Ludhiana: महिला ने 16 वर्षीय नाबालिग लड़की को अगवा करने में की अपने बेटे की मदद

एक महिला ने 16 साल की नाबालिग लड़की को अगवा करने में अपने 19 साल के बेटे की मदद की। जानकारी मिलने पर पुलिस ने मां-बेटे दोनों को गिरफ्तार कर लिया है।

mother son arrested
किडनैपिंग के आरोप में मां-बेटा गिरफ्तार  |  तस्वीर साभार: Representative Image
मुख्य बातें
  • पंजाब के लुधियाना में 16 वर्षीय एक नाबालिग को किया अगवा
  • महिला ने नाबालिग को अगवा करने में की अपने बेटे की मदद
  • पुलिस ने मां और बेटे दोनों को गिरफ्तार कर लिया है

नई दिल्ली : पंजाब के लुधियाना जिले के एक गांव से एक बेहद हैरान करने वाली घटना सामने आ रही है। 19 साल के एक लड़के ने 16 साल की एक नाबालिग लड़की का किडनैप किया और हैरानी की बात तो ये है कि इसमें लड़के की मां ने भी उसकी मदद की। वह लड़का अक्सर लड़की का पीछा किया करता था। पुलिस ने मां-बेटे दोनों को गिरफ्तार कर लिया है साथ ही उस लड़की को भी उनके एक रिश्तेदार के घर से गुरुवार की रात बरामद कर लिया है।

23 सितंबर की रात आरोपी महिला (मनीषा 47 वर्षीय) कथित तौर पर अपने बेटे अभिषेक और 6 अन्य लोगों के साथ पीड़िता के घर गई। वह अपनी बेटी को भी साथ लेकर गई थी। आरोपी अभिषेक अपने साथ हथियार भी लेकर गया था। पीड़िता के घर पहुंचकर इन लोगों ने खूब हंगामा किया, पीड़िता के माता-पिता की पिटाई भी की।

इसके बाद वे पीड़िता को अपने साथ जबरन ले गए। इसके तुरंत बाद पीड़ित परिवार ने पुलिस को इसकी सूचना दे दी। लड़की की मां ने पुलिस को बताया कि अभिषेक अक्सर उनकी बेटी का पीछा किया करता था और इस बारें में हर कोई जानता था। कई बार आस-पास के लोगों ने उसे उसका पीछा ना करने की भी सलाह दी थी और उसे रोकने की कोशिश की थी।

पीड़िता की मां की शिकायत के बाद पुलिस फौरन हरकत में आई जिसके बाद गुरुवार की रात पुलिस ने पीड़िता को आरोपी के एक रिश्तेदार के घर से बरामद कर लिया। उधर मनीषा और अभिषेक को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। उनके खिलाफ आईपीसी की संबंधित धाराओं के तहत मामला भी दर्ज कर लिया गया है।
 

अगली खबर