लॉकडाउन में दर्दनाक घटना, मां ने पहले दो बच्चों और फिर खुद को जिंदा जलाया

लॉकडाउन के दौरान उत्तर प्रदेश में एक महिला ने अपने दो बच्‍चों सहित आग लगा ली। महिला का खेती को लेकर पति से विवाद था।

fire
सांकेतिक फोटो  |  तस्वीर साभार: BCCL

नई दिल्ली: उत्तर प्रदेश के मैनपुरी में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां एक महिला ने पति के साथ विवाद के बाद कथित तौर पर खुद को और अपने दो बच्चों को आग के हवाले कर दिया। तीनों की मौत हो गई है। यह दर्दनाक हादसा शनिवार को थाना कुर्रा के भटुआ गांव में हुआ। 36 वर्षीय महिला रिंकी ने करीब दोपहर एक बजे  पहले 4 वर्षीय बेटे तन्मय और 2 वर्षीय मनमय पर मिट्टी का तेल डालकर आग लगाई। इसके बाद उसने खुद को आग लगा ली। हालांकि, अभी तक कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं की गई है।

चीखने की आवाज सुनकर पड़ोसी पहुंचे

महिला ने जिस वक्त ऐसा किया तब उसका पति राज किशोर प्रजापति घर से बाहर था। टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, चीखने की आवाज सुनकर पड़ोसी महिला के घर पहुंचे। पड़ोसियों ने तीनों को बाहर निकाला। पड़ोसियों ने हादसे के घटना के बारे में महिला के पति और पुलिस को सूचित किया। तीनों बुरी तरह झुलस कर गंभीर रूप से घायल हो गए जिसके बाद पुलिस ने उन्हें एंबुलेंस से सैफई भेजा। दोनों बच्चों की रास्ते में मौत हो गई। वहीं, महिला ने सैफई में इलाज के दौरान दम तोड़ दिया।

'खेती को लेकर पति-पत्नी के बीच था विवाद'

कुर्रा पुलिस स्टेशन के स्टेशन हाउस अधिकारी (एसएचओ) रूपेश वर्मा ने कहा, 'राज किशोर के पिता के खेत में फसलों की खेती को लेकर पति-पत्नी के बीच कुछ विवाद था।' वर्मा ने दावा किया कि महिला को यह मंजूर नहीं था उसका पति अपने पिता के खेत में काम करे। दोनों के बीच शनिवार सुबह इस मुद्दे पर कथित तौर पर झगड़ा हुआ। महिला बेहद परेशान हो गई और उसने आखिरकार दिन में ऐसा जानलेवा कदम उठा लिया। वर्मा ने कहा कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है।

अगली खबर