क्या कर्नाटक में नहीं होगा बदलाव? जेपी नड्डा ने कहा- नहीं है राजनीतिक संकट, येदियुरप्पा ने अच्छा काम किया

देश
भाषा
Updated Jul 25, 2021 | 19:25 IST

कर्नाटक में नेतृत्व में बदलाव के सवाल पर भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा ने कहा कि उन्होंने (बीएस येदियुरप्पा) अच्छा काम किया है। वह कर्नाटक को अच्छे से चला रहे हैं। येदियुरप्पा अपने दम पर चीजों को संभाल रहे हैं।

Yediyurappa
येदियुरप्पा को लेकर बना हुआ है संशय 

पणजी: कर्नाटक में नेतृत्व परिवर्तन की अटकलों के बीच भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के अध्यक्ष जे पी नड्डा ने रविवार को इस दक्षिणी राज्य में किसी राजनीतिक संकट से इनकार किया और कहा कि मुख्यमंत्री बी एस येदियुरप्पा ने अच्छा काम किया है। उन्होंने पेगासस जासूसी आरोपों को बेबुनियाद करार दिया और यह कहते हुए विपक्ष पर निशाना साधा कि उसके पास कोई मुद्दा नहीं बचा है। गोवा की अपनी दो दिवसीय यात्रा के आखिर में उन्होंने संवाददाताओं से बातचीत में कहा कि भाजपा अगले साल के प्रारंभ में होने वाला गोवा विधानसभा चुनाव मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत के नेतृत्व में लड़ेगी लेकिन औपचारिक फैसला पार्टी का संसदीय बोर्ड करेगा।

कर्नाटक के संदर्भ में भाजपा अध्यक्ष ने कहा, 'येदियुरप्पा ने अच्छा काम किया है। कर्नाटक अच्छा प्रदर्शन कर रहा है। येदियुरप्पा अपने तरीके से चीजें संभाल रहे हैं।' जब उनसे सवाल किया गया कि क्या इस दक्षिणी राज्य में कोई राजनीतिक संकट तो नहीं है तो उन्होंने कहा, 'यह आप महसूस करते हैं, हम ऐसा महसूस नहीं करते।' 

नड्डा का बयान इस मायने से अहम है कि कुछ ही घंटे पहले पद पर बने रहे के संदर्भ में कर्नाटक के मुख्यमंत्री ने कहा था कि आज शाम तक उन्हें भाजपा आलाकमान से निर्देश मिल जाएगा और फिर वह उपयुक्त निर्णय लेंगे। बेलगावी में जब येदियुरप्पा से सवाल किया गया था कि क्या दिल्ली से आलाकमान का निर्देश आज आने की उम्मीद है तो उन्होंने कहा, 'शाम तक आ जाएगा तो आपको भी उसके बारे में पता चल जाएगा, निर्देश आ जाए, फिर मैं उपयुक्त निर्णय लूंगा।'

पेगासस जासूसी विवाद पर पूछे गये एक सवाल का जवाब देते हुए भाजपा अध्यक्ष ने कहा कि यह बेबुनियाद है.. यह कोई मुद्दा ही नहीं है। कांग्रेस के नेतृत्व वाले विपक्षी दलों के पास कोई मुद्दा ही नहीं है जिसे वे लोगों की खातिर उठा सकें। इसलिए वे इस प्रकार का मुद्दा उठाते हैं। पिछले रविवार को एक अंतरराष्ट्रीय मीडिया गठबंधन ने खबर दी थी कि 300 से अधिक असत्यापित भारतीय मोबाइल फोन नंबरों को इजरायली कंपनी एनएसओ के पेगासस स्पाईवेयर के मार्फत हैकिंग के लिए निशाना बनाया गया, इन नंबरों में दो मंत्रियों, 40 से अधिक पत्रकारों, तीन विपक्षी दलों एवं बहुत सारे उद्योगपतियों एवं सामाजिक कार्यकर्ताओं के नंबर शामिल हैं। हालांकि, सरकार इस मामले में विपक्ष के सभी आरोपों से इनकार कर रही है। 

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर