रहे थे कि टीम हार की ओर तेजी से बढ़ रही है, लेकिन धोनी खराब हालत में भी जोर लगाने में लगे थे।

सनराइजर्स हैदराबाद द्वारा दिए गए 165 रनों के लक्ष्य को चेन्नई सुपर किंग्स हासिल नहीं कर सकी। वे सिर्फ 7 रन से चूके। वो भी तब जब जडेजा ने अपने टी20 करियर का पहला पचासा जड़ा और धोनी भी अंत तक टिके रहते हुए 36 गेंदों पर 47 रन बनाकर वापस आए। आईपीएल के इतिहास में चेन्नई सुपर किंग्स पहली बार लगातार तीन मैच हारी। कागजों में बेशक वो सबसे बुजुर्ग टीम है लेकिन खेल में वे हमेशा से ही लाजवाब माने जाते रहे हैं।

देर रात 'धोनी' हुआ ट्रेंड

सोशल मीडिया पर महेंद्र सिंह धोनी का नाम आए दिन ट्रेंड होता रहता है। लेकिन शुक्रवार देर रात इसकी वजह कुछ अजीब थी। दरअसल, उनकी टीम हार चुकी थीं, धोनी के थकते और हांफते हुए तस्वीरें वायरल हो रही थीं लेकिन आलोचकों की संख्या इस बार कम थी क्योंकि धोनी फैंस ने अपने माही पर जमकर प्यार लुटाना शुरू कर दिया था। कुछ ने बाहुबली से धोनी की तुलना की, किसी से बूढ़े बब्बर शेर से, कुछ ने हार का दुख जताते हुए धोनी के समर्पण को सलाम किया तो कुछ ने धोनी की पुरानी सफलताओं को याद दिलाते हुए उनको सम्मान देने के लिए कहा..ज्यादातर का यही कहना था कि- धोनी होना आसान नहीं है। ये हैं कुछ फैंस के ट्वीट्स..

महेंद्र सिंह धोनी ने इस मैच में इस मैच में नाबाद 47 रनों की पारी के दौरान 1 छक्का और 4 चौके जड़े। अंतिम क्षणों में उनके कुछ शॉट्स तो बाउंड्री पार गए लेकिन कुछ शॉट्स पूरा जोर लगाने के बाद भी कहीं जाते नहीं दिखे।

'एम एस धोनी होना आसान नहीं है'

जाहिर तौर पर महेंद्र सिंह धोनी होना कभी आसान नहीं रहा और शुक्रवार को ये और मुश्किल हो गया था। उनकी उम्र 39 हो चुकी है, यूएई में तकरीबन 35 डिग्री तापमान था। वो 20 ओवर तक विकेटकीपिंग करके आए थे और बल्लेबाजी में भी इस बार उनको 5वें नंबर पर उतरकर जिम्मेदारी लेनी पड़ी। वो पूरा मैच दौड़ते रहे, भागते रहे, ऐसे में किसी का भी गला सूखना या सांस फूलना आम बात है। फिर भी उन्होंने हार नहीं मानी। धोनी ने मैच के बाद मुस्कुराते हुए कोई बड़ा बहाना नहीं बनाया और बस इतना कहा कि गला सूख रहा था, और अंत में बोला- 'हम मजबूत होकर लौटेंगे।'

Times Now Navbharat पर पढ़ें IPL 2022 News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर