Coronavirus Delhi News, 6 April: दिल्ली में कोरोना के 525 मरीज, 329 तब्लीगी जमात के, 7 की मौत

देश
रामानुज सिंह
Updated Apr 06, 2020 | 22:15 IST

Delhi Coronavirus Latest News UPDATES 6th April: देश की राजधानी दिल्ली में कोरोना वायरस के मामलों में बहुत तेजी से बढ़ोतरी हुई है। यहां पढ़ें दिल्ली से जुड़ा हर अपडेट:

Delhi Corona News in Hindi, Delhi Lockdown
दिल्ली में कोरोना वायरस का असर  |  तस्वीर साभार: PTI
मुख्य बातें
  • देश में कोरोना वायरस के मामले 4000 से पार हो गए हैं
  • दिल्ली में इसके मरीजों की संख्या 500 के पार पहुंच गई है
  • मरने वालों की संख्या मे भी इजाफा हुआ है

नई दिल्ली : देश में कोरोना वायरस के मामलों में लगातार इजाफा हो रहा है। यह संख्या 4000 से पार हो गई है। मृतकों की संख्या भी 109 हो गई है। वहीं देश की राजधानी दिल्ली में संक्रमित लोगों की संख्या बढ़कर 525 हो गई। जबकि एक व्यक्ति की मौत होने से जान गंवाने वालों की संख्या सात हो गई है। 18 लोगों को ठीक होने के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। दिल्ली सरकार के मुताबिक संक्रमित लोगों में 329 वे लोग हैं जिन्होंने पिछले महीने निजामुद्दीन मरकज में आयोजित तब्लीगी जमात के प्रोग्राम में हिस्सा लिया था।

कुल केस- 525,  ठीक हुए- 18,  मौत-7

Coronavirus in Delhi News UPDATES

दिल्ली में कोरोना वायरस के कुल पॉजिटिव केस 525 हो गए हैं, जिसमें तब्लीगी जमात से 329 शामिल हैं, जबकि 7 की मौत हुई है। वहीं दिल्ली राज्य कैंसर संस्थान के एक और डॉक्टर और 11 नर्सिंग अधिकारियों को COVID 19 पॉजिटिव पाया गया है। संस्थान के कुल 2 डॉक्टरों और 16 नर्सिंग अधिकारियों को अब तक कोरोना से संक्रमित पाया गया है।

दिल्ली में कोरोना को 523 केस
दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल ने जानकारी दी कि दिल्ली में कोरोना वायरस के कुल मामलों की संख्या बढ़कर 523 हो गई है। पिछले 24 घंटे में 20 नए मामले सामने आए हैं, जिसमें से 10 तब्लीगी जमात के हैं। एक की मौत हुई है। कुल 7 लोगों की जान जा चुकी है। 25 वेंटिलेटर पर हैं। कुल मामलों में से 330 लोग तब्लीगी जमात से जुड़े हैं। प्रतिदिन लगभग 1000 नमूनों का परीक्षण किया जा रहा है।

मरीजों के लिए 2000 बेड की क्षमता वाला अस्पताल
दिल्ली सरकार ने निर्णय लिया है कि 2000 बेड की क्षमता वाला लोक नायक अस्पताल (जिसमें जी.बी. पंत अस्पताल भी शामिल है) और राजीव गांधी सुपर स्पेशियलिटी अस्पताल जिसमें 450 बेड की सुविधा है, इनको अब केवल कोरोना वायरस मामलों के लिए इस्तमाल किया जाएगा।

AAP सांसद संजय सिंह ने बांटा राशन
दिल्ली में AAP सांसद संजय सिंह ने कोरोना वायरस के बीच जरूरतमंदों को राशन बांटा। संजय सिंह ने कहा कि अब तक हमने 3500 राशन पैकेट बांट चुके हैं, 5000 पैकेट अभी बांटने हैं। हमारा लक्ष्य 25,000 लोगों को राशन बांटना है। इसमें मेरा सिर्फ एक महीने का वेतन है और बाकी सभी दोस्तों का इसमें योगदान है।  

युवा कांग्रेस ने बांटा हिंदू शरणार्थियों को राशन 
दिल्ली में भारतीय युवा कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने मजलिस पार्क में रह रहें  पाकिस्तान के हिंदू शरणार्थियों को राशन बांटा। 

198 लोगों पर FIR दर्ज 
दिल्ली पुलिस ने कहा कि दिल्ली पुलिस द्वारा होम क्वारंटाइन के आदेशों का उल्लंघन करने पर लगभग 198 FIR दर्ज की गईं। ये FIR न केवल पड़ोसियों या परिवार के सदस्यों द्वारा शिकायतों के आधार पर दर्ज की गईं, बल्कि फोन ट्रैकिंग के आधार पर भी दर्ज की गई हैं। 

गौतम गंभीर ने दिल्ली सरकार को दिए 50 लाख रुपए
भाजपा सांसद गौतम गंभीर ने दिल्ली सरकार को MPLAD फंड से 50 लाख रुपए आवंटित किए हैं। इससे पहले भी उन्होंने दिल्ली सरकार को 50 लाख रुपए आवंटित किए थे। 

पॉजिटिव मामलों में से 70 लोगों के संपर्क का पता नहीं
दिल्ली स्वास्थ्य मंत्री सत्येंद्र जैन ने कहा कि केंद्र सरकार ने कहा था कि वे हमें 27,000 PPE किट दे रहे हैं। हमें कल तो नहीं मिली, शायद हमें एक या दो दिन में मिल जाए। साथ ही उन्होंने कहा कि दिल्ली में पाए गए कुल पॉजिटिव मामलों में से 70 लोगों के संपर्क का पता नहीं लगा पाया है। इनमें से कई का कल ही कोरोना टेस्ट पॉजिटिव आया, हम आज शाम तक इसका पता लगा लेंगे।

वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए दिल्ली कैबिनेट की बैठक
दिल्ली मंत्रीपरिषद की बैठक वीडियो कांफ्रेंसिंग के जरिए आज दोपहर 12बजे होगी।

लॉकडाउन का उल्लंघन करने पर 3,500 लोग हिरासत में
कोरोना वायरस संकट के चलते लागू लॉकडाउन का उल्लंघन करने के आरोप में दिल्ली पुलिस ने रविवार को 3,531 लोगों को हिरासत में लिया और 176 से अधिक मामले दर्ज किए। पुलिस द्वारा जारी आंकड़ों के मुताबिक शाम पांच बजे तक भारतीय दंड संहिता की धारा 188 (लोकसेवक के आदेश की अवज्ञा) के तहत 176 मामले दर्ज किए गए। पुलिस ने बताया कि दिल्ली पुलिस अधिनियम की धारा 65 (पुलिस अधिकारियों के तार्किक निर्देशों का लोग अनुपालन करेंगे) का उल्लंघन करने पर 3,531 लोगों को हिरासत में लिया गया, जबकि धारा 66 के तहत 388 वाहनों को जब्त किया गया है। पुलिस ने बताया कि आवाजाही के लिए 782 पास जारी किए गए हैं।

आइसोलेशन का नियम तोड़ने पर 11 लोगों के खिलाफ FIR
दिल्ली के शाहदरा जिले में घर में ही अलग रहने का नियम तोड़ने के आरोप में 11 लोगों के खिलाफ 09 FIR दर्ज की गईं। शाहदरा के पुलिस उपाध्यक्ष दिनेश कुमार गुप्ता ने कहा कि घर में आइसोलेशन में रखे गए लोगों का घर-घर जाकर सत्यापन कराया गया, जिनमें से 11 अपने घर में नहीं मिले। गुप्ता ने बताया कि घर में आइसोलेशन के नियम तोड़ने के आरोप में उनके खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 188 (लोक सेवक के आदेश की अवहेलना करना) के तहत नौ मुकदमे दर्ज किए गए हैं। उन्होंने बताया कि जिले में रविवार को 517 पतों का सत्यापन किया गया। गुप्ता ने बताया कि इससे पहले ऐसे ही मामलें में दो मामले दर्ज किए गए थे।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर