डेटिंग ऐप पर बातचीत के बाद की मुलाकात, फिर पहली ही डेट पर शख्स ने की ये हरकत

मुंबई में एक शख्स ने पहली ही डेट पर लड़की के साथ छेड़छाड़ शुरू कर दी। महिला ने इसकी शिकायत पुलिस से की, जिसके बाद उसे गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों के बीच डेटिंग ऐप पर बातचीत शुरू हुई थी।

molestation
प्रतीकात्मक तस्वीर 

नई दिल्ली: मुंबई की एक महिला ने आरोप लगाया है कि 29 साल के एक शख्स ने पहली डेट पर उसके साथ छेड़छाड़ की है। मुलाकात से पहले दोनों की डेटिंग ऐप पर बातचीत शुरू हुई। महिला ने आरोप लगाया कि जब वे बांद्रा में उसकी कार के अंदर थे, तब आरोपी ने उसके कपड़े उठाने की कोशिश की। ये मामला 13 मार्च का है। रविवार को आरोपी को कोर्ट के सामने पेश किया गया।

वडाला के रहने वाले शख्स की डेटिंग ऐप पर लड़की से बातचीत शुरू हुई। 12 मार्च को दोनों ने एक-दूसरे से फोन पर बात की। बातचीत के दौरान शख्स ने महिला को चेंबूर में मिलने को कहा। बातचीत में अच्छा लगने पर लड़की ने भी मिलने के लिए हां कह दिया।

अगले दिन रात को करीब 10.30 बजे दोनों चेंबूर के एक रेस्टो-बार में मिले। संक्षिप्त बातचीत के बाद, शख्स ने महिला से बांद्रा स्थित पब में चलने को कहा। महिला उसके साथ जाने को तैयार हो गई। दोनों कार से सवार होकर रात करीब 11.30 बजे पब पहुंचे। यहां पब में बीयर पीने के बाद आरोपी का व्यवहार बदल गया। वह महिला के करीब आने लगा, जिससे वह असहज हो गई। इसके बाद महिला ने वापस घर जाने की बात कही।

रात में करीब 1 बजे दोनों पब से बाहर निकले और महिला ने कहा कि वो खुद से घर चली जाएगी। लेकिन वो उसे छोड़ने के लिए जोर देने लगा। इसके बाद दोनों उस कार में जाने लगे। कुछ समय के बाद आरोपी महिला के करीब आया और किस करना शुरू कर दिया। महिला ने विरोध करने की कोशिश की लेकिन आरोपी नहीं रुका। उसने महिला को छूना जारी रखा और उसके कपड़े उठाने की कोशिश की। महिला ने वॉशरूम जाने का बहाना बनाया तो आरोपी ने कार रोकी, इसके बाद वह मौके से भाग गई।

इसके बाद शख्स ने महिला का पीछा किया। महिला ने सेंट टेरेसा चर्च के बाहर एक पुलिस वाले को देखा और उससे संपर्क किया। महिला को पुलिस से बात करता देख आरोपी वहां से फरार हो गया। महिला ने बाद में बांद्रा पुलिस स्टेशन में शिकायत दर्ज कराई जिसके बाद आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया।

अगली खबर