Muzaffarnagar : शख्स ने की RSS कार्यकर्ता की हत्या, अपनी बेटी के साथ छेड़छाड़ करने का लगाया था आरोप

क्राइम
Updated Sep 16, 2019 | 10:13 IST | टाइम्स नाउ डिजिटल

उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में आरएसएस के एक कार्यकर्ता की हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। एक लड़की के साथ कथित तौर पर छेड़छाड़ करने का आरोप में हत्या की गई।

RSS Worker killed
आरएसएस कार्यकर्ता की हत्या  |  तस्वीर साभार: Representative Image
मुख्य बातें
  • उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में RSS कार्यकर्ता की हत्या
  • एक लड़की के साथ छेड़छाड़ करने का था आरोप
  • लड़की के पिता ने अपने बेटे के साथ मिलकर कर दी हत्या
  • पुलिस ने दोनों आरोपियों को किया गिरफ्तार

मुजफ्फरनगर : उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर जिले में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के एक कार्यकर्ता की हत्या किए जाने का मामला सामने आया है। पुलिस ने बताया कि आरएसएस कार्यकर्ता पर एक लड़की के साथ छेड़छाड़ करने का आरोप था। पुलिस ने बताया कि इस संबंध में एक पिता और उसके बेटे को गिरफ्तार किया गया है, दोनों ने हत्या का अपना जुर्म कबूल कर लिया है।

पुलिस के मुताबिक यह घटना शनिवार शाम की करवारा गांव की है। एक शख्स और उसके बेटे ने मिलकर आरएसएस कार्यकर्ता की हत्या कर दी क्योंकि उस पर कथित तौर पर उनकी बेटी का पीछा करने और उसके साथ छेड़छाड़ करने का आरोप था। 

मृतक आरएसएस कार्यकर्ता की पहचान 23 वर्षीय पंकज के रूप में हुई है। बताया जाता है कि पंकज उसी गांव से था और स्वामी कल्याणदेव डिग्री कॉलेज का स्नातक का छात्र था।

मुजफ्फरनगर सीनियर सुपरिटेंडेंट ऑफ पुलिस (एसएसपी) अभिषेक यादव ने कहा कि आरोपियों ने अपना अपराध कबूल कर लिया है। उन्होंने बताया कि मृतक आरएसएस कार्यकर्ता का शव हरसौली गांव के जंगल एरिया से बरामद किया गया है। 

पुलिस के मुताबिक पंकज शनिवार को अपने घर से अपने दोस्त सोनू के साथ मोटरसाइकिल पर निकला था। उसी समय उसे एक कॉल आया जिसके बाद उसने सोनू से कहा कि वह वापस बाइक घर की तरफ मोड़ ले। जब वह देर रात तक घर नहीं लौटा तो उसके परिवार ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई। 

पुलिस ने बताया कि पंकज ने जिस जगह पर सोनू से वापस घर चलने के लिए कहा था उस जगह पर खून के निशान पाए गए हैं। बाद में पंकज का शव जंगल एरिया से बरामद किया गया।

अगली खबर