Pune Crime: मामूली कहासुनी के बाद शख्‍स ने खोया आपा, पत्‍नी को गंड़ासे से काटा

क्राइम
Updated Dec 24, 2019 | 15:10 IST | टाइम्स नाउ डिजिटल

Crime News: पुणे में एक शख्‍स ने गंड़ासे से काटकर अपनी तीसरी पत्‍नी की जान ले ली। बताया जा रहा है कि उनके बीच किसी बात पर कहासुनी हुई थी, जिस पर आरोपी शख्‍स ने अपना आपा खो दिया।

Pune man murders third-wife after heated argument
शख्‍स ने कहासुनी के बाद पत्‍नी की हत्‍या कर दी (प्रतीकात्‍मक तस्‍वीर) 

पुणे : महाराष्‍ट्र के पुणे से हत्‍या का एक हैरान करने वाला वाकया सामने आया है। यहां एक शख्‍स ने अपनी पत्‍नी के साथ किसी बात पर बहस होने के बाद उसकी हत्‍या कर दी। बताया जा रहा है कि उसने धारदार हथियार से कई बार उस पर वार किया, जिससे उसकी मौत हो गई। पुलिस को घटना की जानकारी महिला के सौतेले बेटे ने दी। वह आरोपी शख्‍स की तीसरी पत्‍नी बताई जा रही है।

पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है। उसकी उम्र 59 साल बताई जा रही है, जबकि उसकी तीसरी पत्‍नी की उम्र 45 साल थी। बताया जा रहा है कि महिला और उसका पति एक ही घर में रहते थे। इसी घर में उनका 28 साल का सौतेला बेटा भी रहता था। पति-पत्‍नी ग्राउंड फ्लोर पर रहते थे, जबकि बेटा उसी मकान में पहली मंजिल पर रहता था।

उसने पुलिस को बताया कि सोमवार रात जब उसे अपनी सौतेली मां की चीखें सुनाई दी तो वह भागकर सीढ़‍ियों से नीचे उतरा। जब वह कमरे में दाखिल हुआ तो उसने महिला को खून से लथपथ पाया। वहीं एक गंड़ासा भी पड़ा था। उसने देखा कि महिला की गर्दन, उसके हाथों और पेट पर गहरे जख्‍म के निशान थे। यह सब देखने के बाद उसने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना पाकर पुलिस मौके पर पहुंची, पर महिला दम तोड़ चुकी थी। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है और एफआईआर दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है। आरोपी की पहली पत्‍नी की असमय मौत हो गई थी, जिसके बाद उसने दूसरी शादी की थी, लेकिन उससे भी उसकी निभ नहीं पाई और लड़ाई-झगड़े से तंग आकर वह उसे छोड़कर चली गई, जिसके बाद उसने तीसरी शादी की। दोनों 15 साल से साथ थे। पुलिस को मौके से गंड़ासा भी मिला है, जिससे कथित तौर पर महिला की हत्‍या की गई।

अगली खबर