हाथ में हाथ डालकर डोनाल्ड ट्रंप और मेलानिया ट्रंप ने किया ताजमहल का दीदार, गाइड ने दिया था ये सुझाव

देश
आईएएनएस
Updated Feb 24, 2020 | 21:05 IST

Donald Trump Agra Visit: दुनिया के सबसे शक्तिशाली देश के सबसे बड़े नेता अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनके परिवार को ताजमहल दिखाने का मौका गाइड नितिन को मिला। उन्होंने बताई दिलचस्प बातें-

donald trump and melania trump.jpg
डोनाल्ड ट्रंप और मेलानिया ट्रंप  |  तस्वीर साभार: AP

आगरा : अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप अपनी पत्नी मेलानिया ट्रंप के साथ प्यार के प्रतीक ताजमहल का दीदार करने पहुंचे। इस दौरान उन्हें ताजमहल की खूबसूरती और ऐतिहासिक महत्ता की जानकारी देने की जिम्मेदारी गाइड नितिन कुमार सिंह को मिली। ट्रंप को नितिन का साथ खूब भाया और उन्होंने उसके साथ सेल्फी भी खिंचवाई।

दुनिया के सबसे शक्तिशाली देश के सबसे बड़े नेता अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप और उनके परिवार को ताजमहल के बारे में बताने का मौका मिलना अपने आप में बड़ी खुशनसीबी की बात थी। नितिन ने दोनों को ताजमहल के इतिहास और कला स्थापत्य की जानकारी दी। ट्रंप को ताजमहल घुमाने के बाद नितिन ने मीडियाकर्मियों से अपना अनुभव साझा किया। गाइड नितिन ने कहा कि उन्होंने ट्रंप से दो गुजारिश की, जिसमें से एक के लिए उन्होंने मना कर दिया, जबकि दूसरी बात मान ली।

ट्रंप दंपत्ति को ताजमहल घुमाते हुए जब नितिन ने उन्हें डायना बेंच पर बैठने को कहा तो उन्होंने मना कर दिया। इसके बाद वह फव्वारे की ओर चल दिए और यहां पर नितिन ने ट्रंप से एक और गुजारिश की।

उन्होंने ट्रंप को मेलानिया का हाथ पकड़कर चलने को कहा। ट्रंप ने नितिन की यह बात मान ली और अपनी पत्नी मेलानिया का हाथ पकड़कर चलने लगे। दुनिया के अजूबों में शुमार खूबसूरती की मिसाल ताजमहल परिसर में अपनी पत्नी का हाथ थामे ट्रंप करीब 50 से 60 कदम चले।

इसी दौरान ट्रंप व मेलानिया की फोटो खींची गई, जोकि विश्व मीडिया में छा गई। ताजमहल घूमने के दौरान ट्रंप दंपत्ति का आपसी तालमेल भी देखते ही बन रहा था। ऐसा लग रहा था मानो दोनों प्रेम को समर्पित इस इमारत से अपने आपको जोड़कर देख रहे हों।

नितिन ने बताया कि वह ट्रंप व मेलानिया को समय देने के लिए कुछ देर तक उनके साथ न चलते हुए कुछ कदम पीछे चले। नितिन भी बखूबी समझ रहे थे कि ऐसे प्यार भरे माहौल में एक जोड़े को कुछ पल अकेले ही बिताने चाहिए। ताज के दीदार करने के बाद ट्रंप ने नितिन से कहा, थैंक यू। इसके बाद उन्होंने साथ में सेल्फी ली।

Times Now Navbharat पर पढ़ें India News in Hindi, साथ ही ब्रेकिंग न्यूज और लाइव न्यूज अपडेट के लिए हमें गूगल न्यूज़ पर फॉलो करें ।

अगली खबर