मौसम 20 सितंबर: दिल्ली-NCR को नहीं मिलेगी गर्मी से राहत, जानें आज कैसा रहेगा मौसम

Aaj Ka Mausam (मौसम का हाल): दिल्ली-एनसीआर में पिछले कई दिनों से बारिश नहीं हुई है, जिससे तापमान बढ़ रहा है। आज भी मौसम में किसी प्रकार के बदलाव की संभावना नहीं है।

weather
दिल्ली में पड़ रही गर्मी 

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली में पिछले 12 दिनों से लगातार बारिश नहीं हुई है। इस वजह से दिल्ली-एनसीआर में तापमान में बढ़ोतरी हो गई है। मौसम विज्ञान विभाग ने दिल्ली में अगले तीन दिनों तक मौसम शुष्क रहने का पूर्वानुमान जताया है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के अनुसार सितंबर में दिल्ली में अभी तक 78 प्रतिशत कम बारिश हुई है। कुल मिलाकर, एक जून से मानसून शुरू होने के बाद से शहर में 617.8 मिमी सामान्य की तुलना में 576.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई है।

आईएमडी ने यह भी कहा है कि मानसून के दिल्ली में लंबे समय तक रहने और इसके जाने की शुरुआत अक्टूबर के शुरुआती दिनों में होने की संभावना है।

शनिवार को दिल्ली में अधिकतम तापमान 37.3 डिग्री सेल्सियस रहा। आज यानी रविवार को भी अधिकतम तापमान 37 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। बारिश का कोई पूर्वानुमान नहीं है, हालांकि हल्के बादल छाए रह सकते हैं। कहा जा सकता है कि गर्मी से राहत नहीं मिलने वाली है।

वहीं फरीदाबाद में अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस रहने की संभावना है। आसमान साफ रहेगा, बारिश की कोई संभावना नहीं है। गुरुग्राम में भी इसी तरह का मौसम रहने की संभावना है।

मौसम विभाग ने शुक्रवार को कहा था कि दक्षिण पश्चिम मानसून के जाने की शुरुआत अगले सप्ताह के अंत तक होने की संभावना है। ओडिशा, आंध्र प्रदेश, केरल, महाराष्ट्र और गोवा के लिए रविवार को भी आरेंज चेतावनी जारी की गई है। ओडिशा में, राज्य सरकार ने जिला प्रशासनों से कहा है कि वह किसी भी बाढ़ जैसी स्थिति और भूस्खलन से निपटने के लिए तैयार रहें क्योंकि 20 सितंबर के आसपास उत्तर पूर्व बंगाल की खाड़ी एवं उसके आसपास के क्षेत्रों में एक कम तबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है। ओडिशा के कई हिस्सों में 23 सितंबर तक तेज वर्षा होने की संभावना है। मौसम केंद्र ने मछुआरों को 20 सितंबर से ओडिशा तट से गहरे समुद्र में नहीं उतरने की सलाह दी है और कहा कि गहरे समुद्र में रहने वालों को रविवार तक तट पर लौटने की सलाह दी जाती है।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर