दिल्ली पुलिस का एक SI उसकी पत्नी और बच्चा कोरोना संक्रमित, मॉडल टाउन पुलिस कॉलोनी क्वारंटाइन

देश
रवि वैश्य
Updated Apr 16, 2020 | 12:58 IST

दिल्ली की मॉडल टाउन पुलिस कॉलोनी में रहने वाले सब इंस्पेक्टर, उसकी पत्नी और बच्चा कोरोना पॉजिटिव मिला है जिसके बाद से वहां कालोनी में हड़कंप है, प्रशासन जरुरी कदम उठा रहा है। 

Corona virus
प्रतीकात्मक तस्वीर 

नई दिल्ली: कोरोना की मार से सभी बेहाल हैं क्या आम और क्या खास, दिल्ली पुलिस का एक एसआई और उसके परिवार के भी कोरोना संक्रमित होने की खबर सामने आई जिसके बाद मॉडल टाउन इलाके की पुलिस कॉलोनी को क्वारंटाइन कर दिया गया है, बताया जा रहा है कि दिल्ली पुलिस के इस सब इंस्पेक्टर की पत्नी एक हॉस्पिटल में नर्सिंग स्टाफ हैं।

इस खबर के बाद प्रशासन अब इन सभी के संपर्क में आने वालों की पहचान में जुटी है ताकि संक्रमण को फैलने से रोका जा सके। पुलिस कॉलोनी के G,H और I ब्लॉक को क्वारंटाइन किया गया है और वहां रहने वालों पर निगाह रखी जा रही है।

दिल्ली पुलिस में कोरोना पॉजिटिव स्टाफ की संख्या दिन ब दिन बढ़ रही है। हालांकि दिल्ली पुलिस ने सोशल डिस्टेंसिंग सहित तमाम एहतियाती कदम उठाये हैं।

दिल्ली पुलिस के दो सिपाही निकले कोरोना पॉजिटिव
तमाम सावधानियां बरतने के बाद भी बुधवार शाम दो और कोरोना पॉजिटिव सिपाही निकल आये। इसकी पुष्टि मध्य जिला डीसीपी संजय भाटिया ने की। उन्होंने कहा, दोनो सिपाही चांदनी महल थाने में तैनात हैं। बुधवार ही पता चला। रिपोर्ट आते ही दोनो को एक निजी अस्पताल में दाखिल करा दिया गया है।

इन दो सिपाहियों से पहले दो एएसआई, एक सिपाही भी दिल्ली पुलिस में कोरोना पॉजिटिव पाये जा चुके हैं। दिल्ली पुलिस ने एहतियातन यह भी तय किया है कि, अब ड्यूटी के बाद सभी स्टाफ घर जाने के बजाये अपने अपने जिले में मौजूद होटलों में बनाये गये स्थान पर ही रहेगा।

ताकि परिवार और समाज के बाकी लोगों तक कोई परेशानी जाने अनजाने न पहुंच सके। गौरतलब है कि, चांदनी महल स्थित 18 मस्जिदों में रह रहे 100 से ज्यादा तबलीगी जमात से जुड़े लोग यहीं मिले थे। इन सभी को कोरोंटाइन कराया गया था

दिल्ली पुलिस के अफसर और जवान अब घर नहीं जायेंगे
कोरोना संक्रमण को रोकने की कवायद में जुटे दिल्ली पुलिस के अफसर और जवान अब घर नहीं जायेंगे। होटलों में इनके रुकने का इंतजाम कर दिया गया है। यह कदम एहतियातन उठाया गया है। ताकि कोरोना संक्रमित इलाकों में ड्यूटी देने वाले पुलिसकर्मियों के जरिये कहीं उनके परिवार और समाज में यह मुसीबत न फैल जाये। 15 जिलों में इस तरह के 50 से ज्यादा स्थान (होटल) तय कर दिये गये हैं।

इस आशय के आदेश मंगलवार को ही दिल्ली पुलिस के विशेष आयुक्त (सशस्त्र बल) ने जारी किये हैं। जारी आदेश के साथ उन 57 होटलों (स्थानों) की सूची भी है, जहां-जहां दिल्ली पुलिस अफसरों और जवानों के रुकने के एहतियाती इंतजाम किये गये हैं।

अब तक पुलिसकर्मी ड्यूटी के बाद अपने-अपने घर चले जाते थे। जब दिल्ली पुलिस के 3 जवानों की रिपोर्ट कोरोना पॉजिटिव की आई, तब यह कदम उठाने को मजबूर होना पड़ा। दिल्ली पुलिस में हरियाणा, राजस्थान, यूपी आदि (राष्ट्रीय राजधानी के आसपास के क्षेत्रों से) में भी दिल्ली पुलिस के कुछ अफसर और बड़ी संख्या में जवान रहते हैं।

यह सब लोग ड्यूटी, घरों से आकर ही दिल्ली में करते हैं। लॉकडाउन के दौरान सीमा पर कुछ स्थानों पर दिल्ली से दूसरे राज्य में ड्यूटी करके जाने पर उस राज्य की पुलिस ने भी प्रवेश पर आपत्ति दर्ज कराई थी।

दूसरे राज्यों की पुलिस को अंदेशा था कि, कहीं कोई पुलिसकर्मी दिल्ली से संक्रमित होकर उनके राज्य में न पहुंच जाये।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर