CAA: जोधपुर में कांग्रेस समेत दूसरे दलों पर बरसे अमित शाह, राहुल गांधी को बहस की दी चुनौती

नागरिकता कानून के समर्थन में बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने राजस्थान के जोधपुर से जनसंपर्क अभियान की शुरुआत की। एक जनसभा को संबोधित करते हुए विपक्ष पर जमकर बरसे।

नागरिकता कानून के समर्थन में बीजेपी का अभियान, जोधपुर में विपक्ष पर बरसे अमित शाह
बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं अमित शाह 
मुख्य बातें
  • नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में बीजेपी की जोधपुर में रैली
  • जोधपुर में बोले शाह, किसी भी सूरत में नागरिकता संशोधन कानून को वापस नहीं लिया जाएगा
  • ममता बनर्जी समेत दूसरे दल सिर्फ भय और अफवाह फैलाने का काम कर रहे हैं

नई दिल्ली। नागरिकता संशोधन कानून के समर्थन में अब बीजेपी ने भी कमर कस ली है। राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने जोधपुर से जनसंपर्क अभियान की शुरुआत की। उन्होंने कहा कि जो दल या नेता इस विषय पर आम लोगों को गुमराह कर रहे हैं उनकी अफवाह वाली मुहिम से सजग करने के लिए बीजेपी कार्यकर्ता घर घर जाएंगे।

गृहमंत्री अमित शाह ने कहा कि 56 इंच के सीने वाले से विपक्ष डर गया है। अगर राहुल गांधी ने सही से कानून पढ़ा हो तो उनसे चर्चा के लिए वो कहीं भी तैयार है। लेकिन एक बात वो साफ करना चाहते हैं कि विपक्ष जितना भी शोर क्यों न करे नागरिकता संशोधन कानून को वापस नहीं लिया जाएगा। 


अमित शाह ने कहा कि कांग्रेस, समाजवादी पार्टी, वाम दल, बीएसपी और दूसरे दलों को चुनौती देते हैं कि चर्चा के लिए कहीं भी आएं वो तैयार हैं। सच ये है कि इन दलों को इस कानून के बारे में समझ नहीं है और लोगों को गुमराह कर रहे हैं। वो आम लोगों से अपील करते हैं कि नागरिकता कानून किसी की नागरिकता छीनने के लिए नहीं है, बल्कि नागरिकता देने के लिए है। वो सभी विपक्षी दलों को चुनौती देते हैं कि विरोध कितना भी हो इस कानून में इंच भर भी बदलाव नहीं होगा। 

अमित शाह के बोल

कांग्रेस के बताए कि देश के टुकड़े किसने किए,धर्म के आधार पर भारत को किसने बांटा। 

मानवाधिकार के चैंपियनों से उनका सवाल है कि आखिर वो शरणार्थियों के बारे में क्यों नहीं बोलते हैं। 

नागरिकता को कोई रोक नहीं सकता, विपक्षी दल सिर्फ भ्रम और भय का माहौल बना रहे हैं। 

विपक्ष यह बताए कि क्या महात्मा गांधी सांप्रदायिक थे। वो कहा करते थे कि जब कभी पाकिस्तान, बांग्लादेश और अफगानिस्तान ने गैर मुस्लिम अल्पसंख्यक भारत वापस आना चाहेंगे उन्हें सहर्ष स्वीकार करेंगे। लेकिन कांग्रेस क्या संदेश दे रही है। 

ममता बनर्जी के खिलाफ निशाना साधते हुए कहा कि उन्हें पता है कि केंद्रीय कानून लागू करने से कोई राज्य सरकार मना नहीं कर सकती है, बावजूद वो विरोध और भ्रम फैला रही हैं। वो आखिर क्या संदेश देना चाहती हैं। वो साफ करना चाहते हैं कि विपक्ष को जितना विरोध करना हो करें फैसला वापस नहीं लिया जाएगा। 

अमित शाह ने नागरिकता संशोधन कानून के साथ साथ सर्जिकल स्ट्राइक, अनुच्छेद 370, टुकड़े टुकड़े गैंग और वीर सावरकर के मुद्दे को उठाया। उन्होंने कहा कि आज विपक्ष दिशाहीन हो चुका है। विपक्ष के पास सकारात्मक मुद्दे की कमी है और नकारात्मक वातावरण का निर्माण किया जा रहा है। 

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर