बेटे की चाह में शख्स ने उठाया क्रूर कदम, गर्भवती पत्नी का पेट काटा

क्राइम
भाषा
Updated Sep 20, 2020 | 07:29 IST

उत्तर प्रदेश के बंदायू से एक ऐसा मामला सामने आया है जो हैरान करने वाला है। पांच बेटियों के बाप ने बेटे की चाहत के लिए अपनी गर्भवती पत्नी का पेट काट दिया।

Wanting son, man rips open pregnant wife's stomach in Badaun UP
बेटे की चाह में शख्स अपनी गर्भवती पत्नी का पेट काटा 
मुख्य बातें
  • यूपी के बंदायू में शख्स ने अपनी गर्भवती पत्नी का पेट काटा
  • आरोपी शख्स पांच बेटियों का पिता है, बेटे की चाहत में काटा पत्नी का पेट
  • पुलिस ने आरोपी को किया गिरफ्तार, घायल पत्नी अस्पताल में भर्ती

बदायूं: बदायूं में पांच बेटियों के एक पिता ने शनिवार शाम को कथित रूप से यह जानने के लिए अपनी गर्भवती पत्नी का पेट काट दिया कि वह इस बार लड़के को जन्म देगी, या नहीं। पुलिस अधीक्षक (शहर) प्रवीण सिंह चौहान ने बताया कि यह घटना सिविल लाइन्स पुलिस थाना क्षेत्र के तहत नेकपुर इलाके में हुई। पन्नालाल नाम के व्यक्ति ने एक धारदार हथियार से अपनी पत्नी (करीब 35 वर्ष) का पेट काट दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई।

चौहान ने बताया कि इस मामले में प्राथमिकी दर्ज कर ली गई और पन्नालाल को गिरफ्तार कर लिया गया है। उन्होंने कहा कि यह पता लगाने की कोशिश की जा रही है कि इस अपराध को अंजाम देने का कारण क्या था। महिला को गंभीर स्थिति में बरेली अस्पताल ले जाया गया। महिला के मायके वालों ने आरोप लगाया है कि पन्नालाल बेटा चाहता था और उसने यह पता लगाने के लिए अपनी पत्नी का पेट काट दिया कि उसके गर्भ में लड़का है, या लड़की।

स्थानीय लोग महिला को तत्काल जिला अस्पताल ले गए, जहां से उसे गंभीर हालत में बरेली अस्पताल ले जाया गया। पुलिस ने कहा कि यह बताया जा रहा है कि महिला छह-सात महीने की गर्भवती है।

अगली खबर