रेप के दोषी टीचर के साथ भागी लड़की घर लौटी, 2 साल तक अलग-अलग राज्यों में भटकी

गुजरात के शातिर टीचर धवल त्रिवेदी के साथ भागी लड़की अपने घर वापस आ गई है। त्रिवेदी ने अंग्रेजी का टीचर बनकर लड़की को अपने जाल में फंसाया था।

Door
सांकेतिक फोटो (तस्वीर साभार- iStock Images)  |  तस्वीर साभार: IANS
मुख्य बातें
  • शातिर धवल त्रिवेदी के गई लड़की लौट आई है
  • लड़की के साथ एक 11 महीने का बच्चा भी है
  • बहरूपिया त्रिवेदी सीबीआई की गिरफ्त से बाहर है

नई दिल्ली: बलात्कार के दोषी शिक्षक धवल त्रिवेदी के साथ भागने वाली एक लड़की दो साल बाद शनिवार को गुजरात के सुरेन्द्रनगर जिले में अपने घर लौट आई। घर लौटी लड़की के साथ एक 11 महीने का बच्चा है। लड़की 47 वर्षीय त्रिवेदी के साथ अगस्त 2018 में गई थी। त्रिवेदी एक प्रतिष्ठित स्कूल का शिक्षक था जिसे दो नाबालिग लड़कियों के साथ बलात्कार का दोषी ठहराया गया था। साल 2012 में त्रिवेदी अपने साथ दो लड़कियों को ले गया था। उसे 2014 में पंजाब में गिरफ्तार किया गया था। राजकोट सेशन कोर्ट ने त्रिवेदी को आजीवन कारावास की सजा सुनाई थी, जिसके बाद उसे राजकोट सेंट्रल जेल में रखा गया था।

जेल से बाहर आने पर पहचान बदली

टाइम्स ऑफ इंडिया की रिपोर्ट के मुताबिक, एक पुलिस अधिकारी ने बताया, 'त्रिवेदी अगस्त 2018 में जेल से पैरोल पर बाहर आया था। जेल से बाहर आने के बाद उसने अपनी पहचान बदल दी और एक अंग्रेजी शिक्षक के रूप में काम करना शुरू कर दिया। यहीं से उसके संपर्क में एक लड़की आई और वह उसके साथ फरार हो गया।' उस वक्त लड़की की उम्र महज 19 साल थी। त्रिवेदी उसे दिल्ली, उत्तराखंड और उत्तर प्रदेश ले गया। त्रिवेदी और उत्तर प्रदेश के सीमावर्ती नेपाल के एक गांव में एक साथ रहने लगे थे। 

लंबे समय से त्रिवेदी की तलाश में सीबीआई

हालांकि, कुछ समय बाद ही त्रिवेदी और लड़की के बीच रिश्ते में खटास आने लगी। दोनों में झगड़े काफी बढ़ गए और आखिरकार लड़की ने अपने घर लौटने का फैसला किया। वह बच्चे को भी घर ले आई। इस बीच त्रिवेदी के खिलाफ मामलों की जांच कर रही सीबीआई ने उसे पकड़ने के लिए तलाशी अभियान तेज कर दिया है। गौरतलह है कि गुजरात से भागे त्रिवेदी की अलग-अलग राज्यों में तलाश की जा चुकी है। बेहद शातिर और चालाक त्रिवेदी की सीबीआई को लंबे समय से तलाश है। वह नाम और पहचान बदलकर महिलाओं और लड़कियों को अपने जाल में फंसाता है।

अगली खबर