Guwahati: एक कुर्सी को लेकर हुई ऐसी बहस, शख्स को मार दिया चाकू, 5 लोग गिरफ्तार

Guwahati News: असम के गुवाहाटी में एक शख्स की चाकू मारकर हत्या कर दी गई। उसकी एक अन्य के साथ कुर्सी को लेकर बहस हुई थी, जिसके बाद उसे चाकू मार दिया गया। पुलिस ने इस मामले में 5 लोगों को गिरफ्तार किया है।

crime
मृतक एक दुकान पर काम करता था 
मुख्य बातें
  • एक कुर्सी को लेकर हुई बहस और शख्स को मार दिया चाकू
  • पुलिस ने दुकान के मालिक समेत 5 लोगों को गिरफ्तार किया है
  • कई धाराओं के तहत आरोपियों के खिलाफ केस दर्ज किया गया है

नई दिल्ली: असम के गुवाहाटी की पुलिस ने 26 साल के एक लड़के की हत्या में शामिल होने के मामले में 5 लोगों को गिरफ्तार किया है। एक कुर्सी को लेकर हुई बहस के बाद पीड़ित को चाकू मार दिया गया। यह घटना शुक्रवार दोपहर को गुवाहाटी के नूनमाटी इलाके में एक दुकान पर हुई। पीड़ित रितुपर्णा पेगू अरमान अली की दुकान पर काम करता था। 

'इंडिया टुडे' की खबर के अनुसार, शुक्रवार दोपहर को रितुपर्णा और दुकान के एक अन्य कर्मचारी की बीच कुर्सी को लेकर बहस हो गई, जिसके बाद एक अन्य व्यक्ति ने पेगू पर चाकू से वार किया। पीड़ित तुरंत सड़क के किनारे गिर गया। पूरी घटना दुकान पर लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई।

5 को किया गिरफ्तार

रितुपर्णा पेगु को स्थानीय अस्पताल ले जाया गया जहां उसे मृत घोषित कर दिया गया। सीसीटीवी फुटेज के आधार पर शुक्रवार शाम चार लोगों को गिरफ्तार किया गया, वहीं दुकान के मालिक को शनिवार को पकड़ लिया गया। आरोपियों की पहचान दुलाल अली, इब्राहिम अली, मनोवर खातुन, हुसैन अली और अरमान अली के रूप में हुई है। 

पांचों के खिलाफ केस दर्ज

पांचों आरोपियों के खिलाफ आईपीसी की धारा 147/148/149/302 के तहत नूनमाटी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज किया गया है। नूनमाटी पुलिस स्टेशन के प्रभारी अधिकारी राजीब बरुआ ने कहा कि घटना के संबंध में अब तक दुकान के मालिक सहित पांच लोगों को गिरफ्तार किया गया है। हम घटना के बाद तुरंत घटनास्थल पर पहुंचे। हमने पीड़ित को अस्पताल में भर्ती कराया, लेकिन डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। हमने पहले चार लोगों को गिरफ्तार किया था और फिर एक और को गिरफ्तार किया है।

कई संगठनों और आंदोलनकारियों ने नूनमाटी पुलिस स्टेशन पर घेराव किया और रितुपर्णा पेगू के लिए न्याय की मांग की।

अगली खबर