CISCE ने जारी किए 10वीं और 12वीं के रिजल्‍ट, लड़कियों ने मारी बाजी, ऐसे चेक करें नतीजे

CISCE ने 10वीं व 12वीं के नतीजे आज घोषित कर दिए हैं। नतीजे results.cisce.org पर और SMS के जरिए देखे जा सकते हैं।

ICSE board result 2021
ICSE board result 2021  |  तस्वीर साभार: BCCL

ICSE board result 2021: काउंसिल फॉर द इंडियन स्‍कूल सर्टिफिकेट एग्‍जामिनेशंस (CISCE) ने 10वीं और 12वीं के नतीजे जारी कर दिए हैं। कोरोना महामारी के बीच इस साल बोर्ड परीक्षाएं रद्द कर दी गई थीं, जिसके बाद अब बोर्ड परीक्षाओं के परिणाम घोषित किए गए हैं।

इंडियन सर्टिफिकेट ऑफ सेकेंडरी एजुकेशन (ICSE) के 10वीं और ICSE के 12वीं के नतीजे दोपहर 3 बजे जारी किए गए। छात्र सीआईएससीई की आधिकारिक वेबसाइट cisce.org पर अधिक जानकारी प्राप्त कर सकते हैं।

12वीं में लड़कियों ने मारी बाजी

10वीं में जहां लड़के और लड़कियों, दोनों का उत्तीर्ण प्रतिशत 99.8 फीसदी रहा, वहीं 12वीं कक्षा के नतीजों में लड़कियों ने बाजी मार ली। उनका उत्‍तीर्ण प्रतिशत लड़कों के मुकाबले 0.2 फीसदी अधिक रहा। लड़कियों का उत्तीर्ण प्रतिशत जहां 99.86 रहा, वहीं लड़कों का पासिंग पर्सेंटेज 99.66 फीसदी रहा। पिछले साल की तरह इस बार भी असाधारण परिस्थितियों को देखते हुए मेधा सूची नहीं निकाली गई है।

रिजल्‍ट बोर्ड द्वारा तय वैकल्पिक मूल्यांकन नीति के आधार पर तैयार किए गए हैं। सीआईएससीई के मुख्य कार्यकारी और सचिव गेरी अराथून के अनुसार, पिछले वर्षों के उलट इस बार उत्तर पुस्तिकाओं की फिर से जांच का विकल्प उपलब्ध नहीं होगा, क्योंकि स्‍टूडेंट्स को कोविड के मद्देनजर तय अलग पद्धति से अंक दिए गए हैं। हालांकि अंक गणना में त्रुटियां, यदि कोई हो तो उसमें सुधार विवाद समाधान प्रणाली के जरिये होगा।

वेबसाइट पर रिजल्‍ट जारी

CISCE 10वीं और 12वीं के नतीजे काउंसिल की वेबसाइट पर देखे जा सकते हैं या SMS के जरिये जानकारी ली जा सकती है। स्‍कूलों के लिए टैबुलेशन रजिस्‍टर करियर्स पोर्टल के जरिये उपलब्‍ध कराए जाएंगे। स्‍कूल के प्रिंसिपल के लॉग-इन आईडी और पासवर्ड से इसमें लॉग-इन किया जा सकता है।

बोर्ड ICSE परिणाम 2021 तैयार करने के लिए कक्षा 9 और कक्षा 10 की आंतरिक परीक्षाओं के अंकों पर विचार करेगा। वहीं, कक्षा 11 और कक्षा 12 की आंतरिक परीक्षाओं के अंकों को ISC परिणाम तैयार करने के लिए माना जाएगा। परियोजना कार्य और प्रायोगिक कार्य के लिए आंतरिक मूल्यांकन अंक यथावत माने जाएंगे।

इस साल लगभग 3 लाख छात्रों ने परीक्षा के लिए पंजीकरण कराया था। कोविड महामारी के बीच ICSE, ISC परिणाम 2021 का इंतजार है। अगले शैक्षणिक सत्र की तैयारी के लिए CISCE ने 2022 बोर्ड से पहले कक्षा 10, 12 के छात्रों के पाठ्यक्रम को कम कर दिया था।

अगली खबर