प्रेम संबंधों में बेटी बन रही थी रुकावट, प्रेमी के साथ मिलकर मां ने ही ले ली मासूम जान

उत्‍तर प्रदेश के रायबरेली से हैरान करने वाला वाकया सामने आया है। यहां एक महिला ने प्रेमी के साथ मिलकर अपनी ही 5 साल की बेटी की हत्‍या कर दी।

प्रेम संबंधों में बेटी बन रही थी रुकाट, प्रेमी के साथ मिलकर मां ने ही दे दी 5 साल की मासूम को मौत
प्रेम संबंधों में बेटी बन रही थी रुकावट, प्रेमी के साथ मिलकर मां ने ही दे दी 5 साल की मासूम को मौत  |  तस्वीर साभार: Representative Image

रायबरेली : उत्‍तर प्रदेश के रायबरेली से दिल को दहला देने वाली वारदात सामने आई है। यहां एक मां ने ही कथित तौर पर अपने प्रेमी के साथ मिलकर पांच साल की बेटी की हत्‍या कर दी। महिला का पति मुंबई में रहता था, जबकि वह अपने बच्‍चों के साथ ससुराल में रहती थी। मामले का खुलासा हुआ तो हर किसी के पैरों तले जमीन खिसक गई। पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की जांच की जा रही है।

यह घटना रायबरेली के डलमऊ कोतवाली क्षेत्र के सुरसना गांव की है। प्राप्‍त जानकारी के अनुसार, आरोपी महिला की शादी कुछ साल पहले हुई थी। पति से उसकी एक बच्‍ची भी हुई, जिसकी उम्र लगभग पांच साल थी। पति मुंबई में काम करता था, जबकि वह अपने ससुर और बेटी के साथ ससुराल में रहती थी। होली पर वह बेटी के साथ मायके गई थी, जहां से 31 मार्च को वह ससुराल जाने के नाम पर निकली थी।

प्रेमी के साथ 2 दिन रुकी

पुलिस के अनुसार, महिला ससुराल न जाकर अपने प्रेमी के पास रहने चली गई थी। दो दिन दोनों साथ में रहे, जिस दौरान 5 साल की मासूम को भी इसका एहसास हो चुका था कि मां और उस शख्‍स के बीच संबंध ठीक नहीं हैं। वह बार-बार घर जाने की जिद कर रही थी। उसने यह भी कहा कि वह घर जाकर बाबा को बता देगी कि नाना के यहां से निकलने के बाद मां उसे लेकर किसी और के घर में रुकी।

महिला और उसके प्रेमी को भेद खुल जाने का डर था। बच्‍ची के दबाव में महिला का प्रेमी उन सबको लेकर बाइक से उन्‍हें छोड़ने जा रहा था। लेकिन रास्‍ते में उसने बच्‍ची की गला दबाकर हत्‍या कर दी, जिस वक्‍त महिला भी उसके साथ थी। बाद में दोनों ने बच्‍ची के शव को कुएं में डाल दिया। महिला जब ससुराल पहुंची तो बच्‍ची को साथ न पाकर घरवालों ने तलाश शुरू की, जिसके बाद 6 अप्रैल को उसका शव कुएं में बरामद किया गया।

बच्‍ची का शव बलभद्र गांव से करीब 500 मीटर दूर एक कुएं में पड़ा मिला। इससे पहले तक महिला और उसके प्रेमी ने अपने जुर्म के बारे में जुबान नहीं खोली थी। लेकिन बच्‍ची का शव बरामद किए जाने के बाद जब पुलिस ने सख्‍ती से पूछताछ की तो उन्‍होंने अपना जुर्म कबूल कर लिया। 
 

अगली खबर