Farms Law: ट्रैक्टर जलाए जाने पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का कांग्रेस पर तंज, किसान तो ऐसा नहीं कर सकता

देश
ललित राय
Updated Oct 01, 2020 | 18:28 IST

कृषि कानूनों पर कांग्रेस इस समय केंद्र सरकार पर हमलावर है। लेकिन केंद्र सरकार के मंत्री भी पलटवार करते हुए कांग्रेस से सवाल के साथ जवाब भी मांग रहे हैं।

Farms Law: ट्रैक्टर जलाए जाने पर रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह का कांग्रेस पर तंज, किसान तो ऐसा नहीं कर सकता
राजनाथ सिंह, रक्षा मंत्री 
मुख्य बातें
  • कृषि कानून पर कांग्रेस के विरोध को रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने किया दरकिनार
  • राजनाथ सिंह ने कहा कि कोई भी किसान ट्रैक्टर को नहीं जला सकता है
  • जिस तरह से सैनिक अपने हथियार का पूजा करते हैं ठीक वैसे ही किसान अपने औजार की पूजा करते हैं।

नई दिल्ली। देश में मुख्य विपक्षी पार्टी कांग्रेस इस समय केंद्र सरकार पर हमलावर है। कांग्रेस के पास किसान बिल वजह है जिसके विरोध में पंजाब से हर रोज तस्वीरें आती हैं। लेकिन दो दिन पहले इंडिया गेट से एक तस्वीर आई जिसमें कुछ लोग ट्रैक्टर को जलाते हुए नजर आए। अब वो ट्रैक्टर सियासत के केंद्र में है। पीएम मोदी जब उत्तराखंड को सौगात दे रहे थे तो इशारों इशारों में कांग्रेस पर निशाना साधते हुए कहा कि भारतीय संस्कृति में तो किसान कृषि औजारों की पूजा करते हैं। कम से कम उसे जलाते नहीं। अब रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने भी कांग्रेस पर निशाना साधा है। 

रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह ने कांग्रेस पर साधा निशाना
फार्म बिल (अब कानून) के विरोध में एक ट्रैक्टर जला दिया गया था। जिस तरह एक सैनिक अपने हथियारों का सम्मान करता है, उसी तरह एक किसान अपने ट्रैक्टर और कृषि उपकरण का सम्मान करता है। कोई भी किसान ट्रैक्टर जलाने की अनुमति नहीं देगा। यह एक राजनीतिक दल ने अपने लाभ के लिए किया है। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में विरोध का अधिकार हर एक है लेकिन यह तो देखना होगा कि विरोध के नाम पर हम कहीं लक्ष्मण रेखा को लांघ तो नहीं रहे हैं। 


क्या एक ही ट्रैक्टर को दो बार जलाया गया
कृषि कानून के खिलाफ 20 सितंबर को हरियाणा के अंबाला में कांग्रेस ने प्रदर्शन किया था। उस दौरान एक ट्रैक्टर को विरोध में आग के हवाले किया गया। लेकिन कांग्रेस के विरोधियों का आरोप है कि उसी ट्रैक्टर को दिल्ली लाकर इंडिया गेट पर आग के हवाले कर दिया गया। पुलिस ने उस केस में पांच लोगों को गिरफ्तार किया था। कांग्रेस का कहना है कि कृषि कानूनों से सबसे बड़ी मार छोटे किसानों पर पड़ेगी। यह एक तरह से भारत को गुलाम बनाने की दिशा में एक कदम है हालांकि जब कांग्रेस से सवाल किया जाता है कि क्या वो अपने राज्यों में कृषि कानूनों में बदलाव करेगी तो उसका जवाब साफ नहीं होता है। 

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर