Unnao Case : होश में आई लड़की ने पुलिस में दर्ज कराया बयान, बताया उस दिन क्या हुआ था

पुलिस अधिकारी ने आगे कहा, 'नमकीन खाने से जब तीनों ने मना कर दिया तो आरोपियों ने उन्हें पानी पीने के लिए दिया। लड़की ने बताया कि पानी पीने के बाद तीनों बेहोश हो गईं।

Unnao Case : girl says she was poisoned, denies sexual assault attempt
उन्नाव केस में होश में आई लड़की ने पुलिस में दर्ज कराया बयान।  |  तस्वीर साभार: ANI
मुख्य बातें
  • गत 17 फरवरी को चारा लेने गईं तीन लड़कियां खेत में बेहोशी की हालत में मिली थीं
  • अस्पताल में इलाज के दौरान दो लड़कियों ने दम तोड़ दिया जबकि एक का उपचार चला
  • होश में आने के बाद तीसरी लड़की ने पुलिस और मजिस्ट्रेट के समक्ष अपना बयान दर्ज कराया है

उन्नाव : उन्नाव में दो नाबालिग दलित लड़कियों की मौत की गुत्थी सुलझ गई है लेकिन इस मामले में जिंदा बची लड़की ने पुलिस में अपना बयान दर्ज कराया है। 17 वर्षीय इस नाबालिग लड़की ने पुलिस को बताया है कि 28 साल के युवक विनय ने उसे और उसकी चचेरी बहनों को जहर दिया। लड़की ने अपने साथ यौन उत्पीड़न की घटना से इंकार किया है। बता दें कि मामले का मुख्य आरोपी विनय गत शुक्रवार को गिरफ्तार हुआ।  पिछले सप्ताह चारा लेने गईं 13 और 16 साल की दो दलित लड़कियां खेत में बेहोशी की हालत में मिलीं। बाद में उन्हें अस्पताल ले जाया जहां उन्होंने दम तोड़ दिया। 17 साल की नाबालिग लड़की भी बेहोश हुई थी लेकिन अस्पताल में इलाज के बाद वह अब ठीक हो गई है। 

होश में आई लड़की ने दर्ज कराया बयान 
इंडियन एक्सप्रेस की रिपोर्ट के मुताबिक पुलिस अधीक्षक आनंद कुलकर्णी ने बताया, 'कानपुर के एक निजी अस्पताल में जिस लड़की को भर्ती कराया गया था, वह होश में आ गई है। गत सोमवार को उसने मजिस्ट्रेट के सामने अपना बयान दर्ज कराया। मंगलवार को पुलिस ने उसका बयान दर्ज किया। उसने अपने बयान में विनय का नाम लिया है। लड़की का कहना है कि गत 17 फरवरी को जिस वक्त यह घटना हुई तो दोनों आरोपियों ने तीनों बहनों को खाने के लिए नमकीन दिया।'

यौन उत्पीड़न से किया इंकार
पुलिस अधिकारी ने आगे कहा, 'नमकीन खाने से जब तीनों ने मना कर दिया तो आरोपियों ने उन्हें पानी पीने के लिए दिया। लड़की ने बताया कि पानी पीने के बाद तीनों बेहोश हो गईं और इसके बाद उनके साथ क्या हुआ, उन्हें कुछ याद नहीं रहा। लड़की ने अपने बयान में दूसरे आरोपी का भी नाम लिया है।' यह पूछने पर कि क्या आरोपियों ने उनके साथ यौन उत्पीड़न किया या उनके साथ मारपीट की। इस पर लड़की ने 'ना' में जवाब दिया। 

पुलिस ने मुख्य आरोपी को गिरफ्तार किया है
गत शुक्रवार को पुलिस ने इस मामले को सुलझाने का दावा किया। पुलिस ने बताया कि उसने मामले के आरोपी विनय को गिरफ्तार किया है जबकि 15 साल के लड़के को हिरासत में लिया है। पुलिस का कहना है कि विनय ने पानी में जहर मिलाने की बात कबूल कर ली है। विनय चचेरी बहनों में सबसे बड़ी लड़की के साथ संबंध बढ़ाना चाहता था लेकिन उसने कथित रूप से उसके इस प्रस्ताव को ठुकरा दिया था। पुलिस अधिकारी ने बताया कि लड़कियों को पता नहीं था कि वे जहर मिला पानी पी रही हैं। 

अगली खबर