चरित्र पर हुई शंका तो क्वरंटाइन से भागा युवक, फोन पर बात करते मिली पत्नी तो कुल्हाड़ी से काट डाला हाथ

Man cuts wife hand with axe in Chhattisgarh: ललित कोरवा (25) प्रवासी मजदूर है और वह हाल ही में लौटा है। घर लौटने के बाद ललित को अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह होने लगा था।

suspecting wife character man flees quarantine cut her hand with axe in Chhattisgarh
पत्नी के चरित्र पर हुआ शक तो काट डाला हाथ। प्रतीकात्मक तस्वीर  |  तस्वीर साभार: PTI
मुख्य बातें
  • पत्नी के चरित्र पर शक हुआ तो क्ववरंटाइन सेंटर की दीवार कूदकर भागा युवक
  • घर पर फोन पर बात करते हुए मिली पत्नी तो कुल्हाड़ी से काट डाला उसका हाथ
  • पुलिस ने युवक को गिरफ्तार किया, देरी होने से महिला का हाथ नहीं जोड़ा जा सका

रायपुर : छत्तीसगढ़ में पति की बेदर्दी का शिकार एक महिला हुई है। यहां एक क्वरंटाइन सेंटर में इलाज करा रहे युवक को अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह हुआ तो वह दीवार फांदकर घर पहुंच गया। घर पहुंचने पर उसने पत्नी को फोन पर किसी से बात करते हुए पाया। इसके बाद गुस्से में आकर उसने कुल्हाड़ी से पत्नी का हाथ काट दिया। महिला को घायल अवस्था में अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने आरोपी पति को गिरफ्तार कर लिया है।

क्ववरांटाइन में था प्रवासी मजदूर
ललित कोरवा (25) प्रवासी मजदूर है और वह हाल ही में घर लौटा है। घर लौटने के बाद ललित को अपनी पत्नी के चरित्र पर संदेह होने लगा था। उसे लगता था कि उसकी पत्नी का किसी दूसरे युवक के साथ प्रेम प्रसंग चल रहा है और वह फोन पर उससे बात करती है। इस आशंका पर वह मंगलवार को जशपुर जिले में बनाए गए कोविड क्वरंटाइन सेंटर से भाग गया। ललित जब घर पहुंचा तो उसने पाया कि उसकी पत्नी मोबाइल फोन पर किसी से बात कर रही थी।

पत्नी का हाथ कुल्हाड़ी से काटा
इसके बाद वह कुल्हाड़ी से अपनी पत्नी का दाहिना हाथ काटकर अलग कर दिया। हाथ काटे जाने के बाद उसकी पत्नी पियार बाई दर्द की वजह से छटपटाने लगी। इस दौरान ललित ने उस पर कई लांछन लगाए और वहां से भाग गया। इस घटना के समय ललित का दो साल का बच्चा भी वहीं था।

महिला का हाथ नहीं जोड़ा जा सका
पुलिस का कहना है कि ललित को गिरफ्तार कर लिया गया है। उसकी पत्नी पियार बाई को जख्मी हालत में अस्पताल पहुंचाया गया लेकिन देरी हो जाने की वजह से उसका हाथ वापस नहीं जोड़ा जा सका। पुलिस का कहना है कि ललित जब कभी भी क्वरंटाइन सेंटर से अपनी पत्नी को फोन करता था तो उसका फोन इंगेज मिलता था इससे उसे शक होने लगा।

दीवार फांदकर घर पहुंचा आरोपी
बगीचा पुलिस स्टेशन के जांच अधिकारी एचआर भगत ने बताया कि गत बुधवार रात ललित ने अपनी पत्नी को एक बार फिर फोन मिलाया। इस समय भी उसका फोन बिजी था। इससे गुस्सा होकर कि उसकी पत्नी किससे बात कर रही है, क्ववरंटाइन सेंटर की दीवार फांदकर घर पहुंच गया। घर पहुंचने पर उसने पाया कि उसकी पत्नी फोन पर किसी से बात कर रही है। इसके बाद उसने कुल्हाड़ी उठाई और उस हाथ को काट दिया जिससे उसने फोन पकड़ा था।   

अगली खबर