Karnataka : तो लिंगायत से ही कर्नाटक की कमान! BJP ने शुरू की येदियुरप्पा के उत्तराधिकारी की तलाश   

Karnataka Politics :कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद से बीएस येदियुरप्पा के इस्तीफा देने के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने उनके उत्तराधिकारी की तलाश तेज कर दी है। सीएम पद के लिए कई नाम रेस में हैं।

 BJP starts searching BS Yediyurappa successor,  List of frontrunners
BJP ने शुरू की येदियुरप्पा के उत्तराधिकारी की तलाश। 
मुख्य बातें
  • कर्नाटक के सीएम पद से बीएस येदियुरप्पा ने इस्तीफा दे दिया है
  • भारतीय जनता पार्टी ने तेज की येदियुरप्पा के उत्तराधिकारी की तलाश
  • सीएम पद की रेस में कई नाम चर्चा में हैं, किसी लिंगायत नेता को मिल सकती है कमान

नई दिल्ली : मुख्यमंत्री पद से बीएस येदियुरप्पा के इस्तीफे के बाद भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने उनके उत्तराधिकारी की तलाश शुरू कर दी है। सीएम पद की रेस में कई नाम चर्चा में हैं। सूत्रों का कहना है कि राज्य में लिंगायत समुदाय के प्रभाव को देखते हुए भाजपा इसी समुदाय से आने वाले अपने किसी नेता को राज्य की कमान सौंप सकती है। प्रदेश में भाजपा के पास कई दिग्गज नेता हैं जो इस समुदाय से आते हैं। मुख्यमंत्री येदियुरप्पा भी इस समुदाय का प्रतिनिधित्व करते हैं। सूत्रों का कहना है कि भाजपा शीर्ष नेतृत्व कर्नाटक के अगले सीएम की तलाश में जुट गया है। सोमवार को संसद भवन परिसर में केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह और भाजपा अध्यक्ष जे पी नड्डा ने एक बैठक की और इस मुद्दे पर आरंभिक चर्चा की।

सभी की नजरें कर्नाटक पर
सूत्रों का कहना है कि आज शाम तक भाजपा अपने दो केंद्रीय पर्यवेक्षकों के नाम तय कर लेगी। दोनों केंद्रीय पर्यवेक्षक बेंगलुरु जाएंगे और वहां विधायक दल की बैठक में शिरकत करेंगे जहां नए नेता का नाम तय किया जाएगा। भगवा पार्टी राज्य की कमान अपने किस नेता को देगी इस पर सभी की नजरें बनी रहेंगी। सीएम पद पर ताजपोशी को लेकर मीडिया में कुछ नाम सामने आए हैं। 

मुरुगेश निरानी
सीएम पद की दौड़ में मुरुगेश निरानी का नाम है।  मुरुगेश राज्य में भूगर्भ एवं खनन मंत्री हैं। खास बात यह है मुरुगेश लिंगायत समुदाय से आते हैं। वह निरानी ग्रुप के चेयरमैन हैं। इस ग्रुप में निरानी सूगर्स लिमिटेड, साइ प्रिया सूगर्स लिमिटेड सहित कई बड़ी कंपनियां शामिल हैं। 56 वर्षीय नेता ने कुछ दिनों पहले कहा कि 'येदियुरप्पा को बदलने का कोई निर्देश नहीं है। मैंने अपने लिए कभी लॉबिंग नहीं की। पार्टी जो जिम्मेदारी सौंपेगी, उसे मैं निभाऊंगा। सभी बातों का विचार करते हुए पार्टी हाई कमान सीएम पद के लिए सही व्यक्ति का चुनाव करेगा।' 

प्रह्लाद जोशी
मुख्यमंत्री पद की रेस में जोशी का भी नाम है। 58 वर्षीय प्रह्लाद भाजपा के वरिष्ठ नेता हैं। वह 2004 से धारवाड़ सीट से जीतते आ रहे हैं। उन्होंने कहा कि 'इस बारे में किसी ने भी मुझसे कोई बात नहीं की है। यह केवल मीडिया में चल रहा है। मुझे लगता है कि इस बारे में प्रतिक्रिया देने की कोई जरूरत नहीं है।'

बीएस बोम्मई
राज्य के गृह मंत्री बीएस बोम्मई का नाम भी मुख्यमंत्री पद की दौड़ में है। हालांकि, बोम्मई ने सीएम पद को लेकर चल रहीं अटकलों को खारिज किया है। उन्होंने कहा कि इस बारे में अभी कुछ भी आधिकारिक नहीं है। गृह मंत्री ने कहा, 'मैं अटकलें लगाने वाले किसी भी सवाल का जवाब नहीं देना चाहता।'

सीटी रवि
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव सीटी रवि चिकमगलूर विधानसभी सीट से चार बार के विधायक हैं। राष्ट्रीय महासचिव बनने से पहले वह कर्नाटक सरकार में मंत्री थे। सीटी रवि की उम्र अभी 54 साल है। 

बीएल संतोष
मुख्यमंत्री पद की दौड़ में भाजपा के राष्ट्रीय महामंत्री (संगठन) बीएल संतोष का नाम भी है। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के प्रचारक रूप में अपनी सेवा दे चुके संतोष भाजपा से 1993 में जुड़े। साल 2006 में वह कर्नाटक भाजपा के महामंत्री भी रहे। सीएम पद की रेस में अरविंद बेल्लाड और जगदीश शेट्टार का नाम भी चल रहा है। 

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर