Gurugram News: सड़क, सीवर और पेयजल सुविधा देने का खाका तैयार, इन 24 अवैध कॉलोनियों में डेवलपमेंट का बना प्‍लान

Gurugram News: गुरुग्राम शहर के अंदर मौजूद 24 अवैध कॉलोनियों को नियमित करने के लिए नगर निगम ने सर्वे प्रक्रिया शुरू कर दी है। इसके साथ ही इन कॉलोनियों के नियमित होने के बाद होने वाले विकास कार्यों का खाका भी तैयार हो गया है। यहां पर सड़क, सीवर और पेयजल सहित सभी बुनियादी सुविधाओं का विकास किया जाएगा।

Gurugram News
अवैध कॉलोनियों को नियमित करने के लिए सर्वे शुरू   |  तस्वीर साभार: Twitter
मुख्य बातें
  • शहर की 24 अवैध कॉलोनियों को नियमित करने का सर्वे शुरू
  • नगर निगम ने इन कॉलोनियों के लिए तैयार किया डेवलपमेंट प्‍लान
  • इससे पहले विगत 10 साल में शहर की 79 कॉलोनियां हो चुकी नियमित

Gurugram News: गुरुग्राम नगर निगम क्षेत्र में बसी अवैध कॉलोनियों में रहने वाले लोगों को बहुत बड़ी राहत मिलने वाली है। इन कॉलोनियों को नियमित करने के लिए नगर निगम ने सर्वे प्रक्रिया शुरू कर दी है। इस समय निगम के कर्मचारी शहर की उन सभी 24 कॉलोनियों की रिपोर्ट तैयार कर रहे हैं, जिन्‍हें नियमित किया जाना है। इन कॉलोनियों को नियमित होने की मंजूरी मिलने के बाद यहां पर नगर निगम द्वारा सड़क, सीवर और पेयजल सहित सभी बुनियादी सुविधाओं का विकास किया जाएगा। बता दें कि, इसी सोमवार को हुई नगर निगम सदन की बैठक में भी इन कॉलोनियों के एजेंडा पर मुहर लगी थी।

हरियाणा सरकार ने इससे पहले वर्ष 2013 में गुरुग्राम शहर के अंदर की 44 अवैध कॉलोनियों को नियमित किया था। इसके बाद फिर से 2019 में फिर से 35 कॉलोनियों को नियमित कर वहां पर मूलभूत सुविधाओं का विकास किया गया। निगम अधिकारियों के अनुसार, इन 79 अवैध कॉलोनियों को नियमित करने के बाद यहां पर विकास पर करोड़ों रुपये खर्च किए जा चुके हैं। हालांकि इन पर करोड़ों रुपये का विकास शुल्क अभी भी बकाया है। निगम अधिकारियों के अनुसार, किसी भी अवैध कॉलोनी के नियमित होने के बाद प्लाट या प्रॉपर्टी के आकार के आधार पर निर्धारित विकास शुल्क देना होता है। इसके बाद ही सड़क, पेयजल, स्ट्रीट लाइट और सीवर की सुविधा दी जाती है। इन कॉलोनियों में निगम ने सुविधाएं तो दे दी, लेकिन विकास शुल्क अभी भी बकाया है।

इन कॉलोनियों का चल रहा है सर्वे

नगर निगम जिन कॉलोनियों को नियमित करने के लिए सर्वे कर रहा है। उनमें ओम विहार कार्टरपुरी, पीर बाबा कॉलोनी, बादशाहपुर, चंदन विहार फेज ए आठ चौमा, ई 11 बादशाहपुर,  एनकेवी फार्महाउस डेवलपर कॉलोनी, बादशाहपुर, ई 14, कादरपुर, बादशाहपुर क्षेत्र, बी 42 सीही, आरआर कॉलोनी ई 9, बादशाहपुर,  एसपीआर कॉलोनी ई 7, बादशाहपुर, गंगा विहार ए 7 चौमा, सी 45 कॉलोनी, भोंडसी, रियान कॉलोनी, भोंडसी, ई 15 नरसिंहपुर, चंदन विहार टू, चौमा, भूप नगर, भोंडसी, सरस्वती कॉलोनी, भोंडसी, विश्वकर्मा कॉलोनी, बसई और कादीपुर, सूरत नगर फेज टू, धनवापुर, बसई इंडस्ट्रियल एरिया, बसई एंकलेव, राजेंद्रा पार्क, एनकेवी फार्महाउस कॉलोनी, टीकरी और बहरामपुर, निखिल विहार कॉलोनी, चौमा और सराय अलावर्दी, न्यू पालम विहार कॉलोनी और पाकेट एक और दो शामिल हैं।

अगली खबर